जल गंगा संवर्धन : जल संरक्षण के लिए सभी आमजन आगे आएं, इसके लिए व्यापक जन सहभागिता अत्यंत जरूरी- कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप

रतलाम में चले जल गंगा संवर्धन अभियान का समारोहपूर्वक समापन हो गया। इस दौरा कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप सहित सभी अतिथियों ने यह अभियान निरंतर जारी रखने की बात कही।

जल गंगा संवर्धन : जल संरक्षण के लिए सभी आमजन आगे आएं, इसके लिए व्यापक जन सहभागिता अत्यंत जरूरी- कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप
जल गंगा संवर्धन अभियान का समारोहपूर्वक समापन।

चित्रकला व निबंध प्रतियोगिता के विजेता हुए पुरस्कृत

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । जल संरक्षण तथा जल संवर्धन के अपेक्षित परिणामों हेतु व्यापक जनसहभागिता अत्यंत आवश्यक है। नागरिकों को जोड़कर सभी पार्षद, जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी जल संरक्षण हेतु सकारात्मक वातावरण लगातार बनाए रखें। प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा संचालित जल गंगा संवर्धन अभियान मानव जीवन के लिए जल संरक्षण, जल संवर्धन की दिशा में अत्यंत महत्वपूर्ण है।

यह बात प्रदेश के सूक्ष्म, लघु, मध्यम उद्यम मंत्री चेतन्य काश्यप ने रतलाम नगर निगम द्वारा आयोजित जल गंगा संवर्धन अभियान के समापन तथा गंगा दशमी पर्व पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कही। इस अवसर पर सांसद अनीता नागर सिंह चौहान, प्रदीप उपाध्याय, निगम अध्यक्ष मनीषा शर्मा, मनोहर पोरवाल, पार्षद भगतसिंह भदौरिया, गोविंद काकानी, निगम आयुक्त हिमांशु भट्ट, कार्यपालन यंत्री जी. के. जायसवाल, सहायक यंत्री अनवर कुरैशी सहित पार्षद, जनप्रतिनिधि तथा आमजन उपस्थित थे। स्थानीय कालिका माता मंदिर परिसर में आयोजित कार्यक्रम में उज्जैन में राज्य स्तरीय कार्यक्रम से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के उद्बोधन का सीधा प्रसारण देखा व सुना गया।

लोगों की सोच में परिवर्तन आना जरूरी

मंत्री काश्यप ने कहा कि आज भूमिगत जलस्तर नीचे जा रहा है जो चिंता की बात है। आज रतलाम शहर में प्रति व्यक्ति जल खपत लगभग 150 से 175 लीटर प्रतिदिन की है। इन तथ्यों पर शहर की आबादी के मान से विचार करते हुए हमें अपने भूमिगत जल भंडारों को पुनः भरना है। इसके लिए रूफ वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम को सभी मिलकर अभियान के रूप में अपनाएं। हमें यह भी सोचना होगा कि जल स्रोतों में गंदगी आती क्यों है, इस गंदगी को रोकने के लिए जनजागरण बहुत जरूरी है। लोगों की सोच में परिवर्तन आना चाहिए। रतलाम शहर के कुओं, बावड़ियों की लगातार सफाई होती रहे, उनकी निरंतर देखभाल चलती रहे। काश्यप ने बताया कि रतलाम औद्योगिक निवेश क्षेत्र के लिए सवा तीन सौ करोड़ रुपए का टेंडर हो चुका है जो महत्वाकांक्षी विकास की दिशा में अत्यंत महत्वपूर्ण कदम है।

सीएम राइज विनोबा स्कूल को नवाचार के कारण मिली सफलता

मंत्री काश्यप ने रतलाम शहर के सी. एम. राइस विनोबा स्कूल के विश्व के टॉप-10 स्कूलों में सम्मिलित होने की उपलब्धि की चर्चा करते हुए विद्यालय के प्राचार्य, उपप्राचार्य तथा समस्त स्टाफ को बधाई भी दी। उन्होंने कहा कि स्कूल द्वारा किए जा रहे नवाचारों के कारण यह संभव हुआ है। हमें जल संरक्षण, जल संवर्धन के क्षेत्र में भी सकारात्मक वातावरण रखते हुए  जनजागरूकता तथा सबके समन्वय से नवाचार अपनाते हुए कार्य करना होगा तभी अपेक्षित परिणाम मिलेंगे।

निरंतर जारी रहना चाहिए जल संरक्षण व संवर्धन का अभियान- अनीता चौहान

सांसद अनीता नागर सिंह चौहान ने कहा कि सबको मिलकर पानी बचाना है। जल संरक्षण, जल संवर्धन अभियान निरंतर जारी रहना चाहिए। हमें जल संरक्षण तथा स्वच्छता के लिए अपने जीवन में छोटी-छोटी अच्छी आदतों को सदैव अपनाना चाहिए। हमें चाहिए कि पहले हम स्वयं अपने जीवन में अच्छी आदतों को अपनाएं, उसके बाद अन्य व्यक्तियों को भी प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि माता, बहनें अपने घरों में पानी बचाने के लिए सदैव संकल्पित रहें। जल गंगा संवर्धन अभियान हमारे प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का अभिनव कार्य है।

पूर्वजों की स्मृति, जन्मदिन व विवाह समारोह में लगाएं पौधार- प्रदीप उपाध्याय

भाजपा जिल अध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय ने कहा कि जल गंगा संवर्धन अभियान का उद्देश्य जल स्रोतों, जल संरचनाओं की सफाई और उनको सुरक्षित रखना है, उनका उन्नयन करना है। जनजागृति के साथ हम जल स्रोतों को सुरक्षित रखें स्वच्छ रखें। निगम अध्यक्ष मनीषा शर्मा ने कहा कि नगर निगम के माध्यम से जल गंगा संवर्धन अभियान के दौरान लगातार रतलाम शहर के कुओं, बावड़ियों की सफाई तथा संरक्षण का कार्य किया गया है। हमारे शहर की इन धरोहरों को महत्वपूर्ण रूप से संरक्षित करने का कार्य इस अभियान में संपन्न हुआ है जो आगे भी जारी रहेगा। हम शहर को हरा भरा तथा स्वच्छ बनाने का संकल्प लें, हर व्यक्ति कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए अपने पूर्वजों की स्मृति, जन्म समारोह या विवाह समारोह आदि अवसरों पर पौधा लगाया जाए।

5 लाख पौधे लगेंगे शहर में- हिमांशु भट्ट

प्रारंभ में निगम आयुक्त हिमांशु भट्ट ने स्वागत उद्बोधन देते हुए बताया कि इस वर्षा के मौसम में शहर में शासन के निर्देशानुसार 5 लाख पौधे लगाए जाएंगे। इसके लिए नगर निगम द्वारा गूगल लिंक जारी की जा रही है। इसके माध्यम से आम नागरिकों को निःशुल्क पौधा उपलब्ध करवाया जाएगा जिससे कि जनसहभागिता द्वारा शहर में पौधारोपण का लक्ष्य हासिल किया जा सकेगा।

चित्रकला एवं निबंध प्रतियोगिता के विजेता हुए पुरस्कृत

8 जून रविवार को शासकीय कला एवं विज्ञान महाविद्यालय में जल व पर्यावरण संरक्षण विषय पर आधारित चित्रकला एवं निबंध प्रतियोगिता के विजेताओं को अतिथियों द्वारा प्रशस्ति पत्र, नगद राशि व मोमेन्टो से सम्मानित किया। जूनियर वर्ग चित्रकला प्रतियोगिता में नफीसा बानो प्रथम, सौम्यता चौहान द्वितीय, प्रांजल पवांर तृतीय, सीनीयर वर्ग में निखिल शर्मा प्रथम, अनीता पाटीदार द्वितीय, चंचल पांचाल तृतीय तथा निबंध प्रतियोगिता मे रितिका प्रथम, जयदीप गुर्जर द्वितीय व कीर्ति राजगुरू ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। अतिथियों द्वारा झाली तालाब में के अन्दर खुले स्थान पर सजाई गई रांगोली पर दीप प्रज्जवलन किया गया। मां गंगा पर आधारित नृत्य नाटिका को देखा व सुना।

ये उपस्थित रहे

मनोहर पोरवाल, सुनील सारस्वत, मंडल अध्यक्ष मयूर पुरोहित, भाजपा जिला कार्यालय मंत्री मनोज शर्मा, गोविन्द काकानी, प्रवीण सोनी, नेता पक्ष जलकार्य एवं सीवरेज समिति प्रभारी भगतसिंह भदौरिया, महापौर परिषद सदस्य मनोहरलाल राजू सोनी, रामू डाबी, पार्षद शक्तिसिंह राठौर, रणजीत टांक, प्रीति कसेरा, हिना मेहता, अनीता वसावा, पूर्व महापौर परिषद सदस्य पवन सोमानी, शेरू पठान, संजय कसेरा के अलावा निगम अधिकारी, कर्मचारी सहित बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे। संचालन आशीष दशोत्तर ने किया। आभार स्वास्थ्य अधिकारी ए. पी. सिंह ने माना।

हनुमान ताल व झाली तालाब की सफाई की

समापन समारोह से पूर्व हनुमान ताल व झाली तालाब की सफाई की गई। इस दौरान क्षेत्रिय पार्षद निशा सोमानी, दीपक राजपुरोहित, अरविन्द मिश्रा, श्यामसुन्दर भाटी, लक्ष्मण सोनी, बद्रीलाल प्रजापति, अखिलेश ओझा, राजवर्धन सिंह, संजय पाण्डेय सहित अन्य ने श्रमदान किया।