Ahmedabad Plane Crash ! लंदन जा रहा एयर इंडिया का विमान अहमदाबाद में डॉक्टरों के हॉस्टल पर गिरा, गुजरात की पूर्व CM रूपाणी व विदेशी नागरिक सहित 242 यात्री सवार थे

अहमदाबाद में गुरुवार दोपहर एयर इंडिया का एक विमान क्रैश हो गया। विमान में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी सहित भारतीय और विदेशी नागरिक सवार थे।

Ahmedabad Plane Crash ! लंदन जा रहा एयर इंडिया का विमान अहमदाबाद में डॉक्टरों के हॉस्टल पर गिरा, गुजरात की पूर्व CM रूपाणी व विदेशी नागरिक सहित 242 यात्री सवार थे
अहमदाबाद में एयर इंडिया का यात्री विमान क्रैश।

एसीएन टाइम्स @ अहमदाबाद । गुजरात के अहमदाबाद में गुरुवार को दोपहर एयर इंडिया का एक विमान क्रैश हो गया। लंदन जा रहा विमान टेकऑफ के दौरान इंजिन में खराबी आ जाने से डॉक्टरों के एक होस्टल के ऊपर गिरा। विमान में गुजरात के पूर्व सीएम विजय रुपाणी, कई बिजनेस टायकून और विदेशी नागरिक सहित 242 लोग सवार थे। हादसे को लेकर पीएम नरेंद्र मोदी ने शोक जाहिर किया है। टाटा ग्रुप ने सभी मृतकों को एक-एक करोड़ रुपए देने का ऐलान किया है। ग्रुप ने डॉक्टरों के हॉस्टल का पुनर्निर्माण करने और घायलों के इलाज कराने की भी घोषणा की है।

हादसा एयरपोर्ट के पास मेघानी नगर में हुआ। एटीसी के अनुसार B787 विमान VT-ANB (अहमदाबाद से लंदन के गैटविक के लिए) फ्लाइट AI 171 ने  गुरुवार को दोपहर करीब 1 बजकर 39 मिनट पर अहमदाबाद से रनवे 23 से उड़ान भरी थी। उड़ान भरने के तुरंत बाद विमान हवाई अड्डे की परिधि के बाहर ज़मीन पर गिर गया। विमान क्रैश होने जोरदार धमाका हुआ और वह आग के गोले में तब्दील हो गया। आग और धुएं का गुबार करीब दो किमी दूर तक देखा गया।

8200 घंटे का अनुभव रखने वाले कैप्टन थे पायलट

अहमदाबाद में एयर इंडिया के विमान के क्रैश होने की पुष्टि डीजीसीए ने भी की। डीजीसीए के अनुसार 12 जून को संचालन करते समय दुर्घटनाग्रस्त हो गया। विमान में 2 पायलट और 10 केबिन क्रू सहित 242 लोग सवार थे। विमान के पायलट कैप्टन सुमित सभरवाल और फर्स्ट ऑफिसर क्लाइव कुंदर थे। कैप्टन सुमित सभरवाल 8200 घंटों के अनुभव वाले LTC हैं। सह-पायलट कुंदर को भी 1100 घंटों की उड़ान का अनुभव था। बताया जा रहा है कि पायलट ने इमरजेंसी MAYDAY का ऐलान किया था। ATC तक आवाज भी पहुंची लेकिन दोबारा पायलट से संपर्क नहीं हो सका।

विदेशी नागरिक भी थे सवार

अहमदाबाद में क्रैश हुए विमान में कुल 242 लोग सवार थे। इनमें से 230 यात्री और 12 क्रू मेंबर शामिल थे। इनके अलावा 169 भारतीय, 53 ब्रिटेन के नागरिक, 7 पुर्तगाल के और 1 कनाडा का नागरिक भी सवार था। पैसेंजर्स की लिस्ट में गुजरात के पूर्व CM विजय रूपाणी, कार्गो मोटर के प्रमुख नंदा और ल्यूबी के डायरेक्टर सुभाष अमीन सहित कई बिजनेस टायकून के नाम भी शामिल हैं। 25 घायलों की सूची भी सामने आई है।

हॉस्टल मेस में मौजूद 20 इंटर्न डॉक्टरों की मौत की आंशका

विमान बीजे मेडिकल कॉलेज के यूजी हॉस्टल के ऊपर गिरा। हादसे के दौरान होस्टल की मैस में इंटर्न डॉक्टर भोजन कर रहे थे। आशंका जताई जा रही है कि 20 इंटर्न डॉक्टरों की भी मौत हुई है।

अहमदाबाद एयरपोर्ट ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर, उड़ानें भी शुरू

