मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रतलाम लोकसभा की भाजपा उम्मीदवार अनीता नागर सिंह चौहान का नामांकन दाखिल कराया, देखें वीडियो...

रतलाम-झाबुआ लोकसभा की भाजपा प्रत्याशी अनीता नगर सिंह चौहान ने गुरुवार को झाबुआ में नामांकन फॉर्म दाखिल किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप, वन मंत्री नागर सिंह चौहान मौजूद रहे।

कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप, वन मंत्री नागर सिंह चौहान और विधायक मथुरालाल डामर रहे उपस्थित, रतलाम जिले की तीन विधानसभा से हजारों कार्यकर्ता झाबुआ पहुंचे

एसीएन टाइम्स @ झाबुआ / रतलाम । लोकसभा चुनाव के लिए नामांकन फॉर्म जमा करने के आखिरी दिन रतलाम लोकसभा सीट पर भाजपा उम्मीदवार अनीता नागर सिंह चौहान ने नामांकन दाखिल किया। झाबुआ में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मौजूदगी में नामांकन जिला निर्वाचन अधिकारी नेहा मीणा के समक्ष प्रस्तुत किया गया। इस मौके पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप, वन मंत्री नागर सिंह चौहान और रतलाम ग्रामीण विधायक मथुरालाल डामर मौजूद रहे।

नामांकन से पहले झाबुआ बस स्टैंड पर जनसभा हुई। इसमें केंद्रीय मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते, प्रदेश के उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, कैबिनेट मंत्री निर्मला भूरिया सहित रतलाम, झाबुआ, आलीराजपुर के भाजपा के जिलाध्यक्ष उपस्थित रहे।

रतलाम भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय एवं जिला प्रभारी प्रदीप पांडेय के नेतृत्व में तीन विधानसभा क्षेत्र रतलाम शहर, ग्रामीण और सैलाना के हजारों कार्यकर्त्ता शामिल हुए। जिला महामंत्री निर्मल कटारिया, संगीता चारेल सहित सभी जिला, मंडल, मोर्चा और प्रकोष्ठ के पदाधिकारी झाबुआ पहुंचे थे।

मोदी राज में भाजपा का काल राम राज्य की तरह- मुख्यमंत्री

जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री मोहन यादव ने केंद्र की मोदी सरकार व भाजपा की प्रदेश सरकार द्वारा कराये गये विकास कार्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भाजपा आदिवासियों का विकास करने वाली पार्टी है। प्रदेश और केंद्र की सरकार में विकास कार्य आगे भी जारी रहेगा। भाजपा का काल मोदी राज में राम राज्य की तरह है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अस्पतालों में भर्ती मरीजों को अगर अन्य किसी बड़े अस्पताल में भर्ती कराना हो, तो उसे आवश्यक होने पर एयरलिफ्ट करने का निर्णय भी प्रदेश सरकार ने लिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के पास यहां सिर्फ एक ही उम्मीदवार है, विधायक बनाना हो तो वही और सांसद का चुनाव लड़ाना हो तो भी वही। कांग्रेस ने कभी आदिवासियों का भला नहीं किया, लेकिन भाजपा ने आदिवासियों को राष्ट्रपति पद तक पहुंचाया है। मुख्यमंत्री ने 13 मई को अधिक से अधिक मतदान करने का आह्वान किया।

कांग्रेसी नेता भाजपा में शामिल हुए

इस अवसर पर झाबुआ जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष व जिला पंचायत सदस्य विजय भाभर और जिला पंचायत सदस्य ममता बहादुर हठिला सहित कई कांग्रेसी नेताओं ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सहित अन्य नेताओं ने उनका स्वागत किया।