अवैध सिम बेचने वालों से सावधान ! रतलाम में फर्जी सिम बेच रहा था सोहेल खान, सादी ड्रेस में पहुंचे हेड कॉन्सटेबल ने 500 रुपए में खरीदी, पुलिस ने कर लिया गिरफ्तार

रतलाम की माणक चौक थाना पुलिस ने 21 वर्षीय मुस्लिम युवक को अवैध सिम बेचते गिरफ्तार किया है। आरोपी 500-500 रुपए में सिम बेच रहा था।

May 10, 2025 - 11:44
 0
अवैध सिम बेचने वालों से सावधान ! रतलाम में फर्जी सिम बेच रहा था सोहेल खान, सादी ड्रेस में पहुंचे हेड कॉन्सटेबल ने 500 रुपए में खरीदी, पुलिस ने कर लिया गिरफ्तार
रतलाम । अवैध सिम बेचते एक युवक गिरफ्तार।

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । शहर की माणक चौक पुलिस ने एक 21 वर्षीय युवक को फर्जी सिम बेचने के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से दूसरे के नाम पर एक्टिव 3 और अनएक्टिव 10 सिम मिली हैं। पुलिस ने उसके खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है।

माणक चौक पुलिस के अनुसार उसे खबर मिली थी कि धानमंडी में रानी जी का मंदिर क्षेत्र में एक युवक छतरी लगाकर फर्जी सिम बेच रहा है। जानकारी मिलते ही पुलिस हरकत में आई। हेड कॉन्टेबल दिलीप रावत को सादी ड्रेस में मौके पर भेजा गया। वहां एक युवक से उन्होंने चर्चा की। उसने हेड कॉन्सटेबल रावत को 500 रुपए में दूसरे के नाम पर रजिस्टर्ड एयरटेल टेलीकॉम कंपनी की सिम बेची। इसके एवज में उसने न तो आधार कार्ड लिया और न ही अन्य कोई पहचान पत्र या फोटो ही लिया। बिना आधार कार्ड, आईडी व फोटो के सिम बेचने की शिकायत की पुष्टि होते ही पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की। युवक ने अपना नाम सोहेल पिता शेरू खान (उम्र 21 वर्ष) निवासी बाईजी की वास बताया।

इन धाराओं में दर्ज किया केस

पुलिस ने आरोपी सोहेल खान के विरुद्ध धारा 318(2) बीएनएस तथा 42(3) (c) टेलीकॉम एक्ट 2023 के तहत प्रकरण दर्ज किया है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है। इसमें यह पता लगाया जाएगा कि आरोपी युवक ने सिम किन-किन व्यक्तियों के नाम पर एक्टिवेट कर रखी थी और किन्हें बेची जा रही थी। अभी तक उसने कितने लोगों को इस तरह अवैध सिम बेची, यह भी पता लगाया जाएगा। बिना पहचान-पत्र के दूसरों के नाम से एक्टिवेटेड सिम खरीदने वालों के साथ ही सिम के डिस्ट्रीब्यूटर से भी पूछताछ कर कार्रवाई की जाएगी। 

तीन कंपनियों की मिली सिम

आरोपी सोहेल खान के पास से एयरटेल, आइडिया और जिओ टेलीकॉम कंपनी की सिम मिली हैं। सभी सिम को जब्त कर लिया गया है। इनमें तीन सिम दूसरों के नाम पर एक्टिवेटेड पाई गईं। वहीं 10 सिमें अनएक्टिवेटेड पाई गईं जिन पर बारकोड भी अंकित है। आरोपी इन सिम को 500-500 रुपए में बेच रहा था।

Niraj Kumar Shukla 1994 से अब तक पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। इस दौरान सांध्य दैनिक 'रतलाम दर्शन' और हिंदी दैनिक 'साभार दर्शन', 'चेतना', 'नवभारत' और 'दैनिक भास्कर' सहित विभिन्न समाचार-पत्रों और पत्रिकाओं में पूर्णकालिक संवाददाता, उप-संपादक और समाचार संपादक जैसे दायित्वों का निर्वहन किया। हिंदी ब्लॉगर और स्वतंत्र लेखन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहते हुए वर्तमान में समाचार पोर्टल www.acntimes.com के मुख्य संपादक के दायित्व में। वर्ष 2011 से अब तक मप्र सरकार से राज्य स्तरीय अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार। पत्रकारिता में आने से पूर्व और बाद के कुछ वर्षों तक अध्यापन भी किया।