प्रशासन का विकेंद्रीकरण होगा, विधानसभा के नवनिर्वाचित सदस्यों के लिए होगी प्रशिक्षण की व्यवस्था- मुख्यमंत्री डॉ. यादव

मप्र के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश के विधायकों को प्रशिक्षण देने और उन्होंने ओरछा, सकलनपुर और मैहर में महालोक बनाने की बात कही है।

Dec 18, 2023 - 16:11
 0
प्रशासन का विकेंद्रीकरण होगा, विधानसभा के नवनिर्वाचित सदस्यों के लिए होगी प्रशिक्षण की व्यवस्था- मुख्यमंत्री डॉ. यादव
डॉ. मोहन यादव, मुख्यमंत्री- मप्र।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मीडिया प्रतिनिधियों से विधानसभा परिसर में किया संवाद

एसीएन टाइम्स @ भोपाल । मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जारी जनकल्याण और विकास की योजनाओं का क्रियान्वयन हमारी डबल इंजन की सरकार निरंतर प्रभावी रूप से कर रही है। विधानसभा निर्वाचन 2023 में प्रदेशवासियों ने विकास के प्रति जो विश्वास व्यक्त किया है, उससे संवैधानिक संस्थाओं का मान और विश्वास बढ़ा है। हमारा प्रयास है कि प्रशासन का विकेंद्रीकरण हो। मुख्यमंत्री ने नवनिर्वाचित विधायकों और मंत्रिपरिषद के सदस्यों को प्रशिक्षण देने की बात भी कही।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव विधानसभा के 16वें सत्र से पहले विधानसभा परिसर में मीडिया से संवाद कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रशासन का विकेंद्रीकरण किया जाएगा। ऐसा इसलिए ताकि जिले पर जिला स्तरीय इकाई, संभाग पर संभाग स्तरीय इकाई और प्रदेश स्तर पर प्रदेश स्तरीय इकाई, विकास गतिविधियों के धरातल पर क्रियान्वयन में नीचे अपना श्रेष्ठतम योगदान दें। नवनिर्वाचित विधायक और मंत्रिपरिषद के सदस्य अपनी भूमिका अधिक प्रभावी तरीके से निभा सकें, इसके लिए उन्हें आवश्यक प्रशिक्षण दिया जाएगा।

ओरछा, सकलनपुर और मैहर में भी बनेंगे महालोक

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि श्रीअन्न (मोटे अनाज) के उत्पादन को प्रोत्साहित करने के लिए प्रदेश में व्यापक अभियान चलाया जाएगा। प्रदेश में सांस्कृतिक अभ्युत्थान का पर्व चल रहा है। हम भगवान बाबा महाकाल के साथ-साथ ओरछा, सलकनपुर और मैहर में महालोक निर्माण के लिए रोड मैप बना रहे हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रजातंत्र के चौथे स्तंभ मीडिया का स्वागत करते हुए मीडिया से अपेक्षा की कि मीडिया प्रतिनिधि रचनात्मक व सृजनात्मक भूमिका निभाएंगे तथा विकास और प्रदेश को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में अपना सकारात्मक योगदान देंगे। एक प्रश्न के उत्तर में मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारा समृद्ध विधायक समूह निर्वाचित होकर आया है, जन कल्याण और विकास को समर्पित मंत्रिमंडल का शीघ्र ही गठन किया जाएगा।

Niraj Kumar Shukla 1994 से अब तक पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। इस दौरान सांध्य दैनिक 'रतलाम दर्शन' और हिंदी दैनिक 'साभार दर्शन', 'चेतना', 'नवभारत' और 'दैनिक भास्कर' सहित विभिन्न समाचार-पत्रों और पत्रिकाओं में पूर्णकालिक संवाददाता, उप-संपादक और समाचार संपादक जैसे दायित्वों का निर्वहन किया। हिंदी ब्लॉगर और स्वतंत्र लेखन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहते हुए वर्तमान में समाचार पोर्टल www.acntimes.com के मुख्य संपादक के दायित्व में। वर्ष 2011 से अब तक मप्र सरकार से राज्य स्तरीय अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार। पत्रकारिता में आने से पूर्व और बाद के कुछ वर्षों तक अध्यापन भी किया।