बड़ी उपलब्धि ! राज्य स्तरीय युवा उत्सव में सरस्वती संगीत महाविद्यालय के आयुष और वैभव का कमाल, तबला वादन में हासिल किया पहला स्थान

राज्य स्तरीय युवा उत्सव 2026-27 की अंतरजिला विश्वविद्यालय स्तरीय प्रतियोगिता में सरस्वती शिशु मंदिर संगीत महाविद्यालय रतलाम के आयुष बारोठ और वैभव ने तबला वादन में प्रथम स्थान हासिल किया।

बड़ी उपलब्धि ! राज्य स्तरीय युवा उत्सव में सरस्वती संगीत महाविद्यालय के आयुष और वैभव का कमाल, तबला वादन में हासिल किया पहला स्थान
अंतरजिला विश्वविद्यालय स्तरीय युवा उत्सव प्रतियोगिता में सरस्वती शिशु मंदिर संगीत महाविद्यालय रतलाम के आयुष बारोठ और वैभव ने तबला वादन में प्रथम स्थान हासिल किया।

अंतरजिला विश्वविद्यालय स्तरीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन से बढ़ाया शहर का मान, गुरु तल्लीन त्रिवेदी के मार्गदर्शन में हासिल की उपलब्धि

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । संगीत की साधना, गुरु का मार्गदर्शन और वर्षों के अभ्यास से जब प्रतिभा को मंच मिलता है तो सफलता की गूंज दूर तक सुनाई देती है। रतलाम के दो युवा तबला वादकों आयुष बारोठ और वैभव ने अपनी कला का ऐसा ही प्रभाव छोड़ा है। राजा मानसिंह तोमर संगीत एवं कला विश्वविद्यालय, ग्वालियर द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय युवा उत्सव 2026-27 की अंतरजिला विश्वविद्यालय स्तरीय प्रतियोगिता में दोनों विद्यार्थियों ने तबला वादन में प्रथम स्थान हासिल कर रतलाम का गौरव बढ़ाया।

राजा मानसिंह तोमर संगीत एवं कला विश्वविद्यालय, ग्वालियर की ओर से 18 एवं 19 नवंबर को आयोजित इस प्रतियोगिता में विभिन्न जिलों के प्रतिभागियों ने अपनी संगीत प्रतिभा का प्रदर्शन किया। सरस्वती संगीत महाविद्यालय, काटजू नगर, रतलाम के विद्यार्थी आयुष बारोठ और वैभव ने तबला वादन में उत्कृष्ट प्रस्तुति देकर निर्णायकों को प्रभावित किया और प्रथम स्थान प्राप्त किया। उनकी इस उपलब्धि से महाविद्यालय सहित पूरे शहर में हर्ष का माहौल है।

संस्कार और अनुशासन के साथ निखरती है प्रतिभा

विद्यार्थियों की इस सफलता पर आयोजित सम्मान एवं बधाई कार्यक्रम में समिति अध्यक्ष वीरेंद्र सखलेचा ने कहा कि सरस्वती शिशु मंदिर केवल एक विद्यालय नहीं, बल्कि संस्कारों की जन्मभूमि है। यहां किताबों से पहले प्रणाम और अक्षरों से पहले आचरण सिखाया जाता है। इसी संस्कार भूमि के दो नन्हें कलाकारों ने राज्य स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त कर सभी का मस्तक गर्व से ऊंचा किया है।

ये भी पढ़ें

गुरु की साधना और शिष्यों के अभ्यास का मिला परिणाम

समिति सचिव शैलेंद्र सुरेका ने कहा कि तबला सीखना केवल ताल से खेलना नहीं, बल्कि बच्चों के जीवन में लय और अनुशासन स्थापित करने का माध्यम है। गुरु तल्लीन त्रिवेदी ने विद्यार्थियों को तबला वादन की बारीकियां सिखाने के साथ अनुशासन और संस्कारों का भी प्रशिक्षण दिया है। मंच पर गूंजने वाली ताल आयुष और वैभव के निरंतर अभ्यास के साथ गुरु तल्लीन त्रिवेदी के समर्पण और साधना का भी प्रतिफल है।

समिति पदाधिकारियों ने दी बधाई

इस उपलब्धि पर समिति अध्यक्ष वीरेंद्र सखलेचा, सचिव शैलेंद्र सुरेका, उपाध्यक्ष सुनील लाठी, प्राचार्य तोषी शर्मा एवं प्राचार्य वत्सला रूनवाल ने दोनों विद्यार्थियों और उनके गुरु तल्लीन त्रिवेदी को बधाई दी। उन्होंने आयुष और वैभव के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उम्मीद जताई कि दोनों कलाकार आगे भी अपनी प्रतिभा से रतलाम का नाम रोशन करेंगे।

ये भी पढ़ें