बड़ी खबर ! रतलाम में लगेगी भारत की पहली लिथियम-आयन सेल निर्माण इकाई? 2500 करोड़ के निवेश का प्रस्ताव, 3500 लोगों को रोजगार की उम्मीद
रतलाम की स्मार्ट इंडस्ट्रियल टाउनशिप में Chemvolt Global का 2500 करोड़ रुपए की लिथियम-आयन सेल निर्माण इकाई के लिए आवेदन। 23.90 हेक्टेयर जमीन और 3500 रोजगार की संभावना।
Chemvolt Global Private Limited ने स्मार्ट इंडस्ट्रियल टाउनशिप में 23.90 हेक्टेयर जमीन के लिए किया आवेदन
दो चरणों में होगा प्रस्तावित निवेश, इलेक्ट्रिक वाहनों और ऊर्जा भंडारण के लिए बनेंगे उन्नत क्षमता वाले सेल
एसीएन टाइम्स @ रतलाम / उज्जैन। सोने की शुद्धता और आभूषण निर्माण के लिए देशभर में पहचान रखने वाला रतलाम अब आधुनिक तकनीक आधारित औद्योगिक उत्पादन के क्षेत्र में भी नई पहचान बनाने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। जिले की स्मार्ट इंडस्ट्रियल टाउनशिप में लिथियम-आयन सेल निर्माण इकाई स्थापित करने का प्रस्ताव सामने आया है। Chemvolt Global Private Limited ने इस परियोजना के लिए 23.90 हेक्टेयर यानी 2 लाख 39 हजार वर्गमीटर भूमि आवंटित करने के लिए आवेदन प्रस्तुत किया है। परियोजना में करीब 2500 करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित है, जिससे लगभग 3500 लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार मिलने की संभावना जताई गई है।
View this post on Instagram
एमपीआईडीसी (MPIDC) को भेजे गए प्रस्ताव के अनुसार, Chemvolt Global Private Limited अपनी प्रस्तावित लिथियम-आयन सेल निर्माण इकाई में दो चरणों में कुल 2500 करोड़ रुपए का निवेश करने की योजना बना रही है। इसके तहत आधुनिक तकनीक से लिथियम-आयन सेल का निर्माण किया जाएगा। लिथियम-आयन सेल का उपयोग इलेक्ट्रिक वाहनों की बैटरी, ऊर्जा भंडारण प्रणालियों और विभिन्न इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों में किया जाता है। इलेक्ट्रिक वाहनों और ऊर्जा भंडारण से जुड़ी तकनीकों का महत्व लगातार बढ़ने के बीच इस प्रकार की विनिर्माण इकाई का प्रस्ताव रतलाम के औद्योगिक विकास की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
हालांकि, परियोजना की वास्तविक उत्पादन क्षमता, व्यावसायिक गतिविधियों और संचालन की स्थिति का आकलन इकाई की स्थापना एवं परिचालन शुरू होने के बाद ही किया जा सकेगा।
3500 लोगों को रोजगार मिलने की संभावना
प्रस्तावित परियोजना से लगभग 3500 लोगों को प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार मिलने की उम्मीद है। प्रत्यक्ष रोजगार में इकाई के संचालन, उत्पादन, तकनीकी कार्यों और प्रबंधन से जुड़े पद शामिल हो सकते हैं। वहीं, अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर परिवहन, आपूर्ति, रखरखाव और अन्य सहायक सेवाओं के माध्यम से पैदा होने की संभावना है। परियोजना के क्रियान्वयन के दौरान रोजगार का वास्तविक स्वरूप और संख्या स्पष्ट होगी।
