श्री राधाकृष्ण मंदिर के स्वामित्व की भूमि का दावा निरस्त, बाजना की 14 बीघा कृषि भूमि का मामला

सैलाना न्यायालय के न्यायाधीश अभिषेक सोनी ने बाजना के श्री राधाकृष्ण जमीन पर निजी स्वामित्व के दावे का प्रकरण निरस्त कर दिया है।

Sep 1, 2023 - 19:21
 0
श्री राधाकृष्ण मंदिर के स्वामित्व की भूमि का दावा निरस्त, बाजना की 14 बीघा कृषि भूमि का मामला
बाजना स्थित श्री राधा कृष्ण मंदिर।

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । बाजना स्थित श्री राधा कृष्ण मंदिर के स्वामित्व की 14 बीघा कृषि भूमि को लेकर चल रहे विवाद का निराकरण हो गया है। सैलाना न्यायालय के न्यायाधीश अभिषेक सोनी ने वादी की अनुपस्थिति में दावा निरस्त कर दिया है।

अतिरिक्त शासकीय अभिभाषक सतीश त्रिपाठी ने बताया कि बाजना में राधा कृष्ण मंदिर स्थित है।  मंदिर की कृषि भूमि सर्वे नंबर 167 व 389 की कुल 14 बीघा कृषि भूमि है। इस भूमि के स्वामित्व आधिपत्य को लेकर बसंतीलाल पिता चंपालाल द्वारा मालिक घोषित किए जाने हेतु सैलाना न्यायालय में 9 मार्च, 2016 को दावा प्रस्तुत किया था। इसमें बताया था कि उक्त कृषि भूमि पर वह 80 वर्ष से कृषि कार्य कर रहा है।

जमीन उसने पूर्व राजा से नीलामी में सार्वजनिक बोली लगाकर ₹300 का भुगतान कर 5 अक्तूबर, 1955 को खरीदी थी। 17 अक्तूबर, 1983 को उक्त भूमि मध्यप्रदेश शासन के नाम अंकित कर दी गई। इसकी जानकारी उसे 10 अक्तूबर, 2015 को प्राप्त हुई । शासन द्वारा जवाब प्रस्तुत कर इसका विरोध किया गया। प्रकरण में वादी की गवाही समाप्त हो गई थी। प्रकरण प्रतिवादी साक्षी हेतु नियत था।

बसंतीलाल का हो गया था निधन

प्रकरण में विचरण के दौरान वादी बसंतीलाल की मृत्यु हो गई थी। इसके बाद उसके शासकीय शिक्षक पुत्र कैलाशचंद्र द्वारा स्वयं को वारिस बातकर प्रकरण में साक्ष्य प्रस्तुत किए गए।

नोटिस मिलने के बावजूद रहा अनुपस्थित

विचारण के दौरान सैलाना न्यायालय के न्यायाधीश अभिषेक सोनी द्वारा वादी कैलाशचंद्र की अनुपस्थिति में उसकी उपस्थिति के लिए नोटिस भेजा गया। बावजूद वह अनुपस्थित रहा। इसके बाद न्यायालय ने आदेश 9 व 17 नियम 2 सिविल प्रक्रिया संहिता के तहत दावा निरस्त कर दिया।  प्रकरण में शासन की ओर से पैरवी अतिरिक्त शासकीय अभिभाषक सतीश त्रिपाठी द्वारा की गई।

Niraj Kumar Shukla 1994 से अब तक पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। इस दौरान सांध्य दैनिक 'रतलाम दर्शन' और हिंदी दैनिक 'साभार दर्शन', 'चेतना', 'नवभारत' और 'दैनिक भास्कर' सहित विभिन्न समाचार-पत्रों और पत्रिकाओं में पूर्णकालिक संवाददाता, उप-संपादक और समाचार संपादक जैसे दायित्वों का निर्वहन किया। हिंदी ब्लॉगर और स्वतंत्र लेखन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहते हुए वर्तमान में समाचार पोर्टल www.acntimes.com के मुख्य संपादक के दायित्व में। वर्ष 2011 से अब तक मप्र सरकार से राज्य स्तरीय अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार। पत्रकारिता में आने से पूर्व और बाद के कुछ वर्षों तक अध्यापन भी किया।