जिलाबदर करने के बाद भी शहर में घूम रहा था बदमाश यूनुस उर्फ इन्ना, स्टेशन रोड पुलिस ने किया गिरफ्तार

रतलाम की स्टेशन रोड थाने की पुलिस ने एक जिलाबदर आरोपी को शहर के कालिकामाता मंदिर के बगीचे के पास से गिरफ्तार किया।

Jun 21, 2025 - 13:44
Jun 21, 2025 - 13:44
 0
जिलाबदर करने के बाद भी शहर में घूम रहा था बदमाश यूनुस उर्फ इन्ना, स्टेशन रोड पुलिस ने किया गिरफ्तार
जिलाबदर बदमाश यूनुस उर्फ इन्ना गिरफ्तार।

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । गुंडों और बदमाशों पर लगाम कसने के लिए जिलाबदर की कार्रवाई की जाती है। इसके बावजूद गुंडे बदमाश रतलाम में ही डेरा डाले रहते हैं। स्टेशन रोड पुलिस ने ऐसे ही एक जिलाबदर बदमाश को शहर के कालिकामाता मंदिर परिसर से गिरफ्तार किया है। 

एसपी अमित कुमार द्वारा गुंडों और बदमाशों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई के निर्देश अधीनस्थ अमले को दिए हैं। इसके चलते पुलिस गुंडों-बदमाशों की हरकतों और गतिविधियों पर नजर रख रही है। इसी दौरान स्टेशन रोड थाने के उप निरीक्षक जितेन्द्र कनेश को 20 जून, 2025 को मुखबिर से सूचना मिली कि जिलाबदर बदमाश यूनुस उर्फ इन्ना पिता लियाकत हुसैन अब्बासी, निवासी मीपुरा थाना स्टेशन रोड रतलाम शहर में ही घूम रहा है। उसकी ताजा लोकेशन कालिकामाता मंदिर बगीचे के पास होने की जानकारी मिली। इससे उप निरीक्षक कनेश की टीम मौके पर पहुंची और 45 वर्षीय जिलाबदर बदमाश यूनुस उर्फ इन्ना को गिरफ्तार कर लिया।

29 अप्रैल 2025 को किया था जिलाबदर

बदा दें कि आरोपी बदमाश यूनुस उर्फ इन्ना के ऑपराधिक रिकॉर्ड के चलते एसपी ने उसके विरुद्ध जिलाबदर की कार्रवाई के लिए प्रतिवेदन दिया था। इस पर कार्रवाई करते हुए जिला दंडाधिकारी ने आदेश क्रमांक / 196 / आर -1 / डी. एम. / 2025  रतलाम, दिनांक 29/04/2025 के तहत जिलाबदर किया था। परंतु आरोपी उक्त आदेश का उल्लंघन कर जिले की राजस्व सीमा में बिना किसी सक्षम अधिकारी की अनुमति के घूमते पाए जाने पर पुलिस ने गिरफ्तार कर स्टेशन रोड थाने पर अपराध क्रमांक 538/2025 धारा 14/15 मध्यप्रदेश राज्य सुरक्षा अधिनियम 1990 का पंजीबद्ध किया।

Niraj Kumar Shukla 1994 से अब तक पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। इस दौरान सांध्य दैनिक 'रतलाम दर्शन' और हिंदी दैनिक 'साभार दर्शन', 'चेतना', 'नवभारत' और 'दैनिक भास्कर' सहित विभिन्न समाचार-पत्रों और पत्रिकाओं में पूर्णकालिक संवाददाता, उप-संपादक और समाचार संपादक जैसे दायित्वों का निर्वहन किया। हिंदी ब्लॉगर और स्वतंत्र लेखन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहते हुए वर्तमान में समाचार पोर्टल www.acntimes.com के मुख्य संपादक के दायित्व में। वर्ष 2011 से अब तक मप्र सरकार से राज्य स्तरीय अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार। पत्रकारिता में आने से पूर्व और बाद के कुछ वर्षों तक अध्यापन भी किया।