कांग्रेस में फूटा ‘चिट्ठी बम’ : शहर अध्यक्ष के खिलाफ ब्लॉक अध्यक्ष ने लगाए ये गंभीर आरोप, कहा- मैं ऐसे व्यक्ति के साथ काम नहीं कर सकता

रतलाम शहर कांग्रेस अध्यक्ष एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गए हैं। शहर के ही एक ब्लॉक अध्यक्ष का एक माह पूर्व लिखा गया एक पत्र अब वायरल हो रहा है जिसमें उन्होंने शहर अध्यक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

Apr 4, 2023 - 00:18
Apr 4, 2023 - 02:04
 0
कांग्रेस में फूटा ‘चिट्ठी बम’ : शहर अध्यक्ष के खिलाफ ब्लॉक अध्यक्ष ने लगाए ये गंभीर आरोप, कहा- मैं ऐसे व्यक्ति के साथ काम नहीं कर सकता
शहर ब्लॉक अध्यक्ष विजय सिंह विरुद्ध शहर कांग्रेस अध्यक्ष महेंद्र कटारिया।

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । रतलाम की राजनीति में कुछ भी अच्चा नहीं चल रहा है, चाहे वह भाजपा हो या फिर कांग्रेस। कल भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने अपने क्षेत्रीय संगठन मंत्री के सामने जिला अध्यक्ष के खिलाफ नाराजगी जताई तो आज कांग्रेस में एक चिट्ठी बम फूट गया। शहर कांग्रेस के एक ब्लॉक अध्यक्ष ने प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ को खिला एक पत्र वायरल हुआ है। इसमें ब्लॉक अध्यक्ष ने शहर कांग्रेस अध्यक्ष के खिलाफ कई गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने लिखा है कि वे ऐसे व्यक्ति के साथ काम नहीं कर सकते हैं।

कांग्रेस के प्रदेश हाईकमान को पत्र लिखने वाले ब्लॉक अध्यक्ष विजय सिंह चौहान हैं। चौहान द्वारा लिखा गया पत्र सोशल मीडिया में आया है। पत्र शहर के दोनों ही ब्लॉक और उप ब्लॉक में नई नियुक्तियां होने के बाद सामने आया है। इस पत्र में चौहान द्वारा रतलाम शहर कांग्रेस अध्यक्ष महेंद्र कटारिया की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करते हुए अपने पद से इस्तीफा देने की पेशकश की गई है।

विजयसिंह ने लिखा है कि कांग्रेस पार्टी ने विजयसिंह चौहान की पत्नी को नगर निगम चुनाव में पार्षद का टिकट दिया। वह चुनाव जीत कर पार्षद भी बनी। लेकिन नगर निगम चुनाव के बाद ब्लाक अध्यक्ष विजयसिंह चौहान अलग थलग पड़ गए। इसका खुलासा करते हुए उनके द्वारा 28 फरवरी पत्र में बताया है कि शहर कांग्रेस अध्यक्ष कटारिया की कार्यप्रणाली केवल मीडिया मैनेजमेंट पर आधारित है। जमीनी धारातल पर कुछ भी नहीं है।

अपने चहेतों को दे दिए टिकट इसलिए निगम चुनाव में हारी कांग्रेस !

चौहान आरोप है कि शहर अध्यक्ष ने निगम चुनाव में कई वार्डों में अपने चहेते लोगों को टिकट दे दिए जबकि उन वार्डों में कांग्रेस के जीतने वाले उम्मीदवार भी थे। इस कारण ही कांग्रेस कई वार्डों में हार गई। चौहान ने पत्र में लिखा है कि जमीनी कार्यकर्ताओं की उपेक्षा करने वाले ऐसे शहर अध्यक्ष के साथ वे काम नहीं कर सकते हैं, इसलिए वे ब्लॉक अध्यक्ष पद से इस्तीफा देते हैं।

जानिए, कौन हैं विजय सिंह

विजय सिंह चौहान शहर कांग्रेस के ब्लॉक 1 के अध्यक्ष पद पर काबिज थे। उन्होंने बहन और पत्नी के लिए शहर के दो अलग-अलग वार्डों से कांग्रेस से टिकट मांगे थे। उन्हें टकट के लिए काफी मशक्कत करना पड़ी। पूर्व सांसद मीनाक्षी नटराजन के निकट माने जाने वाले चौहान की पत्नी को वार्ड क्रमांक 33 से टिकट मिला जहां से वे विपरीत परिस्थिति होते हुए भी विजयी रहीं। बता दें कि विजय सिंह शहर कांग्रेस अध्यक्ष महेंद्र कटारिया की टीम के ही सदस्य रहे हैं। कटारिया जब एनएसयूआई में थे तब दूसरे गुट को तवज्जो मिलने पर उन्होंने यूथ फोरम नामक संगठन बनाया था, विजय सिंह भी इस संगठन में रहे। हालांकि बाद में राजनीतिक उपेक्षा के चलते दूरियां बढ़ती चली गईं जो पार्षद पद के टिकट वितरण के दौरान कुछ ज्यादा ही नजर आई।

अभी इनकी हुई नियुक्ति

सोहेल काजी, वीरेंद्र प्रताप सिंह, गणेश यादवध

रतलाम शहर कांग्रेस के ब्लॉक और उप ब्लॉक अध्यक्षों की नियुक्ति हाल ही में प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा की गई है। ब्लॉक के अध्यक्ष वीरेंद्र प्रताप सिंह, ब्लॉक 2 के बसंत पंड्या, उप ब्लॉक 3 के गणेश यादव तथा उप ब्लॉक 4 के अध्यक्ष सोहेल काजी बनाए गए हैं। पदाधिकारियों ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष कमलनाथ, कांतिलाल भूरिया, प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. विक्रांत भूरिया, प्रभारी अमिताभ मंडलोई आदि का आभार व्यक्त किया है।

Niraj Kumar Shukla 1994 से अब तक पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। इस दौरान सांध्य दैनिक 'रतलाम दर्शन' और हिंदी दैनिक 'साभार दर्शन', 'चेतना', 'नवभारत' और 'दैनिक भास्कर' सहित विभिन्न समाचार-पत्रों और पत्रिकाओं में पूर्णकालिक संवाददाता, उप-संपादक और समाचार संपादक जैसे दायित्वों का निर्वहन किया। हिंदी ब्लॉगर और स्वतंत्र लेखन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहते हुए वर्तमान में समाचार पोर्टल www.acntimes.com के मुख्य संपादक के दायित्व में। वर्ष 2011 से अब तक मप्र सरकार से राज्य स्तरीय अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार। पत्रकारिता में आने से पूर्व और बाद के कुछ वर्षों तक अध्यापन भी किया।