सैलाना की माया मेहता को मिलेगा 2021 का रमाकांत नागर स्मृति शैक्षिक उत्कृष्टता सम्मान, 25 दिसंबर को राज्य स्तरीय समारोह में होंगी सम्मानित

रमाकांत नागर स्मृति शैक्षिक उत्कृष्टता सम्मान 2021 के लिए सैलाना की माया मेहता का चयन किया गया है। यह सम्मान 25 दिसंबर को राज्य स्तरीय समारोह में प्रदान किया जाएगा।

Dec 17, 2021 - 01:39
Dec 17, 2021 - 02:52
 0
सैलाना की माया मेहता को मिलेगा 2021 का रमाकांत नागर स्मृति शैक्षिक उत्कृष्टता सम्मान, 25 दिसंबर को राज्य स्तरीय समारोह में होंगी सम्मानित
माया मेहता

एसीएन टाइम्स  @ रतलाम । शिक्षा के क्षेत्र में समर्पित सेवा, उत्कृष्ट योगदान और विशिष्ट उपलब्धियों के लिए 2021 का रमाकांत नागर स्मृति शैक्षिक उत्कृष्टता सम्मान जिले के सैलाना की माया मेहता को दिया जाएगा। उन्हें उज्जैन में 25 दिसम्बर को होने वाले म.प्र. नागर ब्राह्मण प्रतिभा प्रोत्साहन समिति के राज्यस्तरीय वार्षिक सम्मान समारोह में पुरस्कृत किया जाएगा।

माया मेहता रतलाम जिले के सैलाना में शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में शिक्षक हैं। वे 2007 से शैक्षणिक सेवा में हैं। विगत 14 वर्षों में उन्होंने शिक्षा के साथ साथ शैक्षणेत्तर दायित्वों को भी कुशलतापूर्वक निभाया है। उन्होंने नेशनल कैडेट कोर (एनसीसी) के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किया और वर्तमान में विद्यालय की एनसीसी अधिकारी हैं। एनसीसी कैडेट्स के माध्यम से उन्होंने नशा मुक्ति, रक्तदान और स्वच्छता अभियान संचालित किए।

उपलब्धियों भरा सफर

पर्यावरण संरक्षण, एड्स जागरूकता, जल संरक्षण, और कैशलेस ट्रांजेक्शन के बारे में चलाए गए जन जागृति अभियानों का नेतृत्व भी किया। अर्थशास्त्र में एम.ए., डी.एड. और पीजीडीसीए कर चुकी मेहता छात्र जीवन में स्वयं खो-खो की प्रतिभावान खिलाड़ी रही। विवाह के बाद उन्होंने आयुर्वेद रत्न की उपाधि प्राप्त की। उन्हें शिक्षक दिवस पर स्कूल प्रबंधन समिति तथा मध्यप्रदेश शासकीय अध्यापक संगठन की उज्जैन संभागीय इकाई द्वारा सम्मानित किया जा चुका है। नागर ब्राह्मण समाज रतलाम ने भी हाटकेश्वर जयंती पर उनका सम्मान किया।

Niraj Kumar Shukla 1994 से अब तक पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। इस दौरान सांध्य दैनिक 'रतलाम दर्शन' और हिंदी दैनिक 'साभार दर्शन', 'चेतना', 'नवभारत' और 'दैनिक भास्कर' सहित विभिन्न समाचार-पत्रों और पत्रिकाओं में पूर्णकालिक संवाददाता, उप-संपादक और समाचार संपादक जैसे दायित्वों का निर्वहन किया। हिंदी ब्लॉगर और स्वतंत्र लेखन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहते हुए वर्तमान में समाचार पोर्टल www.acntimes.com के मुख्य संपादक के दायित्व में। वर्ष 2011 से अब तक मप्र सरकार से राज्य स्तरीय अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार। पत्रकारिता में आने से पूर्व और बाद के कुछ वर्षों तक अध्यापन भी किया।