MP में फिर बेनकाब हुआ भ्रष्टाचार ! सैलाना का पटवारी रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार, लोकायुक्त ने किया ट्रैप
रतलाम के सैलाना में लोकायुक्त उज्जैन की बड़ी कार्रवाई, सीमांकन के नाम पर 20 हजार की रिश्वत लेते पटवारी कैलाश वडख्या रंगे हाथों गिरफ्तार।
एसीएन टाइम्स @ रतलाम । भ्रष्टाचार के खिलाफ जारी कार्रवाई के तहत लोकायुक्त संगठन उज्जैन ने गुरुवार को सैलाना तहसील में पदस्थ पटवारी कैलाश वड़ख्या (हल्का क्रमांक 26) को 20 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए ट्रैप किया। कार्रवाई महानिदेशक लोकायुक्त योगेश देशमुख के निर्देश और पुलिस अधीक्षक लोकायुक्त उज्जैन आनंद कुमार यादव के मार्गदर्शन में की गई।
आवेदक जितेंद्र पाटीदार (पिता ईश्वरलाल), निवासी ग्राम अडवानिया, तहसील सैलाना ने 10 अप्रैल 2026 को लोकायुक्त कार्यालय उज्जैन में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उसके पिता के नाम पर सैलाना और बागरियों की खेड़ी में करीब 5 हेक्टेयर कृषि भूमि है। भूमि के सीमांकन के लिए 22 जनवरी 2026 को लोकसेवा केंद्र के माध्यम से आवेदन किया गया था, लेकिन लंबे समय तक कार्रवाई नहीं हुई।
पटवारी ने मांगे 30 हजार रुपए
आवेदक के अनुसार, 9 मार्च 2026 को तहसील कार्यालय जाकर संपर्क करने पर संबंधित हल्का पटवारी कैलाश वडख्या ने सीमांकन कराने के बदले रिश्वत की मांग की। इसके बाद 9 अप्रैल को पटवारी खुद आवेदक के घर पहुंचा और 30 हजार रुपए की मांग रखी।
सौदा 20 हजार में तय, 3 हजार पहले ले चुका था
बातचीत के दौरान आरोपी ने 7 हजार रुपए कम कर दिए और 20 हजार रुपए में सौदा तय हुआ। इतना ही नहीं, आरोपी पहले ही 3 हजार रुपए अग्रिम के रूप में ले चुका था।
लोकायुक्त ने किया ट्रैप
शिकायत की तस्दीक के बाद लोकायुक्त टीम ने 16 अप्रैल 2026 को ट्रैप की योजना बनाई। टीम ने तहसील सैलाना के नायब नाजिर कक्ष में आरोपी पटवारी को आवेदक से 20 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया।
कार्रवाई में शामिल टीम
इस कार्रवाई में निरीक्षक राजेंद्र वर्मा, प्रधान आरक्षक हितेश ललावत, आरक्षक विशाल रेशमिया, उमेश और श्याम शर्मा शामिल रहे।




