बड़ी राहत : रतलाम में त्योहार क दौरान रात 12 बजे तक खुले रहेंगे बाजार, व्यापारियों ने विधायक काश्यप का जताया आभार

रतलाम में बाजार रात 12 बजे तक खुले रखने के प्रशासन के निर्णय को लेकर व्यापारियों ने विधायक चेतन्य काश्यप का आभार व्यक्त किया।

बड़ी राहत : रतलाम में त्योहार क दौरान रात 12 बजे तक खुले रहेंगे बाजार, व्यापारियों ने विधायक काश्यप का जताया आभार
व्यापारियों की मांग पर त्योहार में बाजार देर रात तक खुला रखने को लेकर विधायक चेतन्य काश्यप से चर्चा करते कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी।

त्योहार पर व्यापारियों को छूट दिए जाने के संबंध में विधायक ने कलेक्टर से की थी चर्चा

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । आगामी त्योहारों को दृष्टिगत रखते हुए रतलाम शहर के बाजार रात 12 बजे तक खुले रहेंगे। व्यापारियों की मांग पर विधायक चेतन्य काश्यप सहित अन्य जनप्रतिनिधियों से चर्चा के बाद कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी व पुलिस अधीक्षक अभिषेक तिवारी ने यह निर्णय लिया। यह व्यवस्था दीपावली पर्व तक प्रभावी रहेगी। देर रात तक बाजार खुले रखने के निर्णय को लेकर व्यापारियों ने विधायक काश्यप के प्रति आभार ज्ञापित किया है।

कलेक्टर सूर्यवंशी ने बताया आमजन की सुविधा व महत्वपूर्ण थोक व खेरची बाजार की प्रकृति तथा  व्यावहारिक दृष्टिकोण को ध्यान में रखते हुए रात में बाजारों के खुलने के समय में वृद्धि की गई है।  अभी तक रात 10:00 बजे तक ही बाजार खोलने की अनुमति थी किंतु अब रात 12:00 बजे तक बाजार खुले रह सकेंगे।

व्यापारियों ने विधायक से मिलकर बताई थी परेशानी

दीपोत्सव पर बाजार रात 12 बजे तक खुले रखने की छूट मिलने के बाद व्यापारियों में हर्ष है। प्रशासन द्वारा इस संबंध में आदेश जारी किए जाने के बाद विभिन्न व्यापारिक संगठनों से जुडे़ प्रतिनिधि विधायक काश्यप का आभार जताने उनसे मिलने पहुंचे। त्यौहार के समय पुलिस-प्रशासन द्वारा रात 10 बजे बाद व्यापारिक प्रतिष्ठानों को बंद कराया जा रहा था, जिससे व्यापारियों में आक्रोश था। इसे देखते हुए भाजपा के वरिष्ठ नेता व व्यापारी मनोहर पोरवाल ने भी विधायक काश्यप से चर्चा की थी।

व्यापारियों ने त्योहार के दौरान व्यवहारिक परेशानियों को ध्यान में रखते हुए विधायक काश्यप से बाजार का समय बढ़ाने को लेकर मांग रखी थी। इसके चलते विधायक ने कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी एवं पुलिस अधीक्षक अभिषेक तिवारी से दीपावली पर्व तक स्थानीय बाजार देर रात खोले रखने को लेकर चर्चा की। नतीजतन प्रशासन ने इस संबंध में आदेश जारी किए। इससे व्यापारियों में हर्ष है। उन्होंने विधायक काश्यप के प्रति आभार प्रकट किया।

नौकरीपेशा लोगों को होगी सहूलियत

व्यापारियों के अनुसार आमजन की सुविधा और यहां के महत्वपूर्ण थोक व खेरची बाजार की प्रकृति तथा व्यावहारिक दृष्टिकोण के चलते उन्होंने बाजार का समय बढ़ाने की मांग की थी। इस पर कोई ध्यान नहीं दे रहा था। इससे उन्होंने परेशानी विधायक काश्यप को बताई। इसके परिणामस्वरूप सकारात्मक परिणाम सामने आए। व्यापारियों का तर्क है कि देर रात तक बाजार खुले रहने से नौकरीपेशा लोगों को सहूलियत होगी। वे नौकरी से घर लौटने के बाद भी खरीददारी कर सकेंगे। यदि बाजार खुलने का समय नहीं बढ़ता तो उन्हें भी परेशानी का सामना करना पड़ता।