लाड़ली बहना योजना सीएम की अनुपम सौगात, दीपावली का पर्व धूमधाम से मनेगा- चेतन्य काश्यप

रतलाम शहर के भाजपा प्रत्याशी चेतन्य काश्यप ने लाड़ली बहना योजना को सीएम की अनुपम सौगात बताया है। काश्यप के अनुसार इससे दीपावली पर्व धूमधाम से मनेगा।

लाड़ली बहना योजना सीएम की अनुपम सौगात, दीपावली का पर्व धूमधाम से मनेगा- चेतन्य काश्यप
नुक्कड़ सभा को संबोधित करते रतलाम शहर से भाजपा प्रत्याशी चेतन्य काश्यप।

रतलाम शहर विधानसभा क्षेत्र में चार स्थान पर नुक्कड़ सभा को किया संबोधित

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । भाजपा प्रत्याशी चेतन्य काश्यप की सोमवार शाम चार अलग-अलग स्थानों पर नुक्कड़ सभाओं का आयोजन हुआ। ये सभाएं डोसीगांव मल्टी, डोसीगांव माताजी चौक, होमगार्ड कॉलोनी और मंगलम् सिटी गेट पर हुईं। इन सभाओं को सुनने के लिए बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी पहुंचे। सभा स्थल पर क्षेत्रीय पार्षद एवं रहवासियों द्वारा काश्यप एवं महापौर प्रहलाद पटेल के साथ भाजपा जिलाध्यक्ष का स्वागत किया गया।

भाजपा प्रत्याशी चेतन्य काश्यप ने नुक्कड़ सभा को संबोधित करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने अपनी लाड़ली बहनों के लिए योजना प्रारंभ कर अनुपम सौगात दी है। इस योजना से महिलाएं सशक्त एवं आत्मनिर्भर हुई हैं और इस बार दीपावली का पर्व भी धूमधाम से मनाएंगी। रतलाम में मेगा इंडस्ट्रियल पार्क से रतलाम देश और दुनिया के नक्शे पर अपनी अलग पहचान बनाएगा। प्रधानमंत्री आवास योजना में कई परिवारों को पक्के आवास मिल चुके हैं। प्रताप नगर अंडर ब्रिज की मांग बजट में स्वीकृत हो गई है। इसका नक्शा बनकर पास होते ही कार्य भी शुरू हो जाएगा। इससे क्षेत्र के रहवासियों को बहुत सुविधा होगी। विकास कार्यों के लिए हम सदैव प्रतिबद्ध रहेंगे।

भाजपा जिला अध्यक्ष ने कहा कि मामाजी के नाम से लोकप्रिय मुख्यमंत्री सिंह बहनों का बहुत ख्याल रखते हैं। लाड़ली लक्ष्मी के बाद लाड़ली बहना योजना इसका प्रमाण है। शहर के विकास को लेकर विधायक चेतन्य काश्यप और महापौर प्रहलाद पटेल बहुत सजग हैं। विधानसभा चुनाव में विकास कार्य करने वाली भाजपा सरकार के पक्ष में मतदान करें।

प्रधानमंत्री मोदी ने आपको राम-राम कहा है- पटेल

महापौर प्रहलाद पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी रतलाम आए थे और उन्होंने सभी को राम-राम कहा है। एक साल में भाजपा की परिषद ने नगर में 250 से अधिक विकास कार्यों का भूमिपूजन किया है। कई काम शुरू हो गए है, तो कुछ बाकी है। प्रधानमंत्रीजी ने मेगा इंडस्ट्रियल पार्क की जो आधारशिला रखी है, उसके लिए प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को आभार देता हूं। नुक्कड़ सभा को विधानसभा संयोजक मनोहर पोरवाल ने भी संबोधित किया। इस दौरान रवि जौहरी, राधेश्याम मारू, दिनेश पटेल, राकेश परमार, मंजूर जमादार, योगेश कैथवास के अलावा मंडल अध्यक्ष, क्षेत्रीय पार्षद आदि उपस्थित रहे।