रतलाम जिले के 29 हजार किसानों को मिला मुख्यमंत्री कृषक ब्याज माफी योजना का लाभ, 60  करोड़ 16 लाख रुपए का ब्याज हुआ माफ

 मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान मंगलवार को किसानों को मुख्यमंत्री कर्ज माफी योजना का लाभ अंतरित किया। रतलाम जिले के किसानों को 60 करोड़ रुपए से अधिक का लाभ दिया।

रतलाम जिले के 29 हजार किसानों को मिला मुख्यमंत्री कृषक ब्याज माफी योजना का लाभ, 60  करोड़ 16 लाख रुपए का ब्याज हुआ माफ
किसान कल्याण महाकुंभ को संबोधित करते केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री प्रो. एस.पी.एस. बघेल।

पीएम फसल बीमा में 123 करोड़ एवं किसान कल्याण योजना में 34 करोड़ का लाभ भी मिला, मुख्यमंत्री चौहान ने सिंगल क्लिक से अंतिरत की राशि

एसीएन टाइम्स @ रतलाम  प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने मंगलवार को राज्य स्तरीय कार्यक्रम द्वारा प्रदेश के लाखों किसानों को योजनाओं के लाभ प्रदान किए। इस दौरान मुख्यमंत्री कृषक ब्याज माफी योजना के अंतर्गत रतलाम जिले के 29 हजार 64  किसानों को 60 करोड़ 16 लाख से अधिक का ब्याज माफी लाभ प्रदान किया। इसी प्रकार प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना अंतर्गत जिले के 2 लाख से अधिक किसानों को लगभग 123 करोड़ रुपए दावा राशि का लाभ प्रदान किया गया। मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना अंतर्गत जिले के पौने दो लाख से अधिक किसानों को 34 करोड़ का लाभ प्रदान किया।

कार्यक्रम रतलाम की कृषि उपज मंडी परिसर में आयोजित हुआ। मुख्य अतिथि केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री प्रो. एस.पी.एस. बघेल थे। उन्होंने कहा कि रतलाम जिले के किसान कल्याण महाकुंभ के माध्यम से प्रधानमंत्री फसल बीमा, मुख्यमंत्री कृषक ब्याज माफी योजना तथा मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना के माध्यम से लाखों की संख्या में लाभान्वित हुए है। किसानों को चाहिए कि ज्यादा लाभ प्राप्त करने के लिए परम्परागत खेती के साथ-साथ जैविक खेती, फल-फूल, मुर्गीपालन, मछली पालन के साथ ही अन्य वैज्ञानिक खेती पर ध्यान देवे। बरसात के पानी पर निर्भर न रहते हुए स्प्रिंकलर तथा ड्रिप एरिगेशन पद्धति को अपनाकर खेती को मुनाफे की खेती में तब्दील करें।

मप्र के किसानों को सफेद मूलसी की खेती करना चाहिए

केंद्रीय मंत्री बघेल ने इस मौके पर कहा कि किसानों को खेती के साथ-साथ बच्चों की शिक्षा पर भी ध्यान देना चाहिए। किसान की एक निगाह खेत पर और एक निगाह बच्चों की शिक्षा पर होना चाहिए। आपने कहा कि म.प्र. के मुख्यमंत्री वास्तविक अन्त्योदय पर कार्य कर रहे हैं। उनके नेतृत्व में किसानों का हर प्रकार से ध्यान रखा जा रहा है। अंतिम पायदान पर खड़े किसान को भी इसका लाभ प्राप्त हो रहा है। प्रो. बघेल ने कहा कि किसानों को सफेद मूसली की खेती करना चाहिए। सफेद मूसली की उपज को आयुर्वेदिक कम्पनियां सीधे कृषकों से क्रय करती हैं। सांसद ने भी संबोधित किया। उन्होंने बताया कि किसानों की सबसे ज्यादा चिंता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तथा मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान कर रहे हैं। खेती के साथ-साथ जैविक खेती पर भी ध्यान दें। साथ ही कृषि कार्य में अनुसंधान भी करते रहे। अगर अनुसंधान नहीं करेंगे तो पिछड जाएंगे।

किसानों का स्थायी समाधान किया जा रहा है- विधायक काश्यप

शहर विधायक चेतन्य काश्यप ने कहा मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान द्वारा किसान हितैषी योजनाओं को लागू कर किसानों की समस्याओं का स्थायी निराकरण किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के तहत लाड़ली बहनों को 3 हजार रुपए तक राशि देने की बात कही है। मुख्यमंत्री की कार्य पद्धति से किसान लाभान्वित हो रहे हैं।

इस अवसर पर शहर विधायक चेतन्य काश्यप, ग्रामीण विधायक दिलीप मकवाना, सीईओ जिला पंचायत जमुना भिड़े, सांसद प्रतिनिधि बद्रीलाल पाटीदार,  हरिराम शाह,  सुरेश पाटीदार, बद्रीलाल चौधरी, उपसंचालक कृषि विजय चौरसिया,  आलोक जैन,  सुनील कुमार, मण्डी सचिव त्रिलोक वास्कले सहित कृषक उपस्थित थे। ग्रामीण विधायक दिलीप मकवाना ने भी संबोधित किया। संचालन पंचायत समन्वयक धन्नालाल फुलेरिया ने किया।