बड़ी खबर ! MP के जावरा स्थित बर्फ फैक्ट्री में हुआ अमोनिया गैस का रिसाव, पुलिस प्रशासन ने की त्वरित कार्रवाई कर बंद करवाया रिसाव, एसपी ने लिया जायजा

मप्र के जावरा में बर्फ फैक्ट्री में अमोनिया गैस का रिसाव होने का मामला सामने आया है। गैस रिसाव से लोगों कों आंखों में जलन, उल्टी और सांस लेने में दिक्कत आई। समय रहते पुलिस-प्रशासन ने सक्रियता दिखाई और रिसाव बंद करवाया। एसपी ने घटनास्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए।

Apr 9, 2025 - 10:11
Apr 9, 2025 - 10:41
 0

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । जिले के जावरा में देर रात एक बर्फ फैक्ट्री के एक टैंक से अमोनिया गैस का रिसाव होने से हड़कंप मच गया। जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और त्वरित कार्रवाई कर गैस रिसाव बंद करवाया। एसपी अमित कुमार ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।

(वह टैंक जिसके वॉल्व से अमोनिया गैस का रिसाव हुआ।)

घटना 8 अप्रैल, 2025 को रात करीब 10:20 बजे की है। जावरा शहर थाना क्षेत्र के अंतर्गत पुलिस कॉलोनी, खारीवाल कॉलोनी व आसपास के रहवासियों को वातावरण में किसी गैस की मौजूदगी का अहसास हुआ। इसके कारण आंखों में आंसू आना, उल्टी व सांस लेने में परेशानी हुई। जानकारी मिलते ही पुलिस ने सर्चिंग कराई तो अंटिया चौराहा पर औद्योगिक क्षेत्र में स्थित पोरवाल आइस फैक्ट्री एंड कोल्ड स्टोरेज से अमोनिया गैस का रिसाव होना पाया।

फायर लॉरी से करते रहे छिड़काव

रिसाव का पता लगते ही अमले ने फायर लॉरी सहित सुरक्षा के अन्य इंतजाम करवाए। सभी को मास्क भी उपलब्ध करवाए गए इसके बाद फैक्ट्री के मालिक सानिध्य पिता लालचंद पोरवाल निवासी लालगली जावरा को तलब कर उनकी मदद से गैस का रिसाव बंद करवाया गया। इस दौरान फायर लॉरी से लगातार पानी की छिड़काव किया जाता रहा। कॉलोनीवासियों को भी सचेत रहने के लिए कहा गया और कोई भी समस्या होने पर तत्काल पुलिस या प्रशासन को सूचित करने की ताकीद की। लोगों को सुरक्षित जगह पर भेजने की व्यवस्था भी सुनिश्चित कर ली गई थी।

स्वास्थ्य सुविधाएं भी रही अलर्ट पर

गैस रिसाव के चलते एहतियात के तौर पर पुलिस और प्रशासन ने जावरा के सिविल अस्पताल के साथ रतलाम में जिला अस्पताल तथा डॉ. लक्ष्मीनारायण पांडेय शासकीय मेडिकल कॉलेज आदि को भी अलर्ट कर दिया गया था। आवश्यकता पड़ने पर प्रभावितों को अस्पतालों में भिजवाने के लिए एम्बुलेंस भी बुलवा ली गई थी। हालांकि इसकी जरूरत नहीं पड़ी।

एसपी ने स्वयं लिया घटना का जायजा

जानकारी मिलते ही एसपी अमित कुमार भी घटनास्थल पहुंच गए थे। उन्होंने सारी व्यवस्थाओं का जायजा लेने के साथ ही अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए और अलर्ट रहने के भी कहा। एसपी ने मीडिया कि जावरा एसडीओपी और सीएसपी के साथ पुलिस ने बेहतर कार्य किया। प्रभावितों का उपचार भी कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी पुलिस लाइन में रहने वाले पुलिसकर्मियों को टहलने के दौरान गंध आने का पता चला। इंडस्ट्रियल सेफ्टी से जुड़े एक्सपर्ट लीकेज कैसे हुआ, यह बता पाएंगे।

Niraj Kumar Shukla 1994 से अब तक पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। इस दौरान सांध्य दैनिक 'रतलाम दर्शन' और हिंदी दैनिक 'साभार दर्शन', 'चेतना', 'नवभारत' और 'दैनिक भास्कर' सहित विभिन्न समाचार-पत्रों और पत्रिकाओं में पूर्णकालिक संवाददाता, उप-संपादक और समाचार संपादक जैसे दायित्वों का निर्वहन किया। हिंदी ब्लॉगर और स्वतंत्र लेखन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहते हुए वर्तमान में समाचार पोर्टल www.acntimes.com के मुख्य संपादक के दायित्व में। वर्ष 2011 से अब तक मप्र सरकार से राज्य स्तरीय अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार। पत्रकारिता में आने से पूर्व और बाद के कुछ वर्षों तक अध्यापन भी किया।