केंद्रीय मंत्री गडकरी ने 172 किमी की स्पीड से कार चलवा कर जांची दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे की गुणवत्ता

केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी निर्माणाधीन 8 लेन दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस वे पर 172 की स्पीड से कार चलवा कर गुणवत्ता परखी।

Sep 17, 2021 - 10:10
Sep 29, 2024 - 13:59
 0

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । भारतमाला परियोजना के सबसे बड़े प्रोजेक्ट दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे के निर्माण कार्य का गुरुवार को केंद्रीय सड़क परिहवन एवं राष्ट्रीय राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने जायजा लिया। उन्होंने 172 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ी कार में बैठक कर 8 हजार करोड़ से अधिक में बन रहे एक्सप्रेसवे की गुणवत्ता जांची। गडकरी ने मप्र हो रहे निर्माण कार्य को राजस्थान के सवाई माधोपुर में हुए निर्माण से बेहतर बताया। इसके लिए यहां काम कर रही टीम की पीठ भी थपथपाई। केंद्रीय मंत्री ने बताया भविष्य में 8 लेन का यह मार्ग 12 लेन में तब्दील होगा। उन्होंने इसे 'विकास का महामार्ग' निरूपित करते हुए मध्य प्रदेश के लिए ग्रोथ इंजिन बताया।

केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने 1380 किमी लंबे एक्सप्रेसवे का निरीक्षण गुरुवार सुबह सोहना (गुरुग्राम) से शुरू किया था। अन्य राज्यों से होकर गुजर रहे इस राष्ट्रीय राजमार्ग का जायजा लेते हुए वे अपराह्न करीब 4 बजे रतलाम जिले के जावरा पहुंचे। वे निर्धारित समय के करीब एक घंटे की देरी से रतलाम पहुंचे थे। उन्होंने यहां भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग अथॉरिटी ऑफ इंडिया (National Highway Authority of India) द्वारा आयोजित समारोह का दीप प्रज्ज्वलन कर शुभारंभ किया।

एनएचएआई (भोपाल) के आरओ विवेक जायसवाल, प्रोजेक्ट मैनेजर पीआईडीयू-रतलाम रविंद्र गुप्ता, आरओ (भोपाल) मनोज कुमार जैन, डीजीएम (टेक्निकल-रतलाम) आशुतोष सोनी, जीआरआईएल के जनरल मैनेजर विनोद अग्रवाल, एनपीएसपी डी. एम. जामे, पी. सी. बनास्कर सहित अन्य ने मंत्री और अन्य अतिथियों का पौधे भेंट कर स्वागत किया। इसके बाद मंत्री गडकरी ने निरीक्षण का अनुभव साझा किया। समारोह के दौरान रतलाम सांसद गुमान सिंह डामोर और जावरा विधायक डॉ. राजेंद्र पांडेय ने मंत्री गडकरी का अभिनंदन किया। दोनों ने अलग-अलग पगड़ी पहनाकर और शाल-श्रीफल भेंट कर सम्मान किया।

विधायक डॉ. पांडेय ने जावरा में एग्रो बेस्ड औद्योगिक हब बनाने की मांग का पत्र भी गडकरी को सौंपा। इसमें उन्होंने विभिन्न सुझाव भी दिए। इस मौके पर प्रदेश के लघु, सूक्ष्म उद्यम मंत्री ओमप्रकाश सकलेचा, उज्जैन सांसद अनिल फिरोजिया, मंदसौर सांसद सुधीर गुप्ता, विधायक चेतन्य काश्यप, नीमच विधायक दिलीपसिंह परिहार, जिला पंचायत प्रधान परमेश मईड़ा, कलेक्टर कुमार पुरुषोत्तम, पुलिस अधीक्षक गौरव तिवारी, जावरा एसडीएम हिमांशु प्रजापति, नेशनल हाईवे के अधिकारी व अन्य मौजूद थे।

Niraj Kumar Shukla 1994 से अब तक पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। इस दौरान सांध्य दैनिक 'रतलाम दर्शन' और हिंदी दैनिक 'साभार दर्शन', 'चेतना', 'नवभारत' और 'दैनिक भास्कर' सहित विभिन्न समाचार-पत्रों और पत्रिकाओं में पूर्णकालिक संवाददाता, उप-संपादक और समाचार संपादक जैसे दायित्वों का निर्वहन किया। हिंदी ब्लॉगर और स्वतंत्र लेखन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहते हुए वर्तमान में समाचार पोर्टल www.acntimes.com के मुख्य संपादक के दायित्व में। वर्ष 2011 से अब तक मप्र सरकार से राज्य स्तरीय अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार। पत्रकारिता में आने से पूर्व और बाद के कुछ वर्षों तक अध्यापन भी किया।