लोकसभा चुनाव के लिए मतदाता सूची के प्रारूप का प्रकाशन, 13-14 जनवरी को घर-घर पहुंच कर अपडेट की जाएगी जानकारी

रतलाम-झाबुआ संसदीय क्षेत्र के चुनाव को लेकर मतदाता सूची का प्रारंभिक प्रकाशन हो गया है। मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को इसकी प्रतियां प्रदान की गई हैं।

लोकसभा चुनाव के लिए मतदाता सूची के प्रारूप का प्रकाशन, 13-14 जनवरी को घर-घर पहुंच कर अपडेट की जाएगी जानकारी
मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को प्रारंभिक मतदाता सूची प्रदान करती उप जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. शालिनी श्रीवास्तव।

मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने दी जानकारी

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश अनुसार रतलाम जिले में मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशन 6 जनवरी को किया गया। जिले के सभी 1295 मतदान केन्द्रों पर मतदाता सूची के प्रारूप का प्रकाशन किया गया। इसके अनुसार वर्तमान में जिले में करीब 11 लाख मतदाता हैं। मतदाता सूची को अपडेट करने का काम 13-14 जनवरी को किया जाएगा।

मदताता सूची प्रारूप प्रकाशन को लेकर मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक कलेक्टर सभाकक्ष में हुई। इसमें अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. शालिनी श्रीवास्तव तथा राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। डॉ. श्रीवास्तव ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को विधानसभावार फोटोयुक्त मतदाता सूची के सेट प्रदान किए गए। साथ ही फोटो रहित मतदाता सूची की सीडी भी प्रदान की गई। उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से कहा कि वे प्रत्येक बूथ पर अपने बूथ लेवल एजेंट की नियुक्ति सुनिश्चित करें ताकि वे बूथ लेवल अधिकारी से समन्वय बनाकर कार्य कर सकेंगे। इससे मतदाता सूची को और शुद्ध बनाया जा सकेगा। इस दौरान बताया गया कि आगामी 13 तथा 14 जनवरी को जिले में आयोग के निर्देश अनुसार विशेष कैंप आयोजित किए जाएंगे। इसमें बूथ लेवल अधिकारी घर-घर जाकर मतदाता के संबंध में जानकारी अपडेट करेंगे।

कहां कितनी है मतदाताओं की संख्या

मतदाता सूची की प्रारंभिक प्रकाशन के अनुसार जिले में मतदाताओं की संख्या 10 लाख 98 हजार 347 है। इनमें पुरुष मतदाताओं की संख्या 5 लाख 48 हजार 944 है तथा महिला मतदाताओं की संख्या 5 लाख 49 हजार 369 है। विधानसभावार बात करें तो रतलाम ग्रामीण विधानसभा में में मतदाताओं की संख्या 2 लाख 13 हजार 167 है। इनमें 1 लाख 6 हजार 645 पुरुष तथा 1 लाख 6 हजार 510 महिला मतदाता हैं। इसी प्रकार रतलाम शहर विधानसभा क्षेत्र में कुल मतदाता 2 लाख 15 हजार 776 हैं। इनमें पुरुष मतदाताओं की संख्या 1 लाख 7 हजार 120 है। महिला मतदाताओं की संख्या 1 लाख 8 हजार 651 है। विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र सैलाना में कुल मतदाताओं की संख्या 2 लाख 10 हजार 148 है, पुरुष मतदाताओं की संख्या 1 लाख 3 हजार 958, महिला मतदाताओं की संख्या 1 लाख 6 हजार 190 है।

विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र जावरा में कुल मतदाताओं की संख्या 2 लाख 37 हजार 420 है। इनमें पुरुष मतदाताओं की संख्या 1 लाख 18 हजार 653 है, महिला मतदाताओं की संख्या 1 लाख 18 हजार 758 है। इसी प्रकार विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र आलोट में कुल मतदाताओं की संख्या 2 लाख 21 हजार 836 है, इनमें पुरुष मतदाताओं की संख्या 1 लाख 12 हजार 568 है, महिला मतदाताओं की संख्या 1 लाख 09 हजार 260 है।