रिश्वत नहीं दी तो झूठी रिपोर्ट ! वन स्टॉप सेंटर की अधिकारी नीता परिहार पर लगा गंभीर आरोप, कलेक्टर और एसपी से शिकायत

एक महिला ने रतलाम में वन स्टॉप सेंटर की अधिकारी नीता परिहार पर रिश्वत नहीं देने पर झूठी रिपोर्ट लगाने का आरोप लगाया है। पीड़िता तथा एक अन्य व्यक्ति ने मामले में कलेक्टर और एसपी से शिकायत की है।

Apr 25, 2026 - 18:08
Apr 25, 2026 - 19:19
 0
रिश्वत नहीं दी तो झूठी रिपोर्ट ! वन स्टॉप सेंटर की अधिकारी नीता परिहार पर लगा गंभीर आरोप, कलेक्टर और एसपी से शिकायत
वन स्टॉप सेंटर की अधिकारी पर लगा भ्रष्टाचार का आरोप।

दुष्कर्म केस में समझौते की फर्जी बात जोड़ने का आरोप, पीड़िता बोली 'मेरे बयान तोड़े-मरोड़े'

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । सैलाना रोड क्षेत्र में रहने वाली एक महिला ने वन स्टॉप सेंटर की अधिकारी नीता परिहार के खिलाफ गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने एसपी अमित कुमार और कलेक्टर मिशा सिंह को शिकायत सौंपी है। इसमें कहा गया है कि वन स्टॉप सेंटर की एक अधिकारी ने मध्यस्थ के जरिए कथित रूप से रिश्वत मांगी गई और राशि नहीं देने पर झूठी रिपोर्ट तैयार कर दी गई।

पीड़िता के अनुसार, उसके पति का स्वर्गवास हो चुका है और उसने लोहार रोड निवासी हितेश पिता सुंदरलाल राठौड़ के खिलाफ शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का मामला महिला थाना में दर्ज कराया था। इस प्रकरण में वन स्टॉप सेंटर की ओर से भी कार्रवाई हुई, जिसकी जांच अधिकारी नीता परिहार द्वारा की गई।

पीड़िता का आरोप है कि जब आरोपी हितेश राठौड़ ने न्यायालय में जमानत आवेदन प्रस्तुत किया, तब दस्तावेजों के साथ वन स्टॉप सेंटर की एक रिपोर्ट भी लगाई गई। इस रिपोर्ट में दर्शाया गया कि पीड़िता आरोपी से समझौता करना चाहती है और अभिषेक नामक एक व्यक्ति से विवाह करना चाहती है। पीड़िता का कहना है कि उसने ऐसा कोई बयान नहीं दिया। उसके मुताबिक रिश्वत नहीं देने के कारण उसके कथनों को तोड़-मरोड़ कर पेश किया गया, जिससे प्रकरण कमजोर हो सके।

कैफे में रिश्वत मांगने का आरोप

शिकायत में उल्लेख है कि मध्यस्थ आशीष द्वारा शहर के एक कैफे में कथित रूप से रिश्वत की मांग की गई थी। पीड़िता ने पैसे देने से इनकार किया, जिसके बाद विवादित रिपोर्ट तैयार किए जाने का आरोप लगाया गया है।

ये भी पढ़ें

अभिषेक ने भी दर्ज कराई आपत्ति

रिपोर्ट में जिन अभिषेक का नाम जोड़ा गया, उन्होंने भी एसपी को अलग से शिकायत देकर कहा है कि उनका इस मामले से कोई संबंध नहीं है। उनके अनुसार, वे कभी वन स्टॉप सेंटर नहीं गए और कैफे में कथित रिश्वत मांग का उन्होंने विरोध किया था। रंजिश के चलते उनका नाम जोड़कर झूठी रिपोर्ट तैयार करने का आरोप उन्होंने लगाया है।

जांच और कार्रवाई की मांग

पीड़िता और अभिषेक, दोनों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर संबंधितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। अब देखना होगा कि पुलिस और प्रशासन इस गंभीर शिकायत पर क्या रुख अपनाते हैं।

ये भी पढ़ें

Niraj Kumar Shukla 1994 से अब तक पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। इस दौरान सांध्य दैनिक 'रतलाम दर्शन' और हिंदी दैनिक 'साभार दर्शन', 'चेतना', 'नवभारत' और 'दैनिक भास्कर' सहित विभिन्न समाचार-पत्रों और पत्रिकाओं में पूर्णकालिक संवाददाता, उप-संपादक और समाचार संपादक जैसे दायित्वों का निर्वहन किया। हिंदी ब्लॉगर और स्वतंत्र लेखन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहते हुए वर्तमान में समाचार पोर्टल www.acntimes.com के मुख्य संपादक के दायित्व में। वर्ष 2011 से अब तक मप्र सरकार से राज्य स्तरीय अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार। पत्रकारिता में आने से पूर्व और बाद के कुछ वर्षों तक अध्यापन भी किया।