यदि यह परियोजना प्रस्ताव के अनुरूप आगे बढ़ती है, तो इससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के साथ-साथ तकनीकी कौशल विकसित करने और सहायक कारोबार शुरू करने के अवसर भी पैदा हो सकते हैं। औद्योगिक गतिविधियों में वृद्धि से परिवहन, लॉजिस्टिक्स, रखरखाव और अन्य सेवाओं की मांग बढ़ने की भी संभावना है।
सोने और आभूषणों के कारोबार के साथ आधुनिक उद्योगों में पहचान की उम्मीद
रतलाम लंबे समय से सोने और आभूषणों के कारोबार के लिए प्रसिद्ध रहा है। अब लिथियम-आयन सेल निर्माण जैसी तकनीक आधारित औद्योगिक परियोजना का प्रस्ताव जिले के औद्योगिक परिदृश्य में नए अवसरों की संभावना प्रस्तुत करता है। यदि परियोजना आगे बढ़ती है और निर्माण इकाई स्थापित होती है, तो रतलाम की पहचान पारंपरिक कारोबार के साथ आधुनिक विनिर्माण क्षेत्र में भी मजबूत हो सकती है। स्मार्ट इंडस्ट्रियल टाउनशिप में प्रस्तावित निवेश से औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को गति मिलने की उम्मीद है।
रतलाम की स्मार्ट इंडस्ट्रियल टाउनशिप में 15 हजार करोड़ रुपए से अधिक के निवेश का उल्लेख
दस्तावेज में रतलाम की स्मार्ट इंडस्ट्रियल टाउनशिप में अब तक 15 हजार करोड़ रुपए से अधिक के निवेश का उल्लेख किया गया है। इसमें विभिन्न कंपनियों की प्रस्तावित या दर्ज औद्योगिक परियोजनाएं शामिल हैं। प्रमुख परियोजनाओं का विवरण इस प्रकार है।
1. Fujiyama Power System Limited
स्मार्ट इंडस्ट्रियल टाउनशिप की सूची में Fujiyama Power System Limited के लिए 24.89 हेक्टेयर भूमि दर्ज है। कंपनी के प्रस्तावित उत्पादों में सोलर पैनल, सोलर पीसीयू/सेल और लिथियम-आयन बैटरी शामिल हैं।
-
भूमि क्षेत्रफल: 24.89 हेक्टेयर
-
दर्ज निवेश: 650 करोड़ रुपए
-
दर्ज रोजगार: 100
2. Zayo Energy Private Limited
Zayo Energy Private Limited के दो भूखंडों का कुल क्षेत्रफल 7.19 हेक्टेयर है। कंपनी पीवी रिबन वायर, पीवी बसबार, सोल्डर बार और कॉपर वायर जैसे उत्पादों के निर्माण से जुड़ी है।
-
कुल भूमि क्षेत्रफल: 7.19 हेक्टेयर
-
दर्ज निवेश: 126.2 करोड़ रुपए
-
दर्ज रोजगार: 300
3. SRF Limited
आवंटन सूची में SRF Limited के लिए 80 हेक्टेयर भूमि दर्ज है। इसकी प्रस्तावित इकाई में उच्च गुणवत्ता वाले फार्मा ग्रेड और विशेष एग्रोकेमिकल उत्पादों का निर्माण होना है।
-
भूमि क्षेत्रफल: 80 हेक्टेयर
-
दर्ज निवेश: 9000 करोड़ रुपए
-
दर्ज रोजगार: 2500
4. RSWM Limited
RSWM Limited के लिए 26.27 हेक्टेयर भूमि दर्ज है। कंपनी की प्रस्तावित गतिविधियों में टेक्सटाइल यार्न और गारमेंटिंग शामिल हैं।
-
भूमि क्षेत्रफल: 26.27 हेक्टेयर
-
दर्ज निवेश: 500 करोड़रुपए
-
दर्ज रोजगार: 2500
5. L.N.J. Green PET Private Limited
L.N.J. Green PET Private Limited के लिए 17.63 हेक्टेयर भूमि, 1325 करोड़ रुपये का निवेश और 510 रोजगार दर्ज हैं। कंपनी की प्रस्तावित इकाई में पुनर्चक्रित पीईटी चिप्स का निर्माण शामिल है।
