रतलाम पुलिस को बड़ी सफलता : अवैध शराब के मामले में जावरा जेल में बंद कंजरों ने ही 6 माह पूर्व नामली में हाईवे पर नवरत्न होटल के पास की थी लूट

रतलाम पुलिस ने 6 माह पूर्व हुई एक लूट का पर्दाफास करने में सफलता मिली है। वारदात को अवैध शराब के मामले में जावरा जेल में बंद कंजरों ने ही अंजाम दिया था। यह खुलासा एसपी अभिषेक तिवारी ने मीडिया के समक्ष किया।

रतलाम पुलिस को बड़ी सफलता : अवैध शराब के मामले में जावरा जेल में बंद कंजरों ने ही 6 माह पूर्व नामली में हाईवे पर नवरत्न होटल के पास की थी लूट
रतलाम के नामली में नवरत्न होटल पर हुई लूट की जानकारी देते एसपी अभिषेक तिवारी।

एसपी अभिषेक तिवारी ने पत्रकार वार्ता में किया खुलासा, आरोपियों से पिस्टल और लूटे गए रुपए और गहने बरामद, हथियार भी जब्त

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । रतलाम-जावरा हाईवे पर नामली स्थित नवरतन होटल पर हुई लूट का पर्दाफास हो गया है। वारदात को जावरा जेल में बंद कंजरों द्वारा अंजाम दिया गया था। 6 माह पूर्व हुए अपराध में लूटे गए रुपए और गहने पुलिस ने बरामद कर लिए हैं। आरोपियों ने लूट में प्रयुक्त हुआ हथियार भी जब्त कर लिया गया है। अभी एक फरार आरोपी की तलाश की जा रही है।

एसपी अभिषेक तिवारी ने गुरुवार को पुलिस कंट्रोल रूम में मीडिया के समक्ष मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया 6 अगस्त 2021 को नगाराम पिता जगाराम चौधरी (31) निवासी दुधवा थाना सायला जिला जलोर (राजस्थान) ने नामली थाने में रिर्पोट कराई थी। नगाराम ने बताया था कि 5 अगस्त की रात करीब 10 बजे वे महू-नीमच हाईवे स्थित नामली के पास नवरत्न होटल पर रुके थे। वे अपनी कार के अंदर सो रहे थे।

तड]के करीब 4.15 बजे तीन लोग आये और कार का दरवाजा खटखटाया। जैसे ही नगाराम ने दरवाजा खोला, हथियारों से लैस बदमाशों ने जबरदस्ती कार के अंदर तलाशी ली। वे कार में रखे पर्स में से नौ हजार रुपए और डिक्की में रखे ट्रॉली बैग में रखे उनकी पत्नी के गहने लूट ले गए। गहनों में सोने का हार, कान की बाली, नथनी, चाँदी की पायल, सोने की टूटी चेन शामिल थी। नामली पुलिस ने धारा 392 भादवि में केस दर्ज कर विवेचना शुरू की। एसपी ने एएसपी डॉ. इंद्रजीत सिंह बाकलवार के मार्गदर्शन और एसडीओपी (रतलाम ग्रामीण) संदीप निगवाल के नेतृत्व में नामली थाना प्रभारी निरीक्षक प्रीति कटारे की टीम गठित की।

एसपी तिवारी ने बताया कि विवेचना के दौरान मुखबिर व वैज्ञानिक आधार पर संदेही विष्णु कंजर का वारदात के समय घटनास्थल के आस-पास होने का पता चला। मुखबिर से पता चला कि नवरत्न होटल पर हुई लूट में विष्णु कंजर व राहुल कंजर दोनों निवासी राजाखेड़ी शामिल हो सकते हैं। यह भी पता चला कि वे अभी अवैध शराब के मामले में जावरा की जेल में बंद हैं। इससे 5 फरवरी को रतलाम न्यायालय से उक्त आरोपियों का तीन दिन का पीआर हासिल किया। पूछताछ के दौरान दोनों ने नवरत्न होटल पर नगाराम के साथ लूट करना कबूल कर लिया। उनकी निशानदेही पर वारादत में प्रयुक्त देशी पिस्टल (कट्टा) और कारतूस जब्त कर लूटे गए रुपए और गहने भी बरामद किए गए। आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड है।

ये आरोपी हुए गिरफ्तार

1. विष्णु उर्फ रजाक पिता तिवारिया कंजर (27), निवासी ग्राम राजाखेड़ी थाना औद्योगिक क्षेत्र जावरा।

2. राहुल पिता तिवारिया कंजर (24) निवासी ग्राम राजाखेड़ी थाना औद्योगिक क्षेत्र जावरा।

बरामद हुआ सामान और जब्त हुए हथियार

सोने का 1 हार, सोने की कान की बाली 1 जोड़, सोने की नाक की नथ 1, चांदी की पायजेब (सभी कीमती करीब 1 लाख 70 हजार रुपए)। 1 चाकू और 1 देशी पिस्टल (कट्टा) एवं कारतूस।

इनकी भूमिका रही सराहनीय

निरीक्षक प्रीति कटारे, उपनिरीक्षक आर.पी. सारस्वत, प्रआर संतोष कुमार अग्निहोत्री, प्रआर राहुल जाट, आर. मनोहर नागदा, आर. अमित त्यागी, आर. मयंक जाटव, उनि रविन्द्र मालवीय, प्रआर सूरजमल पांचाल, प्रआर राजेन्द्र तिवारी, प्रआर जगदीशचन्द्र दमामी, प्रआर निरंजन त्रिपाठी, आर. अर्जुन मकवाना, आर. विजय निनामा, आर. नरेन्द्र सिंह जगावत, आर. संजय राठौर, आर. नितिन डामोर, आर मनोज मुजाल्दे, सैनिक रामेश्वर बघेल।

सीसीटीवी कैमरे का रुख बाहर की तरफ हो जिससे सड़क की गतिविधि हो कवर

वारदातों में नियंत्रण के लिए सीसीटीवी कैमरों की भूमिका महत्वपूर्ण है। एसपी अभिषेक तिवारी ने बताया आगामी दिनों में जनसहयोग से कई स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगवाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने लोगों सेभी सीसीटीवी कैमरे लगाने की अपील की है। एसपी के अनुसार कई घरों और दुकानों में जो सीसीटीवी कैमरे लगे हैं उनमें से अधिकतर में बाहर सड़क का दृश्य और गतिविधियां कवर नहीं होती हैं। अतः जो लोग भी सीसीटीवी कैमरे लगा रहे हैं अतवा जिन्होंने पहले से लगवा रखे हैं वे कम से कम एक कैमरा बाहर की ओर भी लगवाएं। इससे सड़क पर आने-जाने वालों के चेहरे और गतिविधियां कैद हो सकेंगी जिससे वारदात रोकने या होने पर आरोपियों की पहचान व पकड़ने में आसानी हो सकेगी।