सेवा प्रकल्प ! MSME मंत्री चेतन्य काश्यप ने किया कार्डियक एम्बुलेंस का लोकार्पण, विधायक निधि के 48.62 लाख रुपए से खरीदी एम्बुलेंस का रोटरी क्लब करेगा संचालन

रतलाम में मंत्री चेतन्य काश्यप ने विधायक निधि से प्रदत्त 48.62 लाख रुपए की अत्याधुनिक कार्डियक एम्बुलेंस का लोकार्पण किया। रोटरी सोशल वेलफेयर चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा संचालित एम्बुलेंस गंभीर मरीजों को बेहतर आपात चिकित्सा सुविधा प्रदान करेगी।

सेवा प्रकल्प ! MSME मंत्री चेतन्य काश्यप ने किया कार्डियक एम्बुलेंस का लोकार्पण, विधायक निधि के 48.62 लाख रुपए से खरीदी एम्बुलेंस का रोटरी क्लब करेगा संचालन
कार्डियक एम्बुलेंस देखते मंत्री चेतन्य काश्यप।

विधायक निधि से प्रदत्त 48.62 लाख रुपए की अत्याधुनिक कार्डियक एम्बुलेंस का लोकार्पण, गंभीर मरीजों को मिलेगी बेहतर आपात चिकित्सा सुविधा

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । प्रदेश के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री चेतन्य काश्यप ने विधायक निधि से प्रदत्त अत्याधुनिक कार्डियक एम्बुलेंस का विधिवत लोकार्पण किया। रोटरी क्लब रतलाम मंडल 3040 एवं रोटरी सोशल वेलफेयर चैरिटेबल ट्रस्ट, रतलाम द्वारा आयोजित समारोह में रोटरी मंडलाध्यक्ष सुखदेव सिंह घुम्मन एवं संस्कार कोठारी विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

इस अवसर पर मंत्री काश्यप ने रोटरी संस्था की सेवा भावना की सराहना करते हुए कहा कि रोटरी क्लब ने सेवा के क्षेत्र में स्वयं को विश्व स्तर पर सर्वोच्च संस्थाओं में स्थापित किया है। गंभीर मरीजों तक समय पर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना अत्यंत पुनीत कार्य है और ऐसे प्रयास मानव सेवा के नए आयाम स्थापित कर रहे हैं।

मंत्री काश्यप ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में आपातकालीन सहायता का विशेष महत्व है। कार्डियक एम्बुलेंस जैसी सुविधाएं गंभीर मरीजों के लिए जीवनरक्षक साबित होती हैं। उन्होंने कहा कि रतलाम मेडिकल कॉलेज में कार्डियक सर्जरी की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि जिले के मरीजों को उपचार के लिए बाहर न जाना पड़े। उन्होंने पद्मश्री डॉ. लीला जोशी द्वारा महिलाओं में एनीमिया रोकथाम के लिए किए जा रहे उल्लेखनीय कार्यों तथा गोविंद काकानी द्वारा कोविड-19 महामारी के दौरान दी गई सेवाओं की भी प्रशंसा की।

आयुष्मान कार्डधारकों को मिल रही एयर एम्बुलेंस की नि:शुल्क सुविधा

मंत्री काश्यप ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा शुरू की गई एयर एम्बुलेंस सेवा को स्वास्थ्य क्षेत्र की महत्वपूर्ण पहल बताते हुए कहा कि आयुष्मान कार्डधारक मरीजों को यह सुविधा निशुल्क उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने सुझाव दिया कि कार्डियक एम्बुलेंस का संचालन भी पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल की तर्ज पर किया जाना चाहिए, जिससे अधिक से अधिक जरूरतमंद मरीजों तक सेवाएं पहुंच सकें।

ये भी पढ़ें

48.62 लाख रुपए की है एम्बुलेंस

कार्यक्रम के प्रारंभ में रोटरी सोशल वेलफेयर चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष प्रद्युम्न मजावदिया ने एम्बुलेंस की विशेषताओं की जानकारी देते हुए बताया कि लोकार्पित कार्डियक एम्बुलेंस में अत्याधुनिक चिकित्सा उपकरणों और संसाधनों की व्यवस्था की गई है। इसका संचालन रोटरी ट्रस्ट द्वारा किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि एम्बुलेंस की कुल लागत लगभग 48 लाख 62 हजार रुपये है। विधायक निधि से पूर्व में प्राप्त एम्बुलेंस ने भी पिछले तीन वर्षों में उल्लेखनीय सेवाएं दी हैं। उस एम्बुलेंस के माध्यम से ढाई हजार से अधिक मरीजों को सेवा प्रदान की गई तथा उसने साढ़े तीन लाख किलोमीटर से अधिक दूरी तय की है। नई कार्डियक एम्बुलेंस भी आमजन को न्यूनतम दरों पर सेवाएं उपलब्ध कराएगी। 

गणमान्य नागरिकों एवं रोटरी पदाधिकारियों की रही उपस्थिति

समारोह में मंत्री चेतन्य काश्यप का अभिनंदन किया गया। इस मौके पर रतलाम विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष गोविंद काकानी, पद्मश्री डॉ. लीला जोशी, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संध्या बेलसरे, रोटरी ट्रस्ट सचिव रीतेश वोहरा, रोटरी क्लब अध्यक्ष हरीश वर्मा, सचिव दीपक पंत, ट्रस्टी सुशील छाजेड़, मुस्तफा स्टेशनवाला, सिद्धार्थ जैन, विपिन पोरवाल, अनूप सेठिया एवं अशोक तातेड़ सहित रोटरी के पदाधिकारी, सदस्य और विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

ये भी पढ़ें