अपना रतलाम अपना योगदान ! जनगणना-2027 के लिए फरवरी से घर-घर दस्तक देंगे प्रगणक, “सबकी गिनती’ से होगा ‘सबका विकास’ और ‘सबका विश्वास’
रतलाम में फरवरी 2027 से जनगणना का जमीनी चरण शुरू होगा। प्रगणक घर-घर पहुंचकर जानकारी दर्ज करेंगे, जिसके आंकड़े विकास योजनाओं और संसाधनों के नियोजन में उपयोग होंगे।
एसीएन टाइम्स @ रतलाम । जिले में जनगणना का जमीनी चरण फरवरी 2027 में शुरू होगा। प्रशिक्षित प्रगणक घर-घर पहुंचकर परिवारों और नागरिकों से आवश्यक जानकारी दर्ज करेंगे। यह काम “सबकी गिनती... सबका विकास... सबका विश्वास...” पर होगा। इसलिए आप जो भी जानकारी देंगे, वही शहर, जिला, राज्य और देश के विकास का आधार होगा।
जिला योजना एवं सांख्यिकी विभाग के डीपीओ बालकृष्ण पाटीदार ने बताया कि भारत सरकार की जनगणना 2027 को लेकर जिले में जागरूकता गतिविधियां की जा रही हैं। जनगणना से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर आबादी और उसकी जरूरतों की वास्तविक तस्वीर सामने आएगी, जिससे योजनाओं और संसाधनों के नियोजन में मदद मिलेगी।
जनगणना के आंकड़ों का इस्तेमाल लोगों की जरूरत के अनुसार विकास की प्राथमिकताएं तय करने में किया जा सकेगा। शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और आवास के साथ कृषि एवं सिंचाई, महिलाओं और बच्चों से जुड़े विकास कार्यों तथा सड़क, बिजली और पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं के नियोजन में भी इन आंकड़ों की भूमिका रहेगी। सटीक आंकड़े उपलब्ध होने से रतलाम जिले में विभिन्न क्षेत्रों की वास्तविक जरूरतों का बेहतर आकलन किया जा सकेगा। इससे भविष्य में शिक्षण संस्थानों, स्वास्थ्य सुविधाओं, रोजगार के अवसरों और अन्य आवश्यक सेवाओं के विस्तार की योजना बनाने में सहायता मिलेगी।
व्यक्तिगत जानकारी की गोपनीयता रहेगी सुरक्षित
पाटीदार ने बताया कि जनगणना के दौरान नागरिकों से ली जाने वाली व्यक्तिगत जानकारी की गोपनीयता सुनिश्चित की जाएगी। एकत्रित जानकारी का उपयोग जनगणना और विकास योजनाओं से संबंधित उद्देश्यों के लिए किया जाएगा। नागरिकों से प्रगणक के घर पहुंचने पर आवश्यक जानकारी बिना संकोच और सही तरीके से उपलब्ध कराने को कहा गया है।
उन्होंने बताया कि कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी अजय कटेसरिया द्वारा जनगणना के लिए “सबकी गिनती... सबका विकास... सबका विश्वास...” संदेश दिया गया है। जिले में नागरिकों को “मेरा रतलाम, मेरा योगदान” की भावना के साथ जनगणना में भागीदारी के लिए जागरूक किया जा रहा है।
यहां उपलब्ध है जानकारी
पाटीदार के अनुसार जनगणना 2027 से संबंधित जानकारी www.censusindia.gov.in पर उपलब्ध है। सहायता के लिए टोल-फ्री हेल्पलाइन 14417 पर संपर्क किया जा सकता है। जनगणना संबंधी अतिरिक्त जानकारी क्यूआर कोड के माध्यम से भी प्राप्त की जा सकती है।
जनगणना सिर्फ आबादी गिनने की कवायद नहीं है। इसके आंकड़ों से यह समझने में मदद मिलेगी कि आने वाले समय में जिले को किन क्षेत्रों में कितनी जरूरत है। इसलिए फरवरी में जब प्रगणक घर-घर पहुंचें, तब सही और सटीक जानकारी उपलब्ध कराना जनगणना के आंकड़ों को वास्तविक बनाने में अहम होगा।





