श्री गुरु तेग बहादुर एकेडमी में हुआ वार्षिक खेल उत्सव का भव्य आयोजन, मंत्री चेतन्य काश्यप ने कहा- नए आयाम स्थापित कर रही एकेडमी
श्री गुरु तेग बहादुर एकेडमी का वार्षिक खेल उत्सव कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप के मुख्य आतिथ्य में आयोजित हुआ। विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए गए।

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । श्री गुरु तेग बहादुर एकेडमी अपनी स्थापना का रजत जयंती वर्ष मना रहा है। इसके चलते अरविंद मार्ग स्थित श्री गुरु तेग बहादुर एकेडमी परिसर में वार्षिक खेल उत्सव-2025 मनाया गया। मुख्य अतिथि मध्यप्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप रहे। विशेष अतिथि महापौर प्रहलाद पटेल एवं भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय विशेष रूप से उपस्थित थे।
कार्यक्रम का शुभारंभ कैबिनेट मंत्री काश्यप द्वारा ध्वजारोहण एवं मार्चपास्ट की सलामी लेकर किया गया। ध्वज फहराते ही मैदान देशभक्ति और हर्ष ध्वनि से गूंज उठा। स्वागत उद्बोधन संस्था प्राचार्य डॉ. रेखा शास्त्री ने दिया। समिति अध्यक्ष सरदार गुरनाम सिंह डंग ने कहा कि विद्यालय बच्चों में शिक्षा, संस्कार एवं स्वास्थ्य के प्रति विशेष ध्यान रखकर कार्य योजना बनाता है व उसे क्रियान्वित करता है। जो बच्चे खेल में भाग लेते हैं व श्रेष्ठ प्रदर्शन करते हैं वे विद्यार्थी पढ़ाई में भी श्रेष्ठ प्रदर्शन करते हैं तथा सभी गतिविधियों में अग्रणी रहते हैं। बच्चों को मानसिक कसरत के साथ-साथ शारीरिक कसरत भी करना चाहिए जिससे वे शारीरिक व दिमागी रूप से चुस्त दुरस्त रहेंगे।
शिक्षा के साथ संस्कार देने की जवाबदारी निभा रहा स्कूल- काश्यप
मंत्री चेतन्य काश्यप ने कहा कि श्री गुरु तेग बहादुर शैक्षणिक विकास समिति की समाज के प्रति समर्पण भावना है तथा वह बच्चों को मुख्य धारा में लाकर अच्छी शिक्षा देकर भावी पीढ़ी तैयार कर रहे हैं। समिति नौनिहालों को शिक्षा के साथ खेलों में भी उत्कृष्ट अवसर प्रदान कर रही है। खेल एक ऐसा सशक्त माध्यम है जो चरित्र, शारीरिक और मानसिक विकास को नई दिशा देता है। उन्होंने कहा कि समिति शिक्षा के क्षेत्र में नित नए आयाम स्थापित कर रही है और भविष्य में यह संस्था रतलाम ही नहीं, पूरे प्रदेश का गौरव बनेगी। बच्चों में शिक्षा के साथ-साथ संस्कार दिए जाना आवश्यक है यह जवाबदारी स्कूल बेहतर तरीके से निभा रहा है।
मंत्री ने कहा कि 46 साल पहले स्कूल समिति की स्थापना (स्व.) सरदार राजेंद्र सिंह डंग एवं समिति ने की थी। सन् 2001 में श्री गुरु तेग़ बहादुर एकेडमी की स्थापना तत्कालीन अध्यक्ष (स्व.) सरदार हरदयाल सिंह वाधवा व समिति ने की जिसे बाद में सिख समाज के अन्य लोगों ने आगे बढ़ाया। वर्तमान में अध्यक्ष गुरनाम सिंह एवं उनकी समिति यह कार्य बेहतर तरीके से कर रही है। भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय ने कहा कि खेलों में श्रेष्ठ प्रदर्शन स्कूल की प्रगति का आइना है।
मलखंभ, योगासन का प्रदर्शन किया
इस अवसर पर मंत्री चेतन्य काश्यप ने विद्यार्थियों को प्रदान की जाने वाली ट्रॉफी, मेडल एवं स्मृति चिह्न का अनावरण किया। एनसीसी के कैडेट्स ने रजत जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में विशेष परेड प्रस्तुत की। विद्यार्थियों ने मलखंभ, योगासन तथा ‘फाइव एलिमेंट्स’ शीर्षक पर ओलंपियन बलबीर सिंह के जीवन चरित्र पर आधारित शानदार प्रस्तुति दी, जिसे सभी अतिथियों और अभिभावकों ने सराहा।
इन्होंने किया अतिथियों का स्वागत
अतिथियों का स्वागत संस्था अध्यक्ष गुरनाम सिंह डंग, सचिव अजीत छाबड़ा, उपाध्यक्ष हरजीत सिंह चावला, कोषाध्यक्ष देवेंद्र सिंह वाधवा, स्पोर्ट्स कन्वीनर सुरेंद्र सिंह भामरा, समिति के सतपाल सिंह डंग, हरजीत सिंह सलूजा, गगनदीप सिंह डंग, धर्मेंद्र गुरुदत्ता, गुरविंदर खालसा, कुलवंत सग्गू, प्राचार्य डॉ. रेखा शास्त्री, प्रधानाध्यापिका कविता कुंवर, सरला माहेश्वरी व फहीम खान ने किया। समिति ने मंत्री काश्यप का शाल-श्रीफल व स्मृति चिह्न देकर सम्मान किया। समापन सत्र में विजयी खिलाड़ियों को मेडल एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। स्कूल के प्रथम बैच के विद्यार्थियों को सुदेश कपूर ने सम्मानित किया। पूर्व विद्यार्थियों द्वारा बनाई गई सामाजिक संस्था कर्तव्य फाउंडेशन के सदस्यों का भी समिति ने स्वागत किया। आतिशबाजी भी की गई। संचालन सीमा भाटी ने व आभार प्रदर्शन हेडमिस्ट्रेस कविता कुंवर ने किया।
ये रहे विजेता
सब जूनियर बालिका वर्ग : चहेती वड़ख्या
जूनियर बालिका वर्ग : क्रीमसी मूणत
सीनियर बालिका वर्ग : आराध्या राजपुरोहित
सब जूनियर बालक वर्ग : श्रेय यादव
जूनियर बालक वर्ग : दक्ष पाठक
सीनियर बालक वर्ग : जय आदित्य सिंह राठौर
सर्वश्रेष्ठ मार्चपास्ट : भास्कर हाउस
ओवरऑल चैंपियनशिप ट्रॉफी : आर्यभट्ट हाउस और रोहिणी हाउस
ये उपस्थित रहे
कार्यक्रम में ज्ञानी मानसिंह, श्री गुरु सिंहसभा के प्रधान अवतार सिंह, श्री रामदास गुरुद्वारा के प्रधान कश्मीर सिंह, समाजसेवी विम्पी छाबड़ा, भाजयुमो अध्यक्ष विप्लव जैन, मुकेश जैन सहित बड़ी संख्या में अभिभावक, विद्यार्थी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। राष्ट्रगान के साथ समापन हुआ।