बड़ी खबर ! जावरा की केमिकल फैक्टरी में गैस रिसाव, आधा दर्जन कर्मचारी आए चपेट में, एसडीआरएफ और इप्का व ग्रेसिम की टीमें पहुंचीं
मप्र के रतलाम जिले के जावरा में केमिकल फैक्टरी में गैस का रिसाव होने से यहां काम कर रहे कर्मचारी गंभीर घायल हो गए। घायलों को जावरा के अस्पतालों और रतलाम के शासकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
एसीएन टाइम्स @ रतलाम । समीपस्थ जावरा के औद्योगिक क्षेत्र में स्थित एक केमिकल फैक्टरी में गैस रिसाव होने का मामला सामने आया है। हादसे में यहां काम कर रहे आधा दर्जन कर्मचारियों की चपेट में आने से उनकी तबीयत बिगड़ गई। तीन गंभीर घायलों को रतलाम के शासकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। कलेक्टर मिशा सिंह और एसपी अमित कुमार ने घटना स्थल पहुंच कर सुरक्षा प्रबंध जांचेष उन्होंने प्रभावित कर्मारियों की कुशलक्षेम भी जानी।

जावरा के औद्योगिक क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया जब यहां रतलाम नाका स्थित एक केमिकल फैक्टरी में गैस रिसाव होने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार फैक्टरी में 10 कर्मचारी कार्यरत थे तभी एक पुराने टैंक से क्लोरीन गैस का रिसाव होने लगा। इससे करीब 6 कर्मचारियों की तबीयत बिगड़ गई। उन्हें सांस लेने में तकलीफ हुई और उल्टी भी होने लगी। तत्काल निजी अस्पताल ले जाया गया जहां से तीन को रतलाम स्थित डॉ. लक्ष्मीनारायण पांडेय शासकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। रतलाम रैफर किए गए कर्मचारियों के नाम कुलदीप गेहलोत, पुष्कर देवरिया एवं बलराम गेहलोत बताए जा रहे हैं। जबकि 2 घायलों का उपचार जावरा के सरकारी अस्पताल और एक मजदूर का एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। प्रभावितों में से तीन जावरा नगर पालिका की फायर ब्रिगेड के कर्मचारी बताए जा रहे हैं।
राजस्व विभाग ने बनाया पंचनामा
बताया जा रहा है कि फैक्टरी किसी फैक्टरी जावरा के सईद खान नामक व्यक्ति की बताई जा रही है। यहां फेरस सल्फेट का निर्माण होता है। गैस रिसाव की जानकारी मिलते ही जावरा के एसडीएम सुनील जायसवाल, एसडीओपी संदीप मालवीय, सीएसपी युवराजसिंह चौहान, जावरा औद्योगिक क्षेत्र थाना प्रभारी विक्रमसिंह चौहान, जावरा शहर थाना प्रभारी दीपक मंडलोई और एसडीएरएफ की टीम मौके पर पहुंच गई थी। टीम ने गैस का रिसाव बंद करवा कर स्थिति का जायजा लिया। इसके साथ ही राजस्व विभाग ने पंचनामा भी बनाया है। प्रशासन द्वारा यह जांच की जा रही है कि यहां सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध हैं या उनकी अनदेखी की जा रही है।
विधायक, कलेक्टर और एसपी भी पहुंचे

जानकारी मिलने पर जावरा विधायक डॉ. राजेंद्र पांडेय, कलेक्टर मिशा सिंह और एसपी अमित कुमार सहित पुलिस प्रशासन के अधिकारी भी घटना स्थल पहुंचे और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने मेडिकल कॉलेज पहुंच कर घायलों को भी देखा और उनसे चर्चा कर उनका उपचार करने के निर्देश डॉक्टरों को दिए।

इस दौरान उनके साथ सीएमएचओ डॉ. संध्या बेलसरे और मेडिकल कॉलेज का स्टाफ भी मौजूद रहा। रतलाम से इफ्का लेबोरेटरी, नागदा से ग्रेसिम फैक्टरी से भी जांच व बचाव दल को बुलाया गया है।
विधायक ने भी लिया जायजा
जावरा विधायक डॉ. राजेंद्र पांडेय के अनुसार शनिवार दोपहर वे भोपाल से जावरा के रवाना हुए थे। रास्ते में उन्हें गैस रिसाव की सूचना मिली तो। इससे वे सीधे घटनास्थल पहुंचे। उन्होंने घटना को लेकर एसपी, कलेक्टर व एसडीएम से चर्चा कर जानाकरी ली। प्रभावितों के समुचित इलाज की व्यवस्था की गई है। भी घटना की वजह सामने नहीं आई है। कार्रवाई जारी है।
घायलों की स्थित में सुधार
कलेक्टर मिशा सिंह ने मीडिया को बताया कि जावरा की केमकिल फैक्टरी में पुराने सिलेंडर से क्लोरीन का रिसाव हुआ था। इससे यहां बिना सुरक्षा उपकरणों के काम कर रहे कुछ कर्मचारी प्रभावित हुए हैं। घायलों की स्थिति अब सामान्य है। फैक्टरी में सुरक्षा प्रबंधों और हादसे का कारण पता लगाने के लिए राजस्व विभाग ने पंचनामा बनाया है।

📌 हमें गूगल न्यूज़ पर भी फॉलो करें |
