भोले के दरबार में सब बराबर, इसलिए विधायक दिलीप मकवाना ने कतार में लगकर विरुपाक्ष महादेव के किए दर्शन, लोग बोले- यह सादगी है खास

रतलाम ग्रामीण विधायक दिलीप मकवाना की सादगी एक बार फिर चर्चा में रही। विरुपाक्ष महादेव मंदिर पहुंचे विधायक ने लोगों के अनुरोध के बाद भी कतार में लगे रहे और अपना नंबर आने पर ही दर्शन व पूजा-अर्चना की।

Feb 18, 2023 - 22:32
Feb 18, 2023 - 22:32
 0
भोले के दरबार में सब बराबर, इसलिए विधायक दिलीप मकवाना ने कतार में लगकर विरुपाक्ष महादेव के किए दर्शन, लोग बोले- यह सादगी है खास
विरुपाक्ष महादेव मंदिर में भोले के दर्शन के लिए कतार में खड़े भाजपा विधायक दिलीप मकवाना।

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । आप कितने ही बड़े क्यों न हों, किसी भी पद पर काबिज क्यों न हों, ईश्वर के आगे यह कतई मायने नहीं रखता। उसके दरबार में सब समान हैं फिर चाहे मंत्री हों या संत्री, विधायक हों या पार्षद। यह बात किसी ने आत्मसात की हो या न की हो, रतलाम ग्रामीण विधायक दिलीप मकवाना ने तो कर ही रखी है। शनिवार को शिवरात्रि के मौके पर विरुपाक्ष महादेव मंदिर में इसकी बानगी देखने को मिली। विधायक ने आम दर्शकों की ही तरह कतार में लगकर भोले बाबा के दर्शन किए।

विधायक मकवाना अपनी सादगी के लिए प्रदेश भर में पहचाने जाते हैं। इसकी पुष्टि रतलाम स्थापना दिवस समारोह में मंच से प्रदेश के मंत्री हरदीपसिंह डंग ने की थी। उनकी बात पर शिवरात्र को भी मुहर लग गई। विधायक मकवाना बिलपांक स्थित विरुपाक्ष महादेव मंदिर पहुंचे और शिव की पूजा-अर्चना की। इससे पूर्व समर्थकों ने उन्हें सीधे दर्शन और पूजन करने के लिए पहुंचने के लिए कहा लेकिन उन्होंने सहजता से ऐसा करने से इनकार कर दिया। मकवाना का तर्क था कि वे भी आम आदमी हैं और वे उसी तरह कतार में लग कर भगवान के दर्शन करेंगे जैसे अन्य लोग करते हैं।

अपने हाथों से श्रद्धालुओं को दिया प्रसाद

विधायक कतार में सबसे पीछे खड़े हो गए। उन्हें देख कतार में आगे खड़े लोगों ने आगे आने के लिए कहा लेकिन उन्होंने ऐसा कहने वालों के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित करते हुए कतार में लगे रहे। अपना नंबर आने पर ही वे गर्भगृह में दाखिल हुए और शिव के दर्शन, अभिषेक आदि धार्मिक क्रियाएं संपन्न की। विधायक प्रसादी वितरण व्यवस्था में लगे भक्तों के बीच पहुंचे और अपने हाथों से श्रद्धालुओं को प्रसाद दिया। विधायक मकवाना की यह सादगी लोगों को खूब भाई और वे मंदिर से लौटने के बाद भी काफी देर तक इसकी चर्चा करते रहे।

Niraj Kumar Shukla 1994 से अब तक पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। इस दौरान सांध्य दैनिक 'रतलाम दर्शन' और हिंदी दैनिक 'साभार दर्शन', 'चेतना', 'नवभारत' और 'दैनिक भास्कर' सहित विभिन्न समाचार-पत्रों और पत्रिकाओं में पूर्णकालिक संवाददाता, उप-संपादक और समाचार संपादक जैसे दायित्वों का निर्वहन किया। हिंदी ब्लॉगर और स्वतंत्र लेखन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहते हुए वर्तमान में समाचार पोर्टल www.acntimes.com के मुख्य संपादक के दायित्व में। वर्ष 2011 से अब तक मप्र सरकार से राज्य स्तरीय अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार। पत्रकारिता में आने से पूर्व और बाद के कुछ वर्षों तक अध्यापन भी किया।