ये कैसे देंगे संस्कार ? प्रभारी BRC विवेक नागर को मारने कुल्हाड़ी लेकर दौड़ा सस्पेंड शिक्षक, प्रभारी DPC के पक्ष में गवाही देने से है नाराज
रतलाम के प्रभारी बीआरसी को मारने के लिए एक निलंबित शिक्षक द्वारा कुल्हाड़ी लेकर दौड़ने का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी शिक्षक के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में एफआईआर दर्ज की है।
एसीएन टाइम्स @ रतलाम । रतलाम के प्रभारी बीआरसी (खंड स्रोत समन्वयक) एवं एपीसी (सहायक परियोजना अधिकारी) विवेक नागर की शिकायत पर स्टेशन रोड पुलिस ने मोरवनी प्राथमिक स्कूल के निलंबित शिक्षक दिलीप राठौर के विरुद्ध एफआईआर दर्ज की है। आरोप है कि शिक्षक राठौर प्रभारी बीआरसी नागर को मारने के लिए दौड़ा। वह प्रभारी जिला परियोजना अधिकारी राजेश झा के पक्ष में न्यायालय में गवाही देने के कारण नागर से नाराज है।
प्रभारी बीआरसी नागर ने पुलिस को बताया कि मंगलवार दोपहर 2.20 बजे जनपद शिक्षा केंद्र परिसर में दिव्यांग बच्चों को ट्राइसिकल और अन्य उपकरण बांटने का कार्यक्रम हुआ। कार्यक्रम खत्म होने के बाद मोरवानी के प्राथमिक स्कूल का निलंबित शिक्षक दिलीप राठौर बाइक पर कुल्हाड़ी लेकर पहुंचा और उनके साथ गाली-गलौच शुरू कर दी। राठौर ने कहा कि तुम राजेश झा (प्रभारी डीपीसी) के प्रकरण में गवाही देने क्यों गए थे। इस पर नागर ने कहा कि मेरी कोई गवाही नहीं है, मैं सिर्फ उनके साथ कोर्ट गया था। इतना सुनते ही शिक्षक राठौर कुल्हाड़ी लेकर उन्हें मारने के लिए उनके पीछे दौड़ा।
वीडियो बनाने पर दी धमकी
बचने के लिए प्रभारी बीआरसी नागर अपने कक्ष में घुस गए और मोबाइल फोन से वीडियो शूट करने लगे। इससे निलंबित शिक्षक फिर भड़क गया और धमकी दी। आरोपी शिक्षक ने कहा कि, ‘वीडियो बना ले, मैं जेल चला जाऊंगा, मुझे कोई फर्क नहीं पड़ता।’ बाद में परिसर में मौजूद कर्मचारी विशालसिंह और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी गोपाल शर्मा आदि ने बीच-बचाव कर आरोपी शिक्षक को बाहर निकाला। घटना के दौरान परिसर में विद्यार्थी और स्कूल स्टाफ भी मौजूद था। पुलिस ने नागर की शिकायत पर आरोपी शिक्षक दिलीप राठौर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115 (2) और 351(3) के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
पहले भी मारपीट, अनुशासनहीनता के हैं आरोप
आरोपी शिक्षक दिलीप राठौर के विरुद्ध पूर्व में भी पलसोड़ी के जन शिक्षक रमेश बोरिया के साथ मिलकर एपीसी एवं वर्तमान प्रभारी डीपीसी झा और प्रभारी बीआरसी नागर के साथ मारपीट, घर जाकर विवाद किया था। मामले में पुलिस ने प्रकरण दर्ज किया था, मामला न्यायालय में विचाराधीन है। आरोपी शिक्षक को तत्कालीन जिला शिक्षा अधिकारी के. सी. शर्मा द्वारा निलंबित कर दिया गया था।
📌 हमें गूगल न्यूज़ पर भी फॉलो करें |
