अंकुर अभियान बनेगा जनआंदोलन : 5 दिन में 77 हजार पौधे रोपेंगे रतलाम जिले के अधिकारी-कर्मचारी, आज होगी विशेष अभियान की शुरुआत

प्राणवायु में वृद्धि के उद्देश्य से मप्र के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पिछले साल पर्यावरण दिवस पर पौधा रोप कर अंकुर अभियान की शुरुआत की थी। इसके तहत रतलाम जिला प्रशासन ने वृहद पैमाने पर पौधारोपण करने के लिए 5 दिवसीय विशेष अभियान चलाने का संकल्प लिया है। अभियान 1 से 5 मार्च तक चलेगा।

अंकुर अभियान बनेगा जनआंदोलन : 5 दिन में 77 हजार पौधे रोपेंगे रतलाम जिले के अधिकारी-कर्मचारी, आज होगी विशेष अभियान की शुरुआत

1 से 5 मार्च तक चलने वाले अभियान के दौरान सभी शासकीय कार्यालयों, स्कूलों, आंगनवाड़ियों, बाग-बगीचों और अन्य खाली जगह रोपे जाएंगे पौधे

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा पर्यावरण दिवस पर शुरू किया गया अंकुर अभियान के तहत जिले में 77 हजार पौधे रोपने का लक्ष्य प्रशासन ने तय किया है। इसकी शुरुआत 1 मार्च को होगी और 5 मार्च तक सभी शासकीय कार्यालयों, स्कूलों, आंगनवाड़ियों, स्कूलों और खाली स्थानों पर पौधे रोपे जाएंगे।

अंकुर अभियान को सफल बनाने के लिए कलेक्टर कुमार पुरुषोत्तम ने अभियान के तहत सभी अधिकारियों और शिक्षकों को पौधा लगाने और उसके संरक्षण की जिम्मेदारी लेने का आह्वान किया है। इस संबंध में वे सभी अधिकारियों को निर्देशित कर चुके हैं। 77 हजार पौधे रोपने का लक्ष्य पूरा करने के लिए 1 मार्च को सुबह 10 बजे न्यू कलेक्ट्रेट परिसर के पीछे वाले हिस्से में 200 पौधे रोपने के साथ महाअभियान की शुरुआत होगी। यहां सभी अधिकारी एकत्र होकर पौधारोपण करेंगे। इस पौधारोपण को वायुदूत ऐप पर अपलोड किया जाएगा।

अधिकारी खुद भी पौधा रोपें और दूसरों को भी प्रोत्साहित करें

कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा है कि वे स्वयं तो पौधारोपण करें ही, 15-15 व्यक्तियों को भी इसके लिए प्रोत्साहित करें। उन्होंने आंगनवाड़ियों और स्कूलों में भी पौधे रोपने के लिए कहा है। उन्होंने शिक्षकों से आह्वान किया है कि प्रत्येक शिक्षक एक-एक पौधा लगाएं और उसकी देखभाल की जिम्मेदारी भी लें। उन्होंने कहा कि पौधारोपण को जनआंदोलन का रूप दें। पौधा रोपने के बाद वायुदूत अंकुर ऐप के माध्यम से जानकारी अपलोड की जाएगा। इसके अलावा एमपी सीएम इवेंट्स पोर्टल या मिस्डकाल के माध्यम से भी सूचना दी जा सकेगी। 

रतलाम शहर के 125 छोटे-बड़े बगीजों में रोपे जाएंगे 10-10 पौधे

नगर निगम आयुक्त सोमनाथ झारिया ने बताया कलेक्टर के निर्देशानुसार शहर के लगभग 125 छोटे-बड़े बाग-बगीचों में 1  से 5 मार्च तक 10-10 पौधे लगाए जाएंगे। आयुक्त के अनुसार आमजन घर, बगीचे अथवा किसी भी खाली भूमि पर पौधे रोपकर उसके साथ सेल्फी लेकर अंकुर ऐप पर अपलोड कर सकते हैं। अभियान के तहत गमले में पौधे रोपना स्वीकार नहीं होंगे। पौध वही रोपें जिनका पर्णघनत्व ज्यादा हो। पौधों के बारे में अंकुर ऐप से जानकारी ली जा सकती है। 

अंकुर अभियन के तहत पौधारोपण कर कैसे पुरस्कार पा सकते हैं आप, यह जानने के लिए एसीएन टाइम्स द्वारा 21 जनवरी 2022 को प्रकाशित यह खबर पढ़ें...

आप भी 'वायुदूत' बन कर 'प्राणवायु' बढ़ाएं, सीएम शिवराज के हस्ताक्षर वाला सर्टिफिकेट पाएं, आपकी कोशिश चयनित हुई तो पुरस्कार भी मिलेगा