-
भूमि क्षेत्रफल: 17.63 हेक्टेयर
-
दर्ज निवेश: 1325 करोड़ रुपए
-
दर्ज रोजगार: 510
-
प्रस्तावित उत्पादन: पुनर्चक्रित पीईटी चिप्स
6. Kissa Creation, Ratlam Enterprises और अन्य इकाइयां
दस्तावेज के अनुसार, Kissa Creation, Ratlam Enterprises, Magic Box Packaging Private Limited, Piora India और अन्य इकाइयों के लिए भी भूखंड दर्ज हैं। इन इकाइयों के प्रस्तावित उत्पादों में धातु के कैबिनेट, ट्रांसफॉर्मर और कॉइल, पैकेजिंग सामग्री, प्लाईवुड, फ्लश डोर तथा आरसीसी पाइप शामिल हैं। इन सभी इकाइयों के निवेश, भूमि और रोजगार का अलग-अलग विवरण दस्तावेज में उपलब्ध नहीं कराया गया है।
7. Insolation Green Energy Private Limited
Insolation Green Energy Private Limited को सोलर ग्लास निर्माण परियोजना के लिए 21 हेक्टेयर भूमि आवंटित किए जाने का उल्लेख है। कंपनी करीब 2580 करोड़ रुपये के निवेश से अत्याधुनिक सोलर ग्लास प्लांट स्थापित करेगी। इसकी प्रस्तावित वार्षिक उत्पादन क्षमता 4.38 लाख टन बताई गई है। कंपनी की दूसरी परियोजना के तहत सोलर इन्वर्टर और बैटरी एनर्जी स्टोरेज से संबंधित निर्माण गतिविधियां प्रस्तावित हैं। इसके लिए 12 हेक्टेयर भूमि आवंटित की गई है और इस परियोजना में करीब 1540 करोड़ रुपये का निवेश बताया गया है। दोनों परियोजनाओं से लगभग 4700 लोगों को रोजगार मिलने की उम्मीद है।
सोलर ग्लास परियोजना
-
भूमि क्षेत्रफल: 21 हेक्टेयर
-
प्रस्तावित निवेश: 2580 करोड़ रुपए
-
प्रस्तावित वार्षिक उत्पादन क्षमता: 4.38 लाख टन
सोलर इन्वर्टर एवं बैटरी एनर्जी स्टोरेज परियोजना
-
भूमि क्षेत्रफल: 12 हेक्टेयर
-
बताया गया निवेश: 1540 करोड़ रुपए
दोनों परियोजनाओं से प्रस्तावित रोजगार : लगभग 4700
इलेक्ट्रिक वाहन, बैटरी और सौर ऊर्जा से जुड़े उद्योगों की बढ़ती संभावनाएं
लिथियम-आयन सेल, लिथियम-आयन बैटरी, सोलर पैनल, सोलर ग्लास, सोलर इन्वर्टर और बैटरी एनर्जी स्टोरेज जैसी गतिविधियों से संबंधित परियोजनाओं का विवरण रतलाम की स्मार्ट इंडस्ट्रियल टाउनशिप में विभिन्न प्रकार के आधुनिक विनिर्माण उद्योगों की संभावनाओं को दर्शाता है। Chemvolt Global Private Limited की प्रस्तावित लिथियम-आयन सेल निर्माण इकाई भी इसी औद्योगिक परिदृश्य का हिस्सा है। हालांकि, कंपनी के भूमि आवंटन आवेदन और प्रस्तावित निवेश को परियोजना की स्थापना या उत्पादन शुरू होने की पुष्टि नहीं माना जा सकता।
रतलाम में बढ़ी निवेशकों की रुचि
रतलाम में उद्योग स्थापित करने को लेकर निवेशकों में कॉफी रुचि देखने के मिल रही है। Chemvolt Global Private Limited कंपनी द्वारा स्मार्ट इंडस्ट्रियल टाउनशिप में 23.90 हेक्टेयर जमीन पर लिथियम-आयन सेल निर्माण की इकाई लगाइ जाने की प्रक्रिया जारी है। यह उद्योग स्थापित होन से युवाओं को रोजगार मिलेगा और शहर को नई पहचान मिलेगी।
राजेश राठौड, कार्यकारी संचालक- एमपीआईडीसी





