पटवारियों की हड़ताल पर विधायक कमलेश्वर डोडियार की CM से दखल की मांग, 5 सूत्रीय मांगों पर बातचीत कर जल्द निकालें समाधान

सैलाना विधायक कमलेश्वर डोडियार ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखकर मध्यप्रदेश पटवारी संघ की 5 सूत्रीय मांगों का समाधान कर अनिश्चितकालीन हड़ताल समाप्त कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि हड़ताल से राजस्व सेवाएं ठप होने के कारण किसान, ग्रामीण, विद्यार्थी और आमजन प्रभावित हो रहे हैं।

पटवारियों की हड़ताल पर विधायक कमलेश्वर डोडियार की CM से दखल की मांग, 5 सूत्रीय मांगों पर बातचीत कर जल्द निकालें समाधान
सैलाना विधायक कमलेश्वर डोडियार ने पटवारियों की हड़ताल खत्म करवाने के लिए मुख्यमंत्री को पत्र लिखा।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को लिखा पत्र, कहा- राजस्व सेवाएं ठप होने से किसान, ग्रामीण, विद्यार्थी और आमजन हो रहे परेशान

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । मध्यप्रदेश पटवारी संघ की अनिश्चितकालीन कलमबंद हड़ताल से प्रभावित हो रही राजस्व सेवाओं को लेकर सैलाना विधायक कमलेश्वर डोडियार ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। विधायक ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर पटवारी संघ की 5 सूत्रीय मांगों पर सकारात्मक चर्चा कर शीघ्र समाधान निकालने तथा हड़ताल समाप्त कराने का आग्रह किया है। उनका कहना है कि प्रदेशभर में राजस्व सेवाएं फिर से सुचारु रूप से शुरू हो सकें इसके लिए यह जरूरी है।

विधायक डोडियार ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि प्रदेशव्यापी आह्वान के तहत मध्यप्रदेश पटवारी संघ के सदस्य 3 अगस्त 2026 से अनिश्चितकालीन कलमबंद हड़ताल पर हैं। इसी क्रम में सैलाना तहसील के पटवारियों ने भी तहसील कार्यालय में राजस्व रिकॉर्ड जमा कर शासकीय कार्य बंद कर दिया है।

उन्होंने कहा कि पटवारी राजस्व प्रशासन की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं। इनके हड़ताल पर रहने से आम नागरिकों को आवश्यक राजस्व सेवाएं नहीं मिल पा रही हैं। जाति प्रमाण-पत्र, नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, फसल गिरदावरी, ऋण पुस्तिका और भू-अभिलेख से जुड़े कार्य प्रभावित होने से किसानों, ग्रामीणों, विद्यार्थियों सहित आमजन को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

ये भी पढ़ें

आमजन को मिलेगी राहत

विधायक ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि पटवारी संघ के प्रतिनिधियों के साथ तत्काल सकारात्मक संवाद स्थापित कर उनकी लंबित 5 सूत्रीय मांगों का न्यायोचित समाधान किया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार और संघ के बीच सहमति बनने से न केवल हड़ताल समाप्त होगी, बल्कि प्रदेशभर में बाधित राजस्व सेवाएं भी पुनः बहाल हो सकेंगी, जिससे आमजन को राहत मिलेगी।