बड़ा हादसा : राजकोट के TRP मॉल के गेमिंग जोन में लगी भीषण आग, 12 बच्चों सहित 26 लोगों की मौत, DNA से होगी मृतकों की पहचान, राष्ट्रपति और पीएम ने जताया दुःख

गुजरात के राजकोट में एक निजी गेमिंग जोन में भीषण आग लगने से 12 बच्चों सहित 26 लोगों की मौत हो गई। घटना को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने दुःख जताया है।

May 25, 2024 - 22:58
May 26, 2024 - 10:30
 0
बड़ा हादसा : राजकोट के TRP मॉल के गेमिंग जोन में लगी भीषण आग, 12 बच्चों सहित 26 लोगों की मौत, DNA से होगी मृतकों की पहचान, राष्ट्रपति और पीएम ने जताया दुःख
गुजरात के राजकोट में स्थित गेमिंग जोन में भीषण आग लग गई। हादसे में 24 लोगों के मारे जाने की खबर है।

एसीएन टाइम्स @ वडोदरा । गुजरात के राजकोट में  स्थित टीआरपी मॉल के गेमिंग जोन में भीषण आग लग गई। हादसे में झुलसने से 26 लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में बच्चों की संख्या ज्यादा बताई जा रही है। मृतकों की पहचान के लिए DNA करवाने का निर्णय लिया। सीएम भूपेंद्र पटेल ने जांच के आदेश दिए हैं। पुलिस ने गेमिंग जोन के मालिक को गिरफ्तार कर लिया है। राष्ट्रपति, पीएम, केंद्रीय गृह मंत्री और प्रदेश के मुख्यमंत्री ने शोक व्यक्त किया है।

जानकारी के अनुसार हादसा शनिवार शाम 4.00 से 4.30 बजे के दरमियान सयाजी होटल के पीछे बने मॉल के गेमिंज जोन में हुआ। बताया जा रहा है कि आग एसी का कंप्रेसर फटने के कारण लगी। जिस वक्त आग लगी उस वक्त गेमिंग जोन में 45 कर्मचारी और कई बच्चे मौजूद थे। अग्निकांड में अब तक 26 लोगों की झुलसने से मृत्यु होने की बात सामने आई है। शव इतनी बुरी तरह झुलस गए हैं उनकी पहचान तक नहीं हो पा रही है। इसलिए शवों का डीएनए कराया जाएगा।

5 किमी दूर तक दिखा धुंए का गुबार

गेमिंग जोन में आग लगने के बाद अफरा-तफरी मच गई। आग और धुएं का गुबार करीब 5 किमी दूर तक नजर आया। इस दौरान दमकल और अन्य आग बुझाने का प्रयास करते रहे। वहीं गेमिंग जोन में फंसे लोगों को बाहर निकालने का कार्य भी जारी रहा। कहा जा रहा है कि गेमज़ोन में अग्नि सुरक्षा प्रणाली चालू नहीं थी। यहां कई अग्नि सुरक्षा उपकरण सही स्थित में नहीं थे।

लापरवाही का केस दर्ज होगा

राजकोट पुलिस कमिश्नर राजू भार्गव ने मीडिया को बताया कि दोपहर में TRP गेमिंग ज़ोन में आग लगी। सूचना मिलते ही बचाव कार्य शुरू कर दिया गया था। आग पर काबू पा लिया गया है।  हम अधिक से अधिक शव निकालने की कोशिश कर रहे हैं। सभी को अस्पताल भेजा गया है। गेमिंग जोन का स्वामित्व युवराज सिंह सोलंकी नामक व्यक्ति के पास है।हत्याकांड को लेकर लापरवाही का केस दर्ज किया जाएगा। बता दें कि, युवराज सिंह सोलंकी, राहुल राठौड़ और प्रकाश जैन गेमिंग जोन के मालिक हैं। इनमें से युवराज सिंह को गिरफ्तार किया जा चुका है।

सीएम ने दिए राहत कार्य के निर्देश

गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने अग्निकांड की जानकारी मिलते ही तत्काल नगर निगम और जिला प्रशासन को बचाव-राहत कार्य के निर्देश दिए। उन्होंने घायलों के इलाज की व्यवस्था करने के लिए भी कहा। वहीं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री नरेंद्र मोदी आदि ने घटना को लेकर दुख जताया है।

Niraj Kumar Shukla 1994 से अब तक पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। इस दौरान सांध्य दैनिक 'रतलाम दर्शन' और हिंदी दैनिक 'साभार दर्शन', 'चेतना', 'नवभारत' और 'दैनिक भास्कर' सहित विभिन्न समाचार-पत्रों और पत्रिकाओं में पूर्णकालिक संवाददाता, उप-संपादक और समाचार संपादक जैसे दायित्वों का निर्वहन किया। हिंदी ब्लॉगर और स्वतंत्र लेखन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहते हुए वर्तमान में समाचार पोर्टल www.acntimes.com के मुख्य संपादक के दायित्व में। वर्ष 2011 से अब तक मप्र सरकार से राज्य स्तरीय अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार। पत्रकारिता में आने से पूर्व और बाद के कुछ वर्षों तक अध्यापन भी किया।