एयर इंडिया की फ्लाइट AI 171 हादसे के बाद सभी हवाई उड़ाने रद्द कर दी गईं थी। इसके साथ ही एक हेल्पलाइन नंबर भी जारी कर दिया गया था। इस पर यात्रियों के बारे में पूछताछ करने और सहायता के लिए +91 99741 11327 पर कॉल किया जा सकता है। राहत कार्य शुरू होने के बाद सभी उड़ाने भी शुरू कर दी गईं थी।

गृह मंत्री शाह और नागरिक उड्डयन मंत्री नायडू अहमदाबाद रवाना

हादसे की जानकारी मिलते ही केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह दिल्ली से गुजरात के लिए रवाना हो गए थे। इससे पहले उन्होंने गुजरात के मुख्यमंत्री, गृह मंत्री और पुलिस कमिश्नर से बात भी की। उन्होंने केंद्र सरकार की ओर से सहायता उपलब्ध कराने के लिए भी आश्वस्त किया। शाह के अनुसार विमान में सवा लाख लीटर ईंधन था। जिससे तापमान इतना ऊंचा हो गया कि किसी को बचाने का मौका ही नहीं मिला। नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू पीएम मोदी के 11 साल पूरे होने पर विजयवाड़ा में आयोजित कार्यक्रम छोड़कर अहमदाबाद पहुंच गए। उन्होंने त्वरित, समन्वित प्रतिक्रिया और सहायता सुनिश्चित करने के लिए डीजीसीए, एएआई, एनडीआरएफ और गुजरात राज्य प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ संपर्क बनाए रखा।

प्रधानमंत्री मोदी ने जताया जताया दुख

हादसे की जानकारी मिलते ही पीएम नरेंद्र मोदी X हैंडल पर दुख जताया। उन्होंने लिखा कि अहमदाबाद में हुई त्रासदी ने हमें स्तब्ध और दुखी कर दिया है। यह शब्दों से परे दिल दहला देने वाली घटना है। इस दुखद घड़ी में, मेरी संवेदनाएँ इससे प्रभावित सभी लोगों के साथ हैं। मैं मंत्रियों और अधिकारियों के संपर्क में हूँ जो प्रभावित लोगों की सहायता के लिए काम कर रहे हैं।

कांग्रेस करेगी घायलों की मदद, घटना की जांच की मांग की

अहमदाबाद में एयर इंडिया का यात्री विमान दुर्घटनाग्रस्त होने पर कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा, "अहमदाबाद विमान दुर्घटना में विमान में भारतीयों के साथ विदेशी नागरिक भी सवार थे। मैं मृतकों को श्रद्धांजलि देता हूं। सरकार को लोगों की मदद करनी चाहिए। जहां विमान गिरा है वहां के लोगों की मदद होनी चाहिए। कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता घटना से प्रभावित लोगों की मदद करेंगे। घटना की जांच होनी चाहिए

विदेश मंत्रालय ने भी जारी किया बयान

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, "अहमदाबाद में जो हुआ है, वह बहुत दुखद दुर्घटना है। हमने बहुत से लोगों को खो दिया है। हम उन सभी लोगों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है। इसमें कई विदेशी भी शामिल हैं। आपको संबंधित विभागों नागरिक उड्डयन मंत्रालय, एयर इंडिया और अन्य से अपडेट प्राप्त होंगे। यही नवीनतम जानकारी है जो मैं साझा कर सकता हूं। यह एक बदलती स्थिति है। बचाव अभियान जारी है। सटीक विवरण सामने आने के लिए हमें थोड़ा और इंतजार करना होगा।

टाटा समूह ने किया बड़ा ऐलान

टाटा संस के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन ने बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने X पर लिखा कि 'हम एयर इंडिया फ्लाइट 171 से जुड़ी दुखद घटना से बहुत दुखी हैं। इस समय हम जो दुख महसूस कर रहे हैं, उसे शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। हमारी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं उन परिवारों के साथ हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है और जो घायल हुए हैं। टाटा समूह इस त्रासदी में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिवार को 1 करोड़ ₹ प्रदान करेगा। हम घायलों के चिकित्सा व्यय को भी वहन करेंगे और यह सुनिश्चित करेंगे कि उन्हें सभी आवश्यक देखभाल और सहायता मिले। इसके अतिरिक्त, हम बी.जे. मेडिकल के छात्रावास के निर्माण में सहायता प्रदान करेंगे। हम इस अकल्पनीय समय में प्रभावित परिवारों और समुदायों के साथ दृढ़तापूर्वक खड़े हैं।'