टीम SP की बड़ी कार्रवाई ! पुलिस ने तुलसी वाटर पार्क के स्पा सेंटर पर मारा छापा, थाईलैंड की तीन युवतियां मिलीं, मैनेजर और तीन युवक भी हिरासत में

रतलाम जिले के तुलसी वाटर पार्क में संचालित कथित अवैध स्पा सेंटर पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई। थाईलैंड की तीन युवतियां और तीन युवक मिले। स्पा सेंटर के डस्टबिन में आपत्तिजनक सामग्री भी पाई गई है। मामले में मैनेजर से पूछताछ जारी है।

टीम SP की बड़ी कार्रवाई ! पुलिस ने तुलसी वाटर पार्क के स्पा सेंटर पर मारा छापा, थाईलैंड की तीन युवतियां मिलीं, मैनेजर और तीन युवक भी हिरासत में
रतलाम एसपी अमित कुमार की विशेष टीम ने वाटर पार्क के नाम पर चल रहे स्पा सेंटर का किया भंडाफोड़।

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । जिले के पंचेड़-नामली मार्ग स्थित तुलसी वाटर पार्क में अवैध स्पा सेंटर के संचालन का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इसका खुलासा शुक्रवार शाम तब हुआ जब एसपी अमित कुमार की टीम ने ग्राहक बनकर वाटर पार्क पर छापा मारा। कार्रवाई के दौरान यहां थाईलैंड की तीन युवतियां और तीन संदिग्ध युवक भी मिले। युवक-युवतियों के साथ ही वाटर पार्क के संचालक को भी पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।

एसपी अमित कुमार को काफी समय से नामली क्षेत्र के तुलसी वाटर पार्क में स्विमिंग पूल की आड़ में संदिग्ध गतिविधियां संचालित होने की शिकायतें मिल रही थीं। उन्होंने इन शिकायतों को पूरी तरह गोपनीय रखा और एएसपी विवेक कुमार लाल के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की। इसमें एसडीओपी किशोर पाटनवाला व नीलम बघेल, डीएसपी अनीशा जैन, महिला थाना प्रभारी रेखा चौधरी सहित अन्य पुलिस अधिकारियों को शामिल किया गया।

टीम ने सबसे पहले कुछ पुलिसकर्मियों को ग्राहक बनाकर तुलसी वाटर पार्क भेजा गया। वहां उन्होंने अवैध रूप से स्पा सेंटर संचालित होने की पुष्टि होने के बाद वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी दी। जैसे ही पुष्टि हुई एसपी अमित कुमार ने अपनी विशेष टीम को तत्काल एक्शन लेने का आदेश दिया। टीम ने बिना देर किए वाटर पार्क पर दबिश दी।

छह कमरों में चल रही था मालिश का काम

पुलिस की जांच में सामने आया कि वाटर पार्क परिसर के पिछले हिस्से में बने छह कमरों में स्पा सेंटर संचालित किया जा रहा था। यहां तीन अलग-अलग कमरों में थाईलैंड की तीन युवतियां और उनके साथ संदिग्ध परिस्थितियों में तीन युवक भी मिले। टीम ने युवतियों और युवकों को हिरासत में लेकर नामली थाने भेज दिया। पुलिस मामले से जुड़े सभी व्यक्तियों से पूछताछ कर रही है और वाटर पार्क से संबंधित दस्तावेजों की जांच भी कर रही है।

डस्टबिन में मिले उपयोग किए कंडोम, मैनेजर हिरासत में

पुलिस सूत्रों के अनुसार वाटर पार्क का संचालन रतलाम के बड़बड़ निवासी योगेश पिता भंवरसिंह द्वारा किया जाता है। बताया जा रहा है कि तलाशी के दौरान स्पा के एक कमरे मे बड़ी संख्या में उपयोग किए हुए कंडोम डस्टबीन में पड़े मिले हैं। पुलिस ने वाटर पार्क के मैनेजर दिलीप ठाकुर को भी पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। ठाकुर का नामली से जुड़े नाम वाला इंस्टाग्राम पर पेज होने की जानकारी भी सामने आई है।

ये भी पढ़ें

सूत्रों की मानें तो तुलसी वाटर पार्क में नहाने के लिए आने वाले लोगों से 250 से 300 रुपए लिए जाते हैं। यदि इनमें से किसी की इच्छा थाई मालिश की हो हाथी थी तो मैनेजर और दलाल मामला सेट कर देते थे। 10-15 मिनट मालिश करवाने के लिए 1500 से 1800 रुपए तक चार्ज देना पड़ता है। यहां घंटों तक मालिश करवाने पर 10 हजार रुपए तक का भुगतान भी करना पड़ता है। हालांकि, अभी इन दरों की अधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं हुई है।

नामली पुलिस को नहीं लगने दी भनक

एसपी अमित कुमार की फुलप्रूफ प्लानिंग के चलते वाटर पार्क और वहां संचालित स्पा सेंटर पर होने वाली कार्रवाई की भनक घटनास्थल से महज कुछ किलोमीटर की दूरी पर स्थित नामली थाने की पुलिस तक को नहीं लगने दी गई। सूचना लीक न हो इसलिए एसपी ने टीम में शामिल पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों के मोबाइल फोन तक बंद करवा दिए थे। इससे आशंका जताई जा रही है कि स्पा सेंटर के संचालन की जानकारी नामली थाने की पुलिस को थी और वह जान-बूझ कर नजरअंदाज कर रही थी। इसलिए स्थानीय पुलिस की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

ये भी पढ़ें

सबको बनाएंगे आरोपी

एसपी अमित कुमार के अनुसार इस संबंध में काफी समय से शिकायतें प्राप्त हो रही थीं। सूचना पर कार्रवाई की गई। जांच जारी है, पूछताछ व दस्तावेजों के परीक्षण के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मामले में जिनके भी नाम सामने आएंगे उन सभी को आरोपी बनाया जाएगा।