किर्गिस्तान से रतलाम पहुंचे विद्यार्थियों ने कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप से मुलाकात कर केंद्र और प्रदेश सरकार के प्रति जताया आभार

किर्गिस्तान और अरब के लोगों में विवाद होने से किर्गिस्तान में रह रहे रतलाम के युवाओं की परेशानी बढ़ गई थी। वहां से सुरक्षित लौटने पर उन्होंने अभिभावकों के साथ मंत्री चेतन्य काश्यप से मुलाकात की और उनके साथ ही मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री का आभार माना।

May 25, 2024 - 21:26
 0
किर्गिस्तान से रतलाम पहुंचे विद्यार्थियों ने कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप से मुलाकात कर केंद्र और प्रदेश सरकार के प्रति जताया आभार
किर्गिस्तान से सुरक्षित लौटे युवाओं ने कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप से मुलाकात कर केंद्र व राज्य सरकार के प्रति आभार ज्ञापित किया।

प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव से संकट में मिली मदद

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । किर्गिस्तान में हिंसा के बाद देश और प्रदेश सरकार द्वारा भारतीय छात्रों को सुरक्षित तरीके से अपने देश लाने का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में सुरक्षित रतलाम पहुंचे विद्यार्थियों ने सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री चेतन्य काश्यप से मुलाकात की और उनके साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति आभार ज्ञापित किया।

रतलाम पहुंचे फ्रीगंज निवासी पुष्पेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि 17 मई की रात से किर्गिस्तान और अरबी लोगों के बीच विवाद के बाद मामला गर्मा गया। इस घटना से भारत में मौजूद परिजन घबरा गए थे। परिजन द्वारा स्थानीय जनप्रतिनिधि के माध्यम से देश और प्रदेश सरकार से अपने बच्चों की सुरक्षा की मांग की गई थी। रतलाम में उपस्थित अभिभावकों ने मंत्री काश्यप से चर्चा की थी, जिस पर उनके द्वारा बच्चों की सुरक्षा को लेकर आश्वस्त किया गया था।

अभिभावक विजयसिंह चौहान ने बताया कि बच्चों के वहां फंसे होने की चिंता होने पर रतलाम के सभी अभिभावकों द्वारा मंत्री काश्यप से चर्चा की गई। उसके बाद मुख्यमंत्री डॉ. यादव एवं केंद्रीय मंत्री एस. जयशंकर ने संज्ञान लेते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को अवगत कराया और बच्चों की सुरक्षा की व्यवस्था करते हुए उन्हें सुरक्षित तरीके से घर तक पहुंचाने में मदद की। सरकार की सक्रियता से बच्चे सकुशल घर लौट आए हैं, जिसके लिए सभी परिवारजन सरकार को साधुवाद देते हैं।

Niraj Kumar Shukla 1994 से अब तक पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। इस दौरान सांध्य दैनिक 'रतलाम दर्शन' और हिंदी दैनिक 'साभार दर्शन', 'चेतना', 'नवभारत' और 'दैनिक भास्कर' सहित विभिन्न समाचार-पत्रों और पत्रिकाओं में पूर्णकालिक संवाददाता, उप-संपादक और समाचार संपादक जैसे दायित्वों का निर्वहन किया। हिंदी ब्लॉगर और स्वतंत्र लेखन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहते हुए वर्तमान में समाचार पोर्टल www.acntimes.com के मुख्य संपादक के दायित्व में। वर्ष 2011 से अब तक मप्र सरकार से राज्य स्तरीय अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार। पत्रकारिता में आने से पूर्व और बाद के कुछ वर्षों तक अध्यापन भी किया।