धन्यवाद रतलाम ! विधायक चेतन्य काश्यप के साथ शहर भर में घूमे नवनिर्वाचित महापौर प्रहलाद पटेल, ज्ञापित किया मतदाताओं का आभार

भाजपा ने गुरुवार को शहर में रैली निकाल कर मतदाताओं के प्रति आभार ज्ञापित किया। इस दौरान विधायक चेतन्य काश्यप ने रतलाम को महानगर बनाने का अपना संकल्प दोहराया।

Jul 21, 2022 - 23:50
Jul 22, 2022 - 00:25
 0
धन्यवाद रतलाम ! विधायक चेतन्य काश्यप के साथ शहर भर में घूमे नवनिर्वाचित महापौर प्रहलाद पटेल, ज्ञापित किया मतदाताओं का आभार
आभार रैली के दौरान मंच पर महापौर प्रहलाद पटेल, विधायक चेतन्य काश्यप सहित अन्य रतलाम के मतदाताओं का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए।

महापौर और पार्षद पद पर पूरा भरोसा जताने पर मतदाताओं का आभार व्यक्त करने भाजपा ने निकाली आभार रैली

एसीएन टाइम्स @ । नगर निगम चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के नवनिर्वाचित महापौर प्रहलाद पटेल और 30 पार्षदों की जीत पर गुरुवार को शहर में भाजपा की आभार रैली निकली। अलकापुरी चौराहे से शुरू हुई रैली शहर के प्रुमख मार्गों से होकर गुजरी। रैली में भाजपा जिलाध्यक्ष राजेंद्रसिंह लुनेरा और विधायक चेतन्य काश्यप सहित पार्टी के पदाधिकारीगण और कार्यकर्ताओं ने खुली जीप में सवार होकर आमजन का आभार जताया।

150

रैली की शुरुआत में अलकापुरी स्थित मंच पर भाजपा के नेता व कार्यकर्ताओं ने नवनिर्वाचित महापौर प्रहलाद पटेल के साथ विधायक चेतन्य काश्यप, पूर्व मंत्री हिम्मत कोठारी, जिलाध्यक्ष राजेंद्रसिंह लुनेरा सहित पदाधिकारियों का स्वागत किया। रैली यहां से आगे बढ़ी तो शहर में विभिन्न स्थानों पर बने छोटे-बडे़ मंच के माध्यम से शहरवासियों द्वारा इनका स्वागत किया गया। इस दौरान पटेल एवं विधायक काश्यप ने शहर की जनता का आभार माना।

500
200

युवाओं के आकर्षण का केंद्र रही युवाओं की टोली

रैली में भाजपा के सभी नवनिर्वाचित पार्षद भी उपस्थित थे। सभी खुले वाहनों में सवार होकर शहरवासियों का आभार व्यक्त करते नजर आए। इस दौरान सभी के चेहरों पर खुशी अलग ही नजर आ रही थी। रैली के आगे डीजे, बैंड, ढोल बज रहे थे। आगे आदिवासी वेशभूषा में नृत्य करते हुए युवाओं की टोली भी चल रही थी, जो कि आर्कषण का केंद्र रही।

विधायक ने पांच साल में रतलाम को महानगर बनाने का दोहराया वचन

रैली के नाहरपुरा पहुंचने पर विधायक काश्यप ने रतलाम शहर की जनता का आभार जताया। काश्यप ने कहा कि रतलाम में महापौर पद पर प्रहलाद पटेल और 30 पार्षदों के साथ पूरा बहुामत दिलाने के लिए रतलाम की जनता का बहुत-बहुत आभार व्यक्त करता हूं। आपने जिस ताकत के साथ भारतीय जनता पार्टी पर भरोसा किया है। मैं आपको विश्वास दिलाता हूं कि अगले पांच साल में हम रतलाम को नगर से महानगर बनाएंगे। रतलाम सबसे बड़ा व्यापारिक और औद्योगिक केंद्र बनेगा। अंत में नवनिर्वाचित महापौर प्रहलाद पटेल ने भी सभी का आभार माना।

ये रहे आभार रैली में शामिल

जिला मीडिया प्रभारी अरुण त्रिपाठी ने बताया रैली में चुनाव संयोजक मनोहर पोरवाल, सह संयोजक जयवंत कोठारी, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य निमिष व्यास, आशा मौर्य, जिला महामंत्री, जिला उपाध्यक्ष दिनेश शर्मा, सुनील सारस्वत, जिला मंत्री सोना शर्मा, शैलेंद्रसिंह सिसौदिया, पूर्व महापौर शैलेंद्र डागा, पूर्व जिलाध्यक्ष कन्हैयालाल मौर्य, बजरंग पुरोहित, मंडल अध्यक्ष निलेश गांधी, मंडल प्रभारी विनोद यादव, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष सहित पार्टी के पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

यह अंदाज भी निराला रहा, क्योंकि यह जीत भी खास रही

रैली के दौरान विजयी रहे कुछ प्रत्याशियों और भाजपा पदाधिकारियों का अंदाज निराला ही रहा।  वार्ड क्रमांक 20 से निर्वाचित हुईं संगीता सोनी के पति एवं दीनदयाल मंडल के अध्यक्ष कृष्णा सोनी परिवार के साथ रैली में पैदल ही चले। इस दौरान उनका उत्साह देखते ही बन रहा था। गौरतलब है कि सोनी का मुकाबला कांग्रेस से न होकर भाजपा की ही बागी पूर्व पार्षद विष्णुकांता पांचाल से था। बता दें कि टिकट वितरण के दौरान जिन नेताओं के परिवार को टिकट देने को लेकर नाराजगी जताई जा रही थी उनमें सोनी भी शामिल हैं लेकिन उन्होंने न सिर्फ अपनी पत्नी को विजयश्री दिलवाई वरन अपने मंडल में भी भाजपा का परचम फहराया दिया।

विधायक काश्यप का स्वागत कर जताया आभार

वार्ड क्रमांक 19 से रिकॉर्ड मतों से जीतीं सविता रोहित चौहान और उनके ससुर राजेंद्र चौहान ने विधायक निवास पहुंच कर विधायक चेतन्य काश्यप का फूल माला से स्वागत किया। नवनिर्वाचित पार्षद कविता चौहान ने विधायक का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी संकल्पना को बढ़ाते हुए वार्ड की जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने का हर स्तर पर प्रयास करेंगी। विधायक ने उन्हें आशीर्वाद देते हुए बतौर विधायक हरसंभव मदद देने के लिए आश्वस्त किया।

Niraj Kumar Shukla 1994 से अब तक पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। इस दौरान सांध्य दैनिक 'रतलाम दर्शन' और हिंदी दैनिक 'साभार दर्शन', 'चेतना', 'नवभारत' और 'दैनिक भास्कर' सहित विभिन्न समाचार-पत्रों और पत्रिकाओं में पूर्णकालिक संवाददाता, उप-संपादक और समाचार संपादक जैसे दायित्वों का निर्वहन किया। हिंदी ब्लॉगर और स्वतंत्र लेखन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहते हुए वर्तमान में समाचार पोर्टल www.acntimes.com के मुख्य संपादक के दायित्व में। वर्ष 2011 से अब तक मप्र सरकार से राज्य स्तरीय अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार। पत्रकारिता में आने से पूर्व और बाद के कुछ वर्षों तक अध्यापन भी किया।