कलेक्टर लाक्षाकार का लक्ष्य : नियत स्थानों पर भेजे जाएंगे सब्जी विक्रेता, अतिक्रमण भी हटेंगे, पहले निवेदन और जरूरत पड़ी तो दनादन भी

रतलाम कलेक्टर ने शहर के अव्यवस्थित यातायात को व्यवस्थित करने का बीड़ा उठाया है। इसके लिए उन्होंने शहर का भ्रमण कर स्थलों का जायजा लिया।

Dec 18, 2023 - 21:31
Dec 19, 2023 - 19:14
 0
कलेक्टर लाक्षाकार का लक्ष्य : नियत स्थानों पर भेजे जाएंगे सब्जी विक्रेता, अतिक्रमण भी हटेंगे, पहले निवेदन और जरूरत पड़ी तो दनादन भी
रतलाम कलेक्टर भास्कर लाक्षाकार ने उठाया शहर का यातायात व्यवस्थित करने का बीड़ा।

कलेक्टर भास्कर लाक्षाकार ने यातायात व्यवस्थित करने के लिए छेड़ी मुहिम, शहर का भ्रमण कर लिया व्यवस्था का जायजा

एसीएन टाइम्स @ रतलाम  रतलाम शहर के अव्यवस्थित और अनियंत्रित यातायात को सुधारने के लिए मौजूदा कलेक्टर भास्कर लाक्षाकार ने मुहिम छेड़ दी है। सोमवार को वे शहर शहर की सड़कों पर उतरे और विभिन्न इलाकों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्पष्ट किया कि सब्जी विक्रेताओं को नियत स्थानों पर भेजा जाएगा। छत्रीपुल क्षेत्र के फर्नीचर व्यवसायियों और बाजार के अन्य दुकानदारों का अतिक्रमण भी हटेगा।

शहर की सड़कों पर निकले कलेक्टर लाक्षाकार के साथ एसपी राहुल कुमार लोढ़ा, एसडीएम संजीव केशव पांडेय तथा निगम आयुक्त एपीएस गहरवार भी मौजूद रहे। इस दौरान निगम अमला साथ था। कलेक्टर ने बताया कि शहर में विभिन्न स्थानों पर बैठकर सब्जी विक्रय का व्यवसाय करने वालों को पूर्व में नियत छत्रीपुल, त्रिवेणी तथा विनोबा नगर में स्थान दिए जाएंगे जहां बैठकर सब्जी विक्रेता अपना व्यवसाय कर सकेंगे। छत्रीपुल स्थित फर्नीचर तथा अन्य विक्रेताओं द्वारा अपनी दुकानों को आगे बढ़ा लिए जाने के दृष्टिगत उनकी सामग्री रखने की सीमा भी नियत की जाएगी।

यहां दिया जाएगा सब्जी विक्रेताओं का स्थान

कलेक्टर के अनुसार शहर में अन्य सभी स्थानों पर जहां दुकानदारों द्वारा अपनी दुकान से आगे बढ़कर अतिक्रमण कर लिए गए हैं, उनकी सीमा रेखा निर्धारण की जाएगी। इसके लिए प्रारंभ में नगर निगम द्वारा उद्घोषणा की जाएगी। इसके बाद सख्ती की जाएगी। सब्जी विक्रेताओं को नियत स्थान देने के लिए कलेक्टर लाक्षाकार त्रिवेणी, विनोबा नगर तथा छत्रीपुल पहुंचे, साथ मौजूद अधिकारियों का आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

Niraj Kumar Shukla 1994 से अब तक पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। इस दौरान सांध्य दैनिक 'रतलाम दर्शन' और हिंदी दैनिक 'साभार दर्शन', 'चेतना', 'नवभारत' और 'दैनिक भास्कर' सहित विभिन्न समाचार-पत्रों और पत्रिकाओं में पूर्णकालिक संवाददाता, उप-संपादक और समाचार संपादक जैसे दायित्वों का निर्वहन किया। हिंदी ब्लॉगर और स्वतंत्र लेखन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहते हुए वर्तमान में समाचार पोर्टल www.acntimes.com के मुख्य संपादक के दायित्व में। वर्ष 2011 से अब तक मप्र सरकार से राज्य स्तरीय अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार। पत्रकारिता में आने से पूर्व और बाद के कुछ वर्षों तक अध्यापन भी किया।