दीप मिलन समारोह : 10-12 खेलों से हुई थी खेल चेतना मेला की शुरुआत, इसका रजत जयंती वर्ष में आयोजन महत्वपूर्ण मुकाम- कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप

10-12 खेलों के साथ शुरू हुआ खेल चेतना मेला रजत जयंती वर्ष में प्रवेश कर चुका है। कैबिनेट मंत्री की उपस्थिति में आयोजन समिति ने दीप मिलन समारोह मनाया।

Oct 30, 2024 - 21:51
Oct 31, 2024 - 15:46
 0
दीप मिलन समारोह : 10-12 खेलों से हुई थी खेल चेतना मेला की शुरुआत, इसका रजत जयंती वर्ष में आयोजन महत्वपूर्ण मुकाम- कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप
दीप मिलन समारोह के दौरान कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप के साथ खेल मेला आयोजन समिति के सदस्य।

खेल संयोजक, सलाहकार एवं प्रशिक्षक दीप मिलन समारोह आयोजित
एसीएन टाइम्स @ रतलाम । दीपोत्सव पर्व पर आयोजन समिति का दीप मिलन समारोह सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री, क्रीड़ा भारती के राष्ट्रीय कार्याध्यक्ष एवं चेतन्य काश्यप फाउंडेशन अध्यक्ष चेतन्य काश्यप की उपस्थिति में मना। इस अवसर पर काश्यप ने कहा कि इस बार 25वां खेल चेतना मेला का आयोजन होने जा रहा है। यह एक महत्वपूर्ण मुकाम है। इस बार 20 से 23 दिसंबर तक यह आयोजित होगा।

काश्यप ने कहा कि हमने स्कूली स्तर के बच्चों के लिए इसका स्वरूप बनाकर 10-12 खेलों से इसकी शुरुआत की थी। स्कूली स्तर पर एक साथ इतने खेलों का आयोजन करना बड़ी बात थी। क्योंकि किसी को इसका अनुभव भी नहीं था, लेकिन सभी ने इसे करने की जिम्मेदारी उठाई और लगातार यह सफलता पर है। अब हम 25वें रजत जयंती वर्ष में इसे आयोजित करने जा रहे है। रतलाम में बेहतर खिलाड़ियों का निर्माण हो इसके लिए स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स तैयार हो रहा है। इसमें एथलेटिक्स ट्रैक का ऑर्डर हो चुका है। सामने की भूमि पर हॉकी का सिंथेटिक कोर्ट बनेगा। इसके साथ एक बड़ा हाल बनेगा, जिसमें बेडमिंटन के तीन कोर्ट रहेंगे।

काश्यप के प्रयासों से बन रहा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स- प्रदीप उपाध्याय

भाजपा जिला अध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय ने कहा कि बीते 24 वर्षों से लगातार खेल चेतना मेला का आयोजन रतलाम में हुआ है और अब रजत जयंती वर्ष में आयोजन होने जा रहा है, इसके लिए मेरी ओर से मंत्री काश्यप को शुभकामनाएं देता हूं। हमारे पास पहले खेल के लिए एक ही मैदान था लेकिन काश्यप के प्रयासों से अब स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स बन रहा है, जिससे खिलाड़ियों को अब बेहतर खेल और सुविधाएं मिल सकेगी। रतलाम के विकास के साथ वह खेल और खिलाड़ियों का भी विकास कर रहे है। रतलाम में बेहतर खिलाड़ी कैसे तैयार हो उसके लिए निरंतर प्रयासरत रहते है।

ये उपस्थित रहे

समारोह के दौरान खेल चेतना मेला आयोजन समिति सचिव मुकेश जैन, क्रीड़ा भारती जिला अध्यक्ष डॉ. गोपाल मजावदिया, अशोक जैन लाला, सिद्धार्थ काश्यप, श्रवण काश्यप मंचासीन रहे। संचालन क्रीड़ा भारती के सचिव अनुज शर्मा ने किया। आभार आयोजन समिति सचिव मुकेश जैन ने माना।

Niraj Kumar Shukla 1994 से अब तक पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। इस दौरान सांध्य दैनिक 'रतलाम दर्शन' और हिंदी दैनिक 'साभार दर्शन', 'चेतना', 'नवभारत' और 'दैनिक भास्कर' सहित विभिन्न समाचार-पत्रों और पत्रिकाओं में पूर्णकालिक संवाददाता, उप-संपादक और समाचार संपादक जैसे दायित्वों का निर्वहन किया। हिंदी ब्लॉगर और स्वतंत्र लेखन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहते हुए वर्तमान में समाचार पोर्टल www.acntimes.com के मुख्य संपादक के दायित्व में। वर्ष 2011 से अब तक मप्र सरकार से राज्य स्तरीय अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार। पत्रकारिता में आने से पूर्व और बाद के कुछ वर्षों तक अध्यापन भी किया।