कलेक्टर का आदेश : अफसर निरीक्षण कर चिह्नित करें सड़कों के ब्लैक स्पॉट, हादसे रोकने के लिए उठाएं हर जरूरी कदम

  सड़क हादसों में कमी लाने को लेकर कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी ने चिंता जताई है। उन्होंने सड़क निर्माण से जुड़े सभी विभागों को सड़कों के ब्लैक स्पॉट चिह्नित करने और उन पर आवश्यक व्यवस्थाएं करने के निर्देश दिए हैं।

May 24, 2022 - 14:35
 0
कलेक्टर का आदेश : अफसर निरीक्षण कर चिह्नित करें सड़कों के ब्लैक स्पॉट, हादसे रोकने के लिए उठाएं हर जरूरी कदम
रतलाम कलेक्टर ने दिए सड़कों के ब्लैक स्पॉट चिह्नित करने के निर्देश।

कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी ने सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में अफसरों को दिए निर्देश

एसीएन टाइम्स @ रतलाम ।  कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी ने सड़क सुरक्षा समिति की बैठक ली। इसमें निर्देश दिया कि लोक निर्माण विभाग, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना तथा मध्यप्रदेश सड़क विकास निगम के अधिकारी जिले की अपने-अपने विभागों के अंतर्गत आने वाली सड़कों पर ब्लैक स्पॉट चिन्हित करें। उन पर दुर्घटनाएं रोकथाम की कारवाई की जाए। जहां जरूरी हों वहां आवश्यक निर्माण भी करें।

सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित बैठक में कलेक्टर सूर्यवंशी ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए गंभीरता से उपाय किए जाएं। सड़क दुर्घटनाओं में मृत्यु नहीं हो, इसके लिए नियोजित ढंग से कार्य जरूरी है। अधिकारी सड़कों पर ब्लैक स्पॉट चिन्हित कर उन स्थानों को दुर्घटना से सुरक्षित बनाने के लिए सभी आवश्यक उपाय करें। इसके लिए संबंधित अधिकारी स्थलों पर जाकर निरीक्षण करें।

कलेक्टर ने निर्देश दिए कि ब्लैक स्पॉट की सूची जिले के सभी एसडीएम को दी जाए। अब तक जो कार्य हुआ है, उसकी जानकारी प्रस्तुत करें। जहां जिन स्थलों पर सिविल वर्क किया जाना है उनके साथ ही यह भी देखें कि आवश्यक प्रकाश व्यवस्था है अथवा नहीं। अत्यधिक जोखिम वाले स्थानों पर हाईमास्ट लगवाए जाएं। कलर रिफ्लेक्ट करने वाले संकेतकों को चिन्हित स्थानों पर लगवाया जाए। बैठक में लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन यंत्री अनुराग सिंह, जिला परिवहन अधिकारी दीपक मांझी, सीएमएचओ डॉ. प्रभाकर ननावरे तथा एमपीआरडीसी के मूले, ट्रैफिक डीएसपी अनिल राय उपस्थित थे।

Niraj Kumar Shukla 1994 से अब तक पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। इस दौरान सांध्य दैनिक 'रतलाम दर्शन' और हिंदी दैनिक 'साभार दर्शन', 'चेतना', 'नवभारत' और 'दैनिक भास्कर' सहित विभिन्न समाचार-पत्रों और पत्रिकाओं में पूर्णकालिक संवाददाता, उप-संपादक और समाचार संपादक जैसे दायित्वों का निर्वहन किया। हिंदी ब्लॉगर और स्वतंत्र लेखन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहते हुए वर्तमान में समाचार पोर्टल www.acntimes.com के मुख्य संपादक के दायित्व में। वर्ष 2011 से अब तक मप्र सरकार से राज्य स्तरीय अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार। पत्रकारिता में आने से पूर्व और बाद के कुछ वर्षों तक अध्यापन भी किया।