नमामि भारतम् ! वंदेमातरम् की 150वीं जयंती पर 25 सितंबर को देशभर में होगा सामूहिक गायन, एक सुर, एक लय और एक ताल में 1 करोड़ देशवासी देंगे प्रस्तुति

वंदेमातरम् की 150वीं जयंती पर 25 सितंबर को सुबह 11 बजे देशभर में ‘नमामि भारतम्’ के तहत सामूहिक गायन होगा। रतलाम में काटजूनगर और अमृतसागर कॉलोनी स्थित विद्यालयों में आयोजन होगा।

नमामि भारतम् ! वंदेमातरम् की 150वीं जयंती पर 25 सितंबर को देशभर में होगा सामूहिक गायन, एक सुर, एक लय और एक ताल में 1 करोड़ देशवासी देंगे प्रस्तुति
25 सितंबर को देशभर में एक साथ होगा वंतेमतरम का सामूहिक गायन।

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । वंदेमातरम् की 150वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान द्वारा 25 सितंबर 2026 (शुक्रवार) को सुबह 11 बजे पूरे देश में नमामि भारतम् का आयोजन किया जाएगा। इसमें एक साथ वंदेमातरम् का सामूहिक गायन होगा। एक सुर, एक लय, एक ताल में एक करोड़ से अधिक देशवासी एक साथ वंदे मातरम का गायन कर गिनीज बुक में वर्ल्ड रिकॉर्ड दर्ज करवाएंगे।

यह जानकारी आयोजन के संयोजक शैलेन्द्र सुरेका एवं सह संयोजक सुनील लाठी ने दी। उन्होंने बताया कि सामूहिक गायन देश के सभी सरस्वती शिशु/विद्या मंदिरों में होगा। रतलाम में यह काटजूनगर स्थित सरस्वती शिशु/विद्या मंदिर में होगा। यहां मुख्य वक्ता विद्या भारती के प्रांतीय सचिव गोपाल काकानी होंगी। आयोजन में कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप को भी आमंत्रित किया गया है। पदाधिकारियों ने बताया कि आयोजन में विद्यालय के भैया-बहनों के साथ आचार्य, अभिभावक तथा विभिन्न समविचारी संस्थाओं के कार्यकर्ता एवं समाजजन भी सहभागिता करेंगे।

सुरेका एवं लाठी ने बताया कि वंदेमातरम् केवल एक गीत नहीं, बल्कि भारत की स्वतंत्रता संघर्ष यात्रा, राष्ट्रभक्ति और देश के लिए किए गए असंख्य त्याग एवं बलिदानों की भावनाओं को अपने में समाहित करने वाला राष्ट्रभाव का प्रतीक है। इसकी 150वीं जयंती के अवसर पर देशभर में विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से इसके ऐतिहासिक और राष्ट्रीय महत्व को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

ये भी पढ़ें

ड्रोन के द्वारा होगी जीयो टैगिंग

सरस्वती शिशु मंदिर की प्राचार्य ने बताया कि देशभर में 1 लाख 50 हजार लोगों द्वारा वंदेमातरम् की प्रस्तुति का लक्ष्य रखा गया है। इसमें से 1 करोड़ लोगों की प्रस्तुति होने तय है, इस आंकड़े में लोगों की सहभागिता बढ़ाने का प्रयास जारी है। देशभर में 1 लाख तो आचार्य और दीदियां हैं जबकि विद्यार्थियों (भैया-बहिन) की संख्या एक करोड़ से अधिक है। इस आयोजन को गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज करवाने का प्रयास भी होगा। इसके लिए आयोजन उपस्थिति लोगों की जीयू टैगिंग के लिए ड्रोन की मदद ली जाएगी।

मालवा प्रांत में हैं 820 विद्यालय

जानकारी के अनुसार अकेले मालवा प्रांत में ही 170 शहरी और 650 विद्यालय ग्रामीण क्षेत्रों के हैं। रतलाम जिले में ही 11 नगरीय और 150 ग्रामीण क्षेत्र के विद्यालय हैं। सामूहिक वंदेमातरम् का गायन उन्हीं संस्थाओं में होगा जहां न्यूनतम 100 विद्यार्थी हैं। रतलाम शहर में काटजूनगर के अलावा अमृतसागर कॉलोनी स्थित संस्था में भी कार्यक्रम होगा।

ये भी पढ़ें

राष्ट्रीय एकता और अखंडता का दिया जाएगा संदेश

विद्यालय में होने वाले कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता, अनुशासन एवं देश के प्रति गौरव की भावना को और मजबूत करना है। एक ही समय पर देशभर में वंदेमातरम् के सामूहिक स्वर गूंजने के माध्यम से राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश भी दिया जाएगा। कार्यक्रम की तैयारियां विद्यालय परिवार द्वारा की जा रही हैं। आयोजन में विद्यालय प्रबंधन के अध्यक्ष वीरेन्द्र सखलेचा ने विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं राष्ट्रभावना से जुड़े नागरिकों से कार्यक्रम में सहभागी बनने का आह्वान किया है।