बड़ा बयान : भाजपा सरकार ने चोर के हाथ में चाबी देने का काम किया, लुटेरे और डाकू भी मंत्री बनकर खुद पर कर रहे नाज़- डॉ. विक्रांत भूरिया

जोबट में आयोजित कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन में कांग्रेस प्रत्याशी कांतिलाल भूरिया के पुत्र विधायक डॉ. विक्रांत भूरिया ने फिर भाजपा, मप्र के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और वन मंत्री नागर सिंह चौहान पर गंभीर आरोप लगाए।

Apr 17, 2024 - 19:36
 0
बड़ा बयान : भाजपा सरकार ने चोर के हाथ में चाबी देने का काम किया, लुटेरे और डाकू भी मंत्री बनकर खुद पर कर रहे नाज़- डॉ. विक्रांत भूरिया
पत्रकार वार्ता को संबोधित करते कांग्रेस विधायक डॉ. विक्रांत भूरिया।

एसीएन टाइम्स @ जोबट रतलाम-झाबुआ लोकसभा के कांग्रेस प्रत्याशी कांतिलाल भूरिया के विधायक पुत्र कांग्रेस नेता डॉ. विक्रांत भूरिया ने फिर बड़ी बात कही है। उनका कहना है कि देश में आज लुटेरे-डाकू भी अपने आप पर नाज़ कर रहे हैं। वे मंत्री-संत्री बन रहे हैं। ऐसा कलयुग आ गया है। भाजपा कहती है भ्रष्टाचार जीरो प्रतिशत हो गया है जबकि भ्रष्टाचारी भाजपा में हैं, बाकी बचे हुए जेल में हैं। भाजपा सरकार ने चोर के हाथ में चाबी देने का काम किया है।

यह बात कांग्रेस विधायक डॉ. विक्रांत भूरिया यहां आयोजित पत्रकार वार्ता में बोल रहे थे। डॉ. भूरिया रतलाम संसदीय क्षेत्र के कांग्रेस प्रत्याशी कांतिलाल भूरिया के समर्थन में आयोजित कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन में मौजूद थे। उन्होंने कहा कि कि वन मंत्री जी को बताना चाहिए कि आलीराजपुर में सबसे बड़े क्षेत्र में शराब माफिया, रेत माफिया, भू-माफिया कौन है। क्षेत्र में इनका बोलबाला है। आज क्षेत्र में इनका आतंक है। जिले में सबसे ज्यादा जंगल कटाई किसके द्वारा की गई है, वन मंत्री यह स्पष्ट रूप से बताएं। क्या इस कार्य में उनके परिवार के लोग शामिल नहीं हैं? प्रदेश की डॉ. मोहन यादव सरकार ने नागर सिंह चौहान को वन मंत्री बनाकर चोर के हाथ में चाबी देने का काम किया है। भूरिया ने कहा कि भाजपा को संविधान बदलना है इसलिए बार-बार ‘इस बार 400 पार’ की बात कह रही है। डॉ. भूरिया ने दावा किया कि देश में भाजपा को 200 सीटें भी मिलना मुश्किल हैं।

आदिवासियों से माफी मांगें मुख्यमंत्री

विधायक डॉ. भूरिया ने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव  के आदिवासियों के संदर्भ में दिए गए बयान की आलोचना भी की। भूरिया ने कहा कि मुख्यमंत्री के बयान से आदिवासियों की भावना आहत है। उन्होंने आलीराजपुर के कार्यक्रम में कहा कि महुआ उपयोग करने वाले और बीनने वाले गए बीते लोग हैं। इस दौरान वहां मौजूद वन मंत्री नागर सिंह चौहान खड़े-खड़े हंस रहे थे। अतः सीएम को आदिवासियों से माफी मांगनी चाहिए। मुख्यमंत्री को महुआ और महुआ बीनने वालों से परहेज है, शराब माफिया उनके साथ है। डॉ. विक्रांत ने कहा कि महुआ से बनी शराब धार्मिक आयोजन में उपयोग में होती है। मुख्यमंत्री रीति-रिवाज पर पाबंदी लगाने का प्रयास कर रहे हैं, ऐसा हम होने नहीं देंगे।

चांदी में उछाल का बोझ आदिवासियों पर

डॉ. विक्रांत भूरिया ने कहा कि चांदी के भाव 1 साल में 70 हजार से बढ़कर 84 हजार हो गए हैं। महंगाई आदिवासियों के लिए परेशानी का कारण बन रही है। वैवाहिक आयोजन मुश्किल हो गए हैं। आदिवासी समाज में विवाह के लिए चांदी के आभूषण जरूरी हैं। दाम बढ़ने से आदिवासियों पर आर्थिक बोझ बढ़ा है। डॉ. भूरिया ने कहा कि जो भूमि अधिग्रहण कानून बना है, उसमें सबसे बड़ा योगदान कांग्रेस पार्टी का रहा है। आदिवासियों को विस्थापित करने का षड्यंत्र रचा जा रहा है, हम इसे सफल नहीं होने देंगे। आदिवासियों की जमीन हम जाने नहीं देंगे।

Niraj Kumar Shukla 1994 से अब तक पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। इस दौरान सांध्य दैनिक 'रतलाम दर्शन' और हिंदी दैनिक 'साभार दर्शन', 'चेतना', 'नवभारत' और 'दैनिक भास्कर' सहित विभिन्न समाचार-पत्रों और पत्रिकाओं में पूर्णकालिक संवाददाता, उप-संपादक और समाचार संपादक जैसे दायित्वों का निर्वहन किया। हिंदी ब्लॉगर और स्वतंत्र लेखन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहते हुए वर्तमान में समाचार पोर्टल www.acntimes.com के मुख्य संपादक के दायित्व में। वर्ष 2011 से अब तक मप्र सरकार से राज्य स्तरीय अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार। पत्रकारिता में आने से पूर्व और बाद के कुछ वर्षों तक अध्यापन भी किया।