गणतंत्र दिवस सलिब्रेशन : रतलाम में एमएसएमई मंत्री चेतन्य काश्यप करेंगे गणतंत्र दिवस के मुख्य समारोह में झंडावंदन, शाम को भारत पर्व का आयोजन भी होगा

रतलाम गणतंत्र दिवस पर मुख्य समारोह कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप के मुख्य आतिथ्य में होगा। वहीं भाजपा कार्यालय में होने वाले कार्यक्रम में ध्वजवंदन जिला अध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय करेंगे।

गणतंत्र दिवस सलिब्रेशन : रतलाम में एमएसएमई मंत्री चेतन्य काश्यप करेंगे गणतंत्र दिवस के मुख्य समारोह में झंडावंदन, शाम को भारत पर्व का आयोजन भी होगा
गणतंत्र दिवस सेलिब्रेशन।

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । गणतंत्र दिवस (26 जनवरी) के अवसर पर मुख्य समारोह रतलाम के नेहरू स्टेडियम (पोलोग्राउंड) पर आयोजित होगा। यहां मुख्य अतिथि प्रदेश के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री चेतन्य काश्यप ध्वजवंदन कर परेड की सलामी लेंगे।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि का आगमन प्रातः 8:58 बजे होगा। प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के संदेश का वाचन मुख्य अतिथि मंत्री काश्यप करेंगे। मुख्य समारोह में मार्च पास्ट, सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा शासकीय विभागों द्वारा झांकियों का प्रदर्शन किया जाएगा। मुख्य अतिथि काश्यप द्वारा जिले के उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों को पुरस्कृत, सम्मानित किया जाएगा।

भारत पर्व के तहत होंगी विभिन्न प्रस्तुतियां

गणतंत्र दिवस की संध्या पर रतलाम में लोकतंत्र के लोक उत्सव भारत पर्व का आयोजन होगा। स्थानीय कालिका माता परिसर स्थित सांस्कृतिक मंच पर शाम 7.00 बजे से आयोजित होने वाले भारत पर्व कार्यक्रम में देवास की तनु पराग द्वारा गायन तथा रविन्द्र कुमार द्वारा कांगडा लोकनृत्य की प्रस्तुति दी जाएगी। इसके अलावा जिला जनसंपर्क कार्यालय रतलाम द्वारा शासन की योजनाओं, कार्यक्रमों की उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनी भी आयोजित की जाएगी।

भाजपा कार्यालय पर जिलाध्यक्ष उपाध्याय करेंगे झंडावंदन

गणतंत्र दिवस पर भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय पर ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित होगा। इसमें भाजपा जिलाध्यक्ष के रूप मे प्रदीप उपाध्याय पहली बार झंडावंदन करेंगे। जिला मीडिया प्रभारी अरुण त्रिपाठी ने बताया कि ध्वजवंदन कार्यक्रम सुबह 08:00 बजे आयोजित होगा। जिलाध्यक्ष के रूप में उपाध्याय 26 जनवरी को अपना एक वर्षीय कार्यकाल भी पूर्ण करेंगे। बीते वर्ष 26 जनवरी की शाम उन्हें जिलाध्यक्ष नियुक्त किया गया था। झंडावंदन कार्यक्रम में भाजपा के जिला, मंडल मोर्चा एवं प्रकोष्ठ पदाधिकारीगण एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहेंगे।