भैंसों से भरे ट्रक ने बाइक सवार और डिवाइडर पर बैठे लोगों को रौंदा, 6 की मौके पर मौत, 10 से अधिक घायल, जानकारी मिलते ही विधायक मकवाना इंदौर से रतलाम रवाना

मप्र के रतलाम जिले में बड़ा हादसा हुआ है। सातरुंडा चौराहे पर फोरलेन पर एक ट्रक ने आधा दर्जन से अधिक लोगों को रौंद दिया इसमें 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और 10 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं।

Dec 4, 2022 - 18:26
Dec 5, 2022 - 00:24
 0
भैंसों से भरे ट्रक ने बाइक सवार और डिवाइडर पर बैठे लोगों को रौंदा, 6 की मौके पर मौत, 10 से अधिक घायल, जानकारी मिलते ही विधायक मकवाना इंदौर से रतलाम रवाना
सातरुंडा चौराहे पर हुए हादसे का शिकार लोग।

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । मप्र के रतलाम जिले में सातरुंडा चौराहे पर रविवार शाम बड़ा हादसा हो गया। भैंसों से भरे एक ट्रक ने बाइक सवार और फोरलेन के डिवाइडर पर बैठे आधा दर्जन से अधिक लोगों को रौंद दिया। इसमें 6 लोगों की मौके पर ही मौत होने की खबर है जबकि 10 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं। इंदौर में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के कार्यक्रम में शामिल होने गए रतलाम ग्रामीण विधायक दिलीप मकवाना हादसे की जानकारी मिलते ही रतलाम रवाना हो गए।

जानकारी के अनुसार रविवार शाम तकरीबन 5 बजे लेबड़-जावरा फोरलेन पर सातरुंडा चौराहे पर एक अनियंत्रित ट्रक क्रमांक RJ  37 GA 8319 बाइक सवार और डिवाइडर पर बैठे लोगों पर चढ़ गया। हादसे में आधा दर्जन से ज्यादा लोग चपेट में आ गए। ट्रक उन्हें बेरहमी से रौंदता हुआ आगे निकल गया। हादसे में 6 लोगों की मौके पर ही मौत होने की खबर है, 10 से ज्यादा लोग गंभीर घायल भी बताए जा रहे हैं। इनमें से ज्यादातर लोग मजदूरी पेशा हैं। डिवाइडर पर चढ़ने के दौरान ट्रक का टायर फट गया। ट्रक में भैंसें भरी हुई हैं और वह इंदौर की ओर से आकर रतलाम की ओर जा रहा था। जानकारी मिलते ही कलेक्टर नरेंद्र सूर्वयंशी, एसपी अभिषेक तिवारी सहित अन्य घटनास्थल की ओर रवाना हो गए थे।

हादसे के बाद लोगों ने जताया आक्रोश

हादसा देख चौराहे पर मौजूद लोग घटनास्थल की और दौड़ पड़े और पुलिस व एंबुलेंस की सूचना दी। उन्होंने हादसे का शिकार हुए लोगों को रतलाम पहुंचाने में पुलिस और एंबुलेंस स्टाफ की मदद की। लोगों में हादसे को लेकर काफी आक्रोश भी नजर आया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है ट्रक की गति काफी ज्यादा थी और अनियंत्रित भी था। वहीं कुछ लोगों का कहना है कि टायर फटने के कारण ट्रक अनियंत्रित हो गया और हादसा हो गया। जबकि कुछ लोगों का कहना है कि टायर हादसे के बाद फटा। 

विधायक मकवाना ने कलेक्टर सहित अधिकारियों से की बात

सातरुंडा में हुए हादसे की जानकारी मिलते ही रतलाम ग्रामीण विधायक दिलीप मकवाना इंदौर से रतलाम के लिए रवाना हो गई। वे वहां मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। हादसे का पता चलते ही उन्होंने कलेक्टर सहित वरिष्ठ अधिकारियों से चर्चा कर तत्काल राहत कार्य शुरू करवाने के लिए कहा। उन्होंने अपनी टीम को भी घटनास्थल पर रवाना होने के लिए कहा। विधायक मकवाना ने असमय काल का ग्रास बने लोगों के प्रति अपनी शोक संवेदना व्यक्त की करते हुए ईश्वर से दिवंगतों की आत्मा की शांति के लिए कामना की है। विधायक के अनुसार हादसा दुर्भाग्यपूर्ण है। इस घड़ी में वे सभी प्रभावितों के साथ हैं। मकवाना एसीएन टाइम्स को बताया वे सीधे अस्पताल पहुंच रहे हैं।

Niraj Kumar Shukla 1994 से अब तक पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। इस दौरान सांध्य दैनिक 'रतलाम दर्शन' और हिंदी दैनिक 'साभार दर्शन', 'चेतना', 'नवभारत' और 'दैनिक भास्कर' सहित विभिन्न समाचार-पत्रों और पत्रिकाओं में पूर्णकालिक संवाददाता, उप-संपादक और समाचार संपादक जैसे दायित्वों का निर्वहन किया। हिंदी ब्लॉगर और स्वतंत्र लेखन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहते हुए वर्तमान में समाचार पोर्टल www.acntimes.com के मुख्य संपादक के दायित्व में। वर्ष 2011 से अब तक मप्र सरकार से राज्य स्तरीय अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार। पत्रकारिता में आने से पूर्व और बाद के कुछ वर्षों तक अध्यापन भी किया।