रतलाम में फिर बाहर आया कोरोना का जिन्न, सैलाना विकासखंड की 22 वर्षीय महिला मिली पॉजिटिव, अभी 210 सैंपल की रिपोर्ट आना बाकी

रतलाम में 23 के बाद फिर कोरोना संक्रमित मरीज पाया गया है। संक्रिमित 22 वर्षीय महिला है। इसके सहित जिले में अब तक 20 हजार 406 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। अभी यह पता नहीं चल सका है कि उक्त महिला को कोरोना के किस वेरिएंट ने संक्रमित किया है।

रतलाम में फिर बाहर आया कोरोना का जिन्न, सैलाना विकासखंड की 22 वर्षीय महिला मिली पॉजिटिव, अभी 210 सैंपल की रिपोर्ट आना बाकी

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । कोरोना कहीं गया नहीं हैं। यह अभी भी हमारे आसपास ही मौजूद है। गुरुवार को आई रिपोर्ट में जिले की एक 22 वर्षीय महिला की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव पाई गई है। यानी करीब तीन सप्ताह शांत रहने के बाद कोरोना का जिन एक बार फिर बाहर आ गया है। अभी 210 सैंपल की रिपोर्ट आना बाकी है।

गुरुवार को जिला प्रशासन ने कोरोना संबंधी रिपोर्ट जारी की। इसमें सैलाना विकासखंड की 22 वर्षीय महिला की रिपोर्ट पॉजिटिव होने की पुष्टि की गई है। इसके साथ ही अब तक जिले में कोरोना से संक्रमित होने का आंकड़ा 20 हजार 406 तक पहुंच गया है। 314 लोगों ने इस वैश्विक महामारी के कारण जान भी गंवाई। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार जिले में अब तक कुल 4 लाख 70 हजार 545 सैंपलों की जांच हुई है। इनमें से 3 लाख 14 हजार 874 सैंपल पॉजिटिव पाए जा चुके हैं। अभी 210 सैंपलों की रिपोर्ट आना शेष है।

हल्के में ना लें कोरोना को, लगातार म्यूटेट हो रहा वायर, नया वेरिएंट ज्यादा घातक

सैलाना विकासखंड की जिस महिला की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है अभी यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि उसे कोरोना के किस वेरिएंट ने गिरफ्त में लिया है। यह पता लगाने के लिए सैंपल को विस्तृत जांच के लिए भेजा गया है। दरअसल इस बार कोरोना के नए वेरिएंट ( XE Variant ) को लेकर चिंता है जो ओमिक्रोन से 10 गुना ज्यादा घातक बताया जा रहा है। डब्ल्यूएचओ के अनुसार नए XE वेरिएंट के बारे में सबसे पहले 19 जनवरी को यूनाइटेड किंगडम (ब्रिटेन) में पुष्टि हुई थी। इसके बाद से 22 मार्च तक इंग्लैंड में एक्सई वेरिएंट के 637 मामलों का पता चल चुका था।

इसके अलावा दो अन्य ओमिक्रॉन वेरिएंट BA.1 और BA.2 का एक म्यूटेंट हाइब्रिड है। यह वैश्विक स्तर पर फैल रहे मामलों के लिए जिम्मेदार है। XE वेरिएंट का भारत में पहला केस मुंबई में मिलने की बात एक दिन पूर्व मीडिया में आई थी। हालांकि अभी इसे लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है क्योंकि इस वेरिएंट की पुष्टि के लिए पर्याप्त सबूत नहीं मिले हैं। फिर भी एहतियात बरतने की आवश्यकता है।

जानिए XE वेरिएंट के लक्षण

XE वेरिएंट संक्रमित होने पर नाक बहने की शिकायत हो सकती है। छींकें आ सकती हैं और गले में खराश भी हो सकती है। इसमें जरूरी नहीं कि मूल स्ट्रेन की तरह बुखार और खांसी की भी शिकायत हो। अभी तक जितने भी ऐसे संक्रिमित मिले हैं उनमें खांसी और बुखार के लक्षण हीं पाए गए। किसी चीज का स्वाद नहीं आने की भी शिकायत या पुष्टि नहीं हुई है।