Covid Alert ! कोरोना के नए वेरिएंट KP.1 और KP.2 की भारत में दस्तक, सबसे ज्यादा मामले पश्चिम बंगाल में, सिंगापुर में कहर बरपा चुका है यह वेरिएंट

सिंगापुर में कहर बरपाने वाले कोराना के वेरिएंट KP.2 और KP.1 ने भारत में पैर पसारने शुरू कर दिए हैं। सबसे ज्यादा मामले पश्चिम बंगाल में सामने आए हैं।

Covid Alert ! कोरोना के नए वेरिएंट KP.1 और KP.2 की भारत में दस्तक, सबसे ज्यादा मामले पश्चिम बंगाल में, सिंगापुर में कहर बरपा चुका है यह वेरिएंट
कोरोना के नए वेरिएंट की भारत में दस्तक।

एसीएन टाइम्स @ नई दिल्ली । भारत में कोविड (कोरोना) के नए दो नए वेरिएंट की आमद हो चुकी है। ये वेरिएंट सिंगापुर में कहर बरपा चुके हैं। इसके बावजूद भारत के केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने इसे लेकर चिंतित नहीं होने की बात कही है। ये वेरिएंट जेएन1 के ही उपप्रकार बताए गए हैं।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के सूत्रों के अनुसार कोविड का नया वेरिएंट केपी.2 और केपी.1 भारत में पैर पसार रहा है। अब तक केपी.2 के 290 मामले जबकि केपी.1 के 34 मामले देश में सामने आए हैं। मंत्रालय के अनुसार कोविड के नए वेरिएंट से अस्पताल में भर्ती होने और गंभीर मामलों में किसी प्रकार की वृद्धि दर्ज नहीं की गई है।

यही वजह है कि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि केपी.2 और केपी.1 से घबराने की कोई जरूरत नहीं है। चिंता की कोई बात नहीं है। इसमें उत्परिवर्तन तेज गति से होता रहेगा। यह SARS-CoV2 जैसे वायरस का प्राकृतिक व्यवहार है। फिर भी एहतियात के तौर पर INSACOG संवेदनशीलता बरत रही है और मॉनिटरिंग कर रही है। यह किसी भी नए वेरिएंट को पकड़ने में सक्षम। वायरस के कारण बीमारी की गंभीरता जांचने और किसी भी प्रकार के बदलाव का पता लगाने के लिए अस्पतालों से नमूने लिए जाने की व्यवस्था भी है। 

सबसे ज्यादा मामले पश्चिम बंगाल में

भारतीय SARS-CoV-2 जीनोमिक्स कंसोर्टियम (INSACOG) द्वारा संकलित आंकड़ों के असार केपी.1 के मामले सात राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में पाए गए हैं। सबसे ज्यादा 23 मामले पश्चिम बंगाल में जबकि महाराष्ट्र में 4, गुजरात व राजस्थान में 2-2, उत्तराखंड, हरियाणा तथा गोवा में 1-1 मामला सामने आया है। इसी तरह केपी.2 के सबसे ज्यादा 148 केस महाराष्ट्र में आए। पश्चिम बंगाल में 36, गुजरात में 23, राजस्थान में 21, ओडिशा में 17, उत्तराखंड में 16, गोवा में 12, उत्तर प्रदेश में 8, कर्नाटक में 4, हरियाणा में 3 व दिल्ली और मध्य प्रदेश में 1-1 केस सामने आया है। 

सिंगापुर में बरपा रहा कहर

सिंगापुर में कोविड-19 की नई लहर देखने को मिल रहा है। जानकारी के अनुसार यहां 5 से 11 मई के दौरान 25 हजार 900 से ज्यादा मामले सामने आए। इनमें केपी.1 और केपी.2 दो-तिहाई से अधिक मामले हैं। वैज्ञानिकों का कहना है कि COVID-19 वैरिएंट अभी भी JN.1 और इसके सब-टाइप हैं जिनमें केपी.1 और केपी.2 भी शामिल हैं। ये दोनों ही एक समूह से संबंधित हैं। इन्हें 'FLiRT' उपनाम भी दिया गया है। FLiRT में सभी स्ट्रेन जेएन.1 वेरिएंट के वंशज हैं, जो ओमिक्रॉन वेरिएंट की ही एक शाखा है। बता दें कि, केपी.2 को डब्ल्यूएचओ ने निगरानीधीन वेरिएंट के रूप में वर्गीकृत किया था।