मप्र विधानसभा में वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा ने पेश किया लेखानुदान, चार माह के जरूरी खर्चों की पूर्ति हो सकेगी

आगामी चार महीने की आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा ने मप्र विधानसभा में लेखानुदान प्रस्तुत किया।

Feb 12, 2024 - 14:57
 0
मप्र विधानसभा में वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा ने पेश किया लेखानुदान, चार माह के जरूरी खर्चों की पूर्ति हो सकेगी
विधानसभा में लेखानुदान प्रस्तुत करने पहुंचे वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा।

एसीएन टाइम्स @ भोपाल । मप्र विधानसभा केबजट सत्र में उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने सोमवार को वित्तीय वर्ष 2024-25 का लेखानुदान पेश किया। यह चार माह के लिए है। इसमें संविधान के अनुच्छेद 206 (1) के अंतर्गत निरंतर व्यय के मदों के लिए नवीन सेवाएं अथवा व्यय के नए मद/शीर्ष सम्मिलित नहीं हैं।

लेखानुदान का उद्देश्य अंतिम आपूर्ति की स्वीकृति होने तक सरकार के क्रियान्वयन को जारी रखना है। करारोपण संबंधी नए प्रस्ताव तथा व्यय के नवीन मद सम्मिलित नहीं हैं। द्वितीय अनुपूरक अनुमान में सम्मिलित नवीन योजनाओं के लिए प्रावधान है। लेखानुदान की अवधि समाप्त होने के पूर्व अनुदान की पुनरीक्षित मांगें सदन के समक्ष प्रस्तुत की जाएंगी। लेखानुदान द्वारा प्राप्त राशि मुख्य बजट में समाहित की जाएगी।

सोमवार को प्रस्तुत लेखानुदान 4 माह (1 अप्रैल से 31 जुलाई, 2024) के लिए है। वित्तीय वर्ष हेतु बजट में सम्मिलित राशि 3,48,986.57 करोड़ है। लेखानुदान के लिए राशि रुपए 1,45,229.55 करोड़ है। लेखानुदान राशि में मतदेय राशि रुपए 1,19,453.05 करोड़ तथा भारित राशि रुपए 25,776.51 करोड़ है।

बजट अनुमान 2024-25 का वार्षिक वित्तीय विवरण

वर्ष 2024-25 के बजट अनुमान में कुल राजस्व प्राप्तियाँ राशि रुपए 2,52,268.03 करोड़ हैं। इसमें राज्य कर से राजस्व प्राप्तियाँ रुपये 96,553.30 करोड़ हैं। गैर कर राजस्व प्राप्तियाँ रुपए 18,077.33 करोड़ हैं। राजस्व व्यय रुपए 2,51,825.13 करोड़ है। वर्ष 2023-24 में पुनरीक्षित अनुमान में राजस्व व्यय रुपए 2,31,112.34 करोड़ है। वर्ष 2024-25 में राजस्व आधिक्य अनुमान रुपए 442.90 करोड़ है। कुल पूँजीगत प्राप्तियाँ का 59,718.64 करोड़ एवं वर्ष 2024-25 में कुल पूँजीगत परिव्यय का बजट अनुमान 59,342.48 करोड़ है।

Niraj Kumar Shukla 1994 से अब तक पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। इस दौरान सांध्य दैनिक 'रतलाम दर्शन' और हिंदी दैनिक 'साभार दर्शन', 'चेतना', 'नवभारत' और 'दैनिक भास्कर' सहित विभिन्न समाचार-पत्रों और पत्रिकाओं में पूर्णकालिक संवाददाता, उप-संपादक और समाचार संपादक जैसे दायित्वों का निर्वहन किया। हिंदी ब्लॉगर और स्वतंत्र लेखन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहते हुए वर्तमान में समाचार पोर्टल www.acntimes.com के मुख्य संपादक के दायित्व में। वर्ष 2011 से अब तक मप्र सरकार से राज्य स्तरीय अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार। पत्रकारिता में आने से पूर्व और बाद के कुछ वर्षों तक अध्यापन भी किया।