कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप ने नगर वन के लिए 10 हेक्टेयर भूमि नगर निगम को सौंपी, करमदी में साड़ी क्लस्टर के लिए भी भूमि चिह्नित करने के दिए आदेश

कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप ने गंगासागर में बनने वाले रीजनल पार्क के लिए भूमि आवंटन का पत्र नगर निगम अध्यक्ष मनीषा शर्मा को सौंपा। उन्होंने करमदी में प्रस्तावित साड़ी क्लस्टर को लेकर अधिकारियों की बैठक भी ली।

कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप ने नगर वन के लिए 10 हेक्टेयर भूमि नगर निगम को सौंपी, करमदी में साड़ी क्लस्टर के लिए भी भूमि चिह्नित करने के दिए आदेश
नगर पार्क विकसित करने हेतु नगर निगम अध्यक्ष को भूमि आवंटन का पत्र सौंपते मंत्री चेतन्य काश्यप।

एसीएन टाइम्स @ रतलाम विधानसभा चुनाव के दौरान शहर की जनता से किए वादों को अब पंख लगने लगे हैं। सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री चेतन्य काश्यप लगातार संकल्प-पत्र के संकल्पों को पूरा करने के प्रयास में जुटे हैं। मंत्री काश्यप ने नगर वन के लिए गंगासागर कॉलोनी के पास चिह्नित 10 हेक्टेयर भूमि आवंटन का पत्र नगर निगम अध्यक्ष को सौंपा। उन्होंने करमदी में साड़ी क्लस्टर को लेकर कलेक्टर सहित अन्य अधिकारियों के साथ बैठक भी की। यहां क्लस्टर के लिए 10 हेक्टेयर जमीन चिह्नित की गई है।

नगर वन के लिए करीब 10 हेक्टेयर भूमि आवंटन की प्रक्रिया पूरी होने पर उसका पत्र कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप ने नगर निगम अध्यक्ष मनीषा शर्मा को सौंपा। इस अवसर कलेक्टर राजेश बाथम सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। मंत्री काश्यप ने बताया कि गंगासागर कॉलोनी के समीप नगर वन के लिए करीब 10 हेक्टेयर भूमि चिह्नित की गई है। इस पर नगर वन तैयार करने का काम नगर निगम करेगा।

साड़ी क्लस्टर रतलाम विकास में निभाएगा महती भूमिका

मंत्री काश्यप ने शहर में निर्मित किए जाने वाले साड़ी कलस्टर निर्माण को लेकर कलेक्टर राजेश बाथम सहित अन्य प्रशासनिक अमले के साथ बैठक ली। काश्यप ने कहा कि करमदी में साड़ी कलस्टर बनाए जाने की जो तैयारी की जा रही है, वह रतलाम विकास में महती भूमिका निभाएगी। करमदी में इसके लिए करीब 10 हेक्टेयर भूमि का चयन कर लिया गया है। आवंटन की प्रक्रिया जल्द पूरी करने के निर्देश प्रशासनिक अमले को दिए गए है।

हाउसिंग बोर्ड विकसित करेगा क्लस्टर

उक्त भूमि पर निर्माण कार्य मध्यप्रदेश गृह निर्माण मण्डल द्वारा किया जाएगा। गृह निर्माण मण्डल ने राजस्व विभाग से चिह्नत भूमि का आवंटन जल्द कराने की मांग की है। साड़ी कलस्टर के निर्माण से रतलाम प्रदेश ही नहीं देश एवं दुनिया के नक्शे पर चमकेगा। प्रदेश सहित अन्य राज्यों से साड़ी खरीदने के लिए व्यवसायियों को रतलाम के साड़ी कलस्टर में ही हर तरह की साड़ी मिल सकेगी।