शांति के लिए सतर्कता ! रंगपंचमी की गेर के लिए पुलिस ने जारी किया रूट प्लान, ड्रोन कैमरे से की सुरक्षा की समीक्षा

आप रतलाम में रहते हैं तो यह खबर पढ़ लें पुलिस द्वारा रंगपंचमी (रविवार) पर निकलने वाली गेर के रूट प्लान को ध्यान में रखकर ही घरों से बाहर निकलें।

शांति के लिए सतर्कता ! रंगपंचमी की गेर के लिए पुलिस ने जारी किया रूट प्लान, ड्रोन कैमरे से की सुरक्षा की समीक्षा
रतलाम पुलिस द्वारा तैयार किया गया रंगपंचमी की गेर का रूट।

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । रंगपंचमी का पर्व रविवार को रतलाम शहर सहित पूरे जिले में परंपरागत हर्षोल्लास से मनाया जाएगा। इस दिन रंगारंग गेर का आयोजन किया जाएगा। इसमें कोई व्यवधान न हो इसके लिए पुलिस विभाग द्वारा रूट प्लान तैयार किया गया है। शांति के लिए सतर्कता बदलते हुए पुलिस अधिकारियों ने रूट का निरीक्षण किया और ड्रोन कैमरे से सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा भी की।

Google NewsFollow Us

एसपी अमित कुमार के निर्देशन एवं एएसपी विवेक कुमार लाल के मार्गदर्शन में नगर पुलिस अधीक्षक सत्येंद्र कुमार घनघोरिया के नेतृत्व में पुलिस अधिकारियों ने गैर के निर्धारित रूट का निरीक्षण किया। इस दौरान संपूर्ण मार्ग का ड्रोन कैमरे के माध्यम से भी निरीक्षण कर सुरक्षा एवं भीड़ नियंत्रण की दृष्टि से आवश्यक बिंदुओं का आकलन किया गया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने मार्ग के संवेदनशील स्थानों, प्रमुख चौराहों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों का अवलोकन किया। उन्होंने आयोजन के दौरान भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था एवं सुरक्षा के मद्देनज़र आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

ये भी पढ़ें

यह रहेगा गेर का रूट

गेर धानमण्डी से प्रारंभ होकर गणेश देवरी, न्यू क्लॉथ मार्केट, जमनालाल स्वीट्स, महालक्ष्मी मंदिर के सामने, घांस बाजार चौराहा, चौमुखी पुल, चाँदनी चौक, तोपखाना, हरदेवलाला पीपली, रानी जी का मंदिर, नाहरपुरा चौराहा होते हुए डालूमोदी चौराहा पहुंचकर समाप्त होगी।

Google NewsFollow Us

अफवाहों पर न दें ध्यान, पुलिस को दें सूचना

पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे पर्व को शांति, सौहार्द एवं अनुशासन के साथ मनाएं और पुलिस प्रशासन का सहयोग करें। किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। पुलिस के अनुसार रंगपंचमी पर शहर में शांति, सुरक्षा एवं सुव्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा तथा ड्रोन, सीसीटीवी एवं अन्य आधुनिक संसाधनों के माध्यम से सतत निगरानी रखी जाएगी।