भाजपा विधायक चेतन्य काश्यप ने प्रचंड जीत के बाद विजय जुलूस में मतदाताओं को दिया धन्यवाद, शहर में एक साथ मनी दीपावली एवं होली

भाजपा के नवनिर्वाचित विधायक चेतन्य काश्यप ने विजय जुलूस में रतलाम शहर के मदताओं के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने लोगों के भरोसे को कायम का वादा किया।

भाजपा विधायक चेतन्य काश्यप ने प्रचंड जीत के बाद विजय जुलूस में मतदाताओं को दिया धन्यवाद, शहर में एक साथ मनी दीपावली एवं होली
नवनिर्वाचित विधायक चेतन्य काश्यप का स्वागत करते शासकीय आर्ट्स एंड साइंस कॉलेज की जनभागीदारी समिति सदस्य विनोद करमचंदानी एवं अन्य।

विभिन्न स्थानों पर मंचों से हुआ भव्य स्वागत

एसीएन टाइम्स @ रतलाम विधानसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी विधायक चेतन्य काश्यप की ऐतिहासिक जीत के बाद मतगणना स्थल के बाहर कॉलेज रोड से भव्य जुलूस निकाला गया। इसमें नवनिर्वाचित विधायक काश्यप ने मतदाताओं को धन्यवाद ज्ञापित किया। जीत के साथ ही कार्यकर्ताओं में उत्साह और उल्लास छा गया। शहर में जोरदार आतिशबाजी और रंग गुलाल के साथ पुष्प वर्षा ने एक साथ दीपावली और होली मना दी। जुलूस का विभिन्न स्थानों पर मंचों से भव्य स्वागत कर काश्यप को शहरवासियों ने बधाई एवं शुभकामनाएं दी।

विजय एवं धन्यवाद जुलूस कॉलेज रोड से शुरू होकर नाहरपुरा, डालू मोदी बाजार, गणेश देवरी, चौमुखीपुल, चांदनीचौक, तोपखाना, नीम चौक होते हुए धानमंडी से शहर सराय होकर लोकेंद्र टॉकीज पहुंचा। यहां से न्यू रोड, दो बत्ती चौराहा, स्टेशन रोड होते हुए वीसाजी मेंशन पर जुलूस का समापन हुआ। जुलूस के दौरान कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह नजर आया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने जमकर आतिशबाजी करते हुए रंग-गुलाल उड़ा कर खुशी का इजहार किया।

जुलूस के दौरान काश्यप खुली जीप में सवार होकर मतदाताओं का अभिवादन करते रहे। उनके साथ जिला चुनाव संयोजक बजरंग पुरोहित, विधानसभा संयोजक मनोहर पोरवाल, महापौर प्रहलाद पटेल, प्रदेश कार्य समिति सदस्य निमिष व्यास, जिला कोषाध्यक्ष जयवंत कोठारी, विस्तारक प्रमोद कोठारी, प्रहलाद राठौड़ आदि जीप पर सवार रहे। जुलूस में पीछे भाजपा महिला मोर्चा अलग वाहन पर सवार होकर विजय के प्रतीक के साथ खुशियां बिखेरता निकला। भारतीय जनता युवा मोर्चा ने न्यू रोड पर जुलूस का स्वागत किया। जुलूस में भाजपा के जिला व मण्डल, मोर्चा एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्तागण एवं आमजन शामिल हुए।

प्रचंड जीत के बाद कहा- जनता के भरोसे को पूर्ण करके नया रतलाम बनाएंगे

विधानसभा चुनाव में प्रचण्ड जीत के बाद नवनिर्वाचित विधायक चेतन्य काश्यप ने इस जीत का श्रेय कार्यकर्ताओं को दिया। उन्होंने कहा कि यह जीत भारतीय जनता पार्टी, देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान की जीत है। काश्यप ने कहा कि हमने ‘‘नया भारत और नया रतलाम’’ नारा दिया था, अब हम आगे इसे सार्थक करेंगे। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान जी के नेतृत्व में पूरे प्रदेश में हमने जीत का परचम लहराया है। रतलामवासियों ने मुझे जो समर्थन दिया है, उससे मेरा दायित्व और अधिक बढ़ गया है। मैं विश्वास दिलाता हूं कि जिस भरोसे के साथ में जिताया है, उस भरोसे को पूर्ण करके रतलाम को नया ही नहीं, अपितु देश में पूरे मालवा का सबसे बड़ा औद्योगिक नगर बनाएंगे।

कांग्रेस का सूपड़ा साफ करने पर भाजपा ने किया जिलेवासियों का धन्यवाद ज्ञापित

मध्यप्रदेश विधानसभा के चुनाव में रतलाम जिले में कांग्रेस का सूपड़ा साफ होने पर भारतीय जनता पार्टी ने हर्ष जताते हुए सभी जिलेवासियों को धन्यवाद ज्ञापित किया है। जिले की पांच में से चार सीटों पर भाजपा ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। एक सीट भी निर्दलीय उम्मीदवार के खाते में जाने से कांग्रेस नहीं जीत पाई। चुनाव की यह जीत भाजपा के प्रति आम जनता के प्रगाढ़ विश्वास का प्रतीक है। यह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान के नेतृत्व और कार्यकर्ताओं के समर्पण की जीत है।

भाजपा जिलाध्यक्ष, रतलाम सांसद, मंदसौर सांसद सुधीर गुप्ता, उज्जैन सांसद अनिल फिरोजिया, नवनिर्वाचित विधायक चेतन्य काश्यप, डॉ. राजेन्द्र पाण्डेय, डॉ. चिन्तामणि मालवीय एवं मथुरालाल डामर, जिला चुनाव संयोजक बजरंग पुरोहित ने मतदाताओं को भाजपा की ऐतिहासिक जीत की बधाई दी। उन्होंने कहा है कि भाजपा ने देश एवं प्रदेश में सर्वहारा वर्ग के कल्याण के साथ चौतरफा विकास का जो क्रम शुरू किया है, वह लगातार जारी रहेगा। डबल इंजन की सरकार प्रदेश के विकास को नई गति देगी और जन कल्याण की सारी योजनाएं भी लगातार जारी रहेगी। सभी नेताओं ने मतदाताओं को संकल्प व्यक्त किया कि वे रतलाम जिले के विकास में कोई कसर बाकी नहीं रखेंगे। ‘‘सबका साथ-सबका विकास’’ के संकल्प के साथ भाजपा सरकार कार्य करेगी।