जनआशीर्वाद सभा : रतलाम के सम्पूर्ण विकास हेतु भाजपा की नगर सरकार ज़रूरी- विधायक काश्यप

नगरीय निकाय चुनाव में जीत के लिए भाजपा का जनसंपर्क अभियान जारी है। इसी क्रम में जन आशीर्वाद सभा का आयोजन किया गया। इसमें विधायक चेतन्य काश्यप ने रतलाम को झुग्गी मुक्त बनाने के अपने संकल्प को दोहराया। उन्होंने कहा कि वे जो सपना लेकर राजनीति में आए थे उसे राज्य व केंद्र सरकार पूरा कर रही है।

जनआशीर्वाद सभा : रतलाम के सम्पूर्ण विकास हेतु भाजपा की नगर सरकार ज़रूरी- विधायक काश्यप
जन आशीर्वाद सभा को संबोधित करते विधायक चेतन्य काश्यप।

जिला प्रभारी ने किया हर वार्ड में भाजपा को जिताने का आह्वान

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । नगर निगम के ये चुनाव काफ़ी महत्वपूर्ण हैं। नगर में केंद्र और राज्य सरकार की मदद से विकास के जो चौतरफ़ा कार्य चल रहे हैं, उन्हें आगे बढ़ाने के लिए रतलाम में भाजपा की नगर सरकार होना ज़रूरी है। आधारभूत संरचनाओं के विकास में नगर निगम की भूमिका महत्वपूर्ण होती है। नगर सरकार के तालमेल से रतलाम को नगर से महानगर बनते देर नहीं लगेगी।

यह बात शहर विधायक चेतन्य काश्यप ने विधायक सभागृह में आयोजित जन आशीर्वाद सभा को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने बताया कि रतलाम में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 3500 से अधिक परिवारों को नए आवास मिले हैं। प्रदेश एवं देश में आज भी लाखों की संख्या में मकान बन रहे हैं। नए आवास जीवन में बदलाव लाते हैं। किसी भी व्यक्ति की सम्पूर्ण समस्याओं के हल के बिना जीवन में परिवर्तन नहीं लाया जा सकता।

‘अहिंसा ग्राम बनाकर हर व्यक्ति को आवास देने का सपना लेकर आया था रानजीति में’

उन्होंने कहा कि वे अहिंसा ग्राम बनाकर राजनीति में हर व्यक्ति के आवास का जो सपना लेकर आए थे, उसे आवास के अधिकार का कानून बनाकर केंद्र एवं राज्य सरकार लाखों आवासों का निर्माण कर पूरा कर रही है। विधायक ने भरोसा जताया कि रतलाम में एक भी मकान कच्चा नहीं रहेगा और झुग्गी मुक्त बनाने का उनका सपना साकार होगा। विधायक ने कहा कि भाजपा सरकार ने संबल योजना चलाकर रतलाम में 35 हज़ार कार्ड बनाए थे, लेकिन कांग्रेस शासनकाल में 22 हज़ार कार्ड निरस्त कर दिए गए। पात्र लोगों के लिए उन्हें पुन: चालू करवाएंगे, जिससे हर परिवार को संबल मिलेगा।

विधायक काश्यप का रतलाम को झुग्गी मुक्त बनाने का संकल्प पूर्णता की ओर- शर्मा

जिला भाजपा प्रभारी श्याम सुंदर शर्मा ने कहा कि विधायक काश्यप ने रतलाम को झुग्गी मुक्त करने का जो संकल्प लिया है, वह पूर्णता की ओर है। इससे वर्षाकाल के दौरान झोपड़ी में कई परेशानियां भोगने वाले परिवारों को बहुत राहत मिली है। नागरिकों को मूलभूत सुविधाएँ उपलब्ध कराने की ज़िम्मेदारी नगर निगम की होती है। इसलिए भाजपा को हर वार्ड में जिताएं ताकि शहर में विकास की जो गंगा बह रही है, उसे तेज गति मिले और नगर को महानगर बनाया जा सके।

भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का सपना है कि हर ग़रीब छत मिले। रतलाम में विधायक काश्यप के प्रयासों से कोई भी ग़रीब इससे वंचित नहीं रहेगा। उन्होंने मार्जिन मनी सहित सब प्रकार की मदद कर हजारों परिवारों को आशियाना दिलाया है। अध्यक्ष निगम चुनाव में भाजपा को व्यापक जन समर्थन देने का आह्वान किया। स्वागत भाषण झुग्गी-झोपड़ी प्रकोष्ठ की प्रदेश सह संयोजक ने दिया। अतिथियों का स्वागत प्रकोष्ठ के जिला संयोजक श्रीकांत डोसी ने किया।

ये रहे मौजूद

इस दौरान जिला उपाध्यक्ष सुनील सारस्वत, निगम चुनाव संचालन समिति के प्रभारी मनोहर पोरवाल, पूर्व नेता पक्ष प्रेम उपाध्याय, जिला कार्यालय मंत्री मनोज शर्मा, चिकित्सा प्रकोष्ठ के प्रदेश सहसंयोजक डॉ. राजेश शर्मा, जिला भंडार प्रमुख दशरथ पाटीदार, मंडल अध्यक्ष कृष्ण कुमार सोनी, मंडल प्रभारी विनोद यादव एवं जिला सह मीडिया प्रभारी अरुण त्रिपाठी मंचासीन रहे।  संचालन मण्डल महामंत्री हेमंत राहोरी ने किया। आभार अनीता कटारा ने माना।