राजा-महाराजा बिक गए लेकिन गरीब नहीं बिका, आज हमारे साथ खड़ा है, शिवराज रोज झूठे वादे कर रहे हैं- दिग्विजय सिंह

राज्यसभा सदस्य एवं मप्र के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने रतलाम ग्रामीण कांग्रेस प्रत्याशी लक्ष्मण सिंह डिंडोर के समर्थन में बिरमावल में सभा की और उनके लिए वोट मांगे।

Nov 5, 2023 - 20:08
 0
राजा-महाराजा बिक गए लेकिन गरीब नहीं बिका, आज हमारे साथ खड़ा है, शिवराज रोज झूठे वादे कर रहे हैं- दिग्विजय सिंह
रतलाम ग्रामीण विधानसभा के कांग्रेस प्रत्याशी लक्ष्मण सिंह डिंडोर और उनके समर्थन में सभा को संबोधित करते हुए राज्यसभा सदस्य व मप्र के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह।

रतलाम ग्रामीण विधानसभा कांग्रेस प्रत्याशी लक्ष्मणसिंह डिंडोर के समर्थन में पूर्व मुख्यमंत्री ने ली सभा

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । लोकतंत्र का मतलब होता है बदलाव, प्रदेश में परिवर्तन की लहर चल रही है। 2023 के चुनाव भाजपा-कांग्रेस के व्यक्तियों के बीच का चुनाव नहीं है। सरकार किसकी बन रही है यह आपको ध्यान रखना है। प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बन रही है। हमने सरकार बनाई तो 15 माह में खरीद-फरोख्त कर सरकार को गिराया। बड़े-बड़े राजा-महाराजा बिक गए लेकिन गरीब आज भी नहीं बिका और हमारे साथ खड़ा है। शिवराज रोज झूठे वादे कर रहे हैं। जनता सब समझ चुकी है।

यह बात पूर्व मुख्यमंत्री एवं राज्य सभा सदस्य दिग्विजयसिंह ने रतलाम ग्रामीण कांग्रेस प्रत्याशी लक्ष्मणसिंह डिंडोर के समर्थन में कही। पूर्व मुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सदस्य दिग्विजयसिंह रविवार को गांव बिरमावल में विशाल जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का उम्मीद्वार हाथ का पंजा है। रतलाम ग्रामीण विधानसभा के उम्मीद्वार लक्ष्मणसिंह डिंडोर इसी क्षेत्र से जनपद सीईओ रहे हैं, कांग्रेस ने इनको उम्मीदवार बनाया है, आपको ध्यान रखना है। हमारे नेता कमलनाथ ने जो वादे किए वह पूरे होकर रहेंगे। दिग्विजय सिंह हेलिकॉप्टर से पत्नी अमृता राय के साथ गांव बिरमावल पहुंचे थे। उनके साथ जयस सरंक्षक डॉ. आनंद राय भी थे।

डॉ. राय ने भी कांग्रेस प्रत्याशी लक्ष्मणसिंह डिंडोर को जिताने का संकल्प सभा में मौजूद मतदाताओं को दिलाया। प्रत्याशी डिंडोर के समर्थन में हजारों की संख्या में आमजन गांव बिरमावल पहुंचे। प्रत्याशी डिंडोर सहित कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह का स्वागत किया। सभा में गुजरात की विधायक प्रभा देवी, बदनावर विधानसभा से आए बद्रीलाल माली, कांग्रेस जिलाध्यक्ष कैलाश पटेल, वरिष्ठ नेता राजेश दवे, पूर्व जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष संजय चौधरी ने भी संबोधित कर भाजपा सरकार को उखाड़ फेंकने का संकल्प मतदाताओं को दिलाया।

भाजपा राज में बढ़ा भ्रष्टाचार- डिंडोर

प्रत्याशी डिंडोर ने कहा कि भाजपा राज में भ्रष्टाचार बड़ा है। बीजेपी सरकार झूठे से झूठे वादे कर रही है। हम सब मिलकर इस भ्रष्टाचारी सरकार को उखाडऩे का काम करेंगे। रतलाम ग्रामीण विधानसभा को एक नई दिशा देंगे। सर्व समाज के साथ विकास की गंगा बहाते हुए 18 सालों से जमी भ्रष्टाचारी सरकार को खत्म करेंगे। इस दौरान द्वारका पालीवाल, दिलीप कुमावत, पूर्व मंडी अध्यक्ष दिनेश शर्मा, जगदीश पाटीदार, संजय चौहान, मुंदड़ी ब्लॉक अध्यक्ष दशरथ भाबर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता के अलावा बिरमावल व आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों की जनता मौजूद थे। संचालन नामली ब्लॉक अध्यक्ष ने किया।

Niraj Kumar Shukla 1994 से अब तक पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। इस दौरान सांध्य दैनिक 'रतलाम दर्शन' और हिंदी दैनिक 'साभार दर्शन', 'चेतना', 'नवभारत' और 'दैनिक भास्कर' सहित विभिन्न समाचार-पत्रों और पत्रिकाओं में पूर्णकालिक संवाददाता, उप-संपादक और समाचार संपादक जैसे दायित्वों का निर्वहन किया। हिंदी ब्लॉगर और स्वतंत्र लेखन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहते हुए वर्तमान में समाचार पोर्टल www.acntimes.com के मुख्य संपादक के दायित्व में। वर्ष 2011 से अब तक मप्र सरकार से राज्य स्तरीय अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार। पत्रकारिता में आने से पूर्व और बाद के कुछ वर्षों तक अध्यापन भी किया।