भाजपा ने जो भी कहा, वो कर के दिखाया, मप्र में भाजपा पुनः सरकार बनाएगी- कैलाश विजयवर्गीय

भाजपा द्वारा शनिवार को सैलाना और रतलाम ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किए गए। सम्मेलन को राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने संबोधित किया।

Aug 6, 2023 - 00:57
Aug 6, 2023 - 01:19
 0
भाजपा ने जो भी कहा, वो कर के दिखाया, मप्र में भाजपा पुनः सरकार बनाएगी- कैलाश विजयवर्गीय
कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय।

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । देश में भारतीय जनता पार्टी ही ऐसी पार्टी है जो जैसा कहती है, वैसा करती है। जम्मू-कश्मीर में धारा 370 हटाकर इतिहास रचा गया, तो अयोध्या में श्री रामलला के भव्य मंदिर का निर्माण भी शुरू हो चुका है। एक देश दो विधान और दो निशान नहीं चलेंगे।

यह बात भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने रतलाम जिले के सैलाना विधानसभा एवं रतलाम ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में आयोजित सैलाना एवं बांगरोद के कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में विधानसभा का चुनाव दो तिहाई बहुमत से जीत कर भाजपा पुनः सरकार बनाएगी। पहले जम्मू-कश्मीर के जो हालात थे, वे किसी से छिपे नही हैं। आज वहां हर घर पर तिरंगा लहरा रहा है।

राम मंदिर चले जाना सारे पाप धुल जाएंगे 

विजयवर्गीय ने कहा कि रामलला हम आयेंगे, मंदिर वहीं बनायेंगे का नारा जब लगाते थे तो दिग्विजय सिंह कहते थे कि तारीख़ नहीं बतायेंगे। आज अयोध्या में भव्य मंदिर निर्माण हो रहा है और जनवरी में वहां भगवान की प्रतिष्ठा भी हो जाएगी। दिग्विजय सिंह और उनकी नेता सोनिया गांधी राम को काल्पनिक कहते थे। इसलिए उन्हें कहना चाहता हूं जनवरी में आप वहां चले जाना, आपके सारे पाप धुल जायेंगे।

ऐसे कार्य सिर्फ भाजपा कर सकती है 

विजयवर्गीय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार ने कोविड की महामारी पर काबू पाया। प्रत्येक गरीब को पांच किलो अनाज निःशुल्क दिया जा रहा है। देश के सर्वोच्च राष्ट्रपति के पद पर आदिवासी महिला को आसीन किया गया है। यह सभी कार्य भाजपा ही कर सकती है।

सिंचाई का रकबा बढ़ा और बिजली का उत्पादन 

विजयवर्गीय ने कहा कि मध्यप्रदेश में शिवराज सरकार द्वारा कल्याणकारी योजना क्रियान्वित की गई है। प्रदेश में जब भाजपा सरकार बनी थी तो सिंचाई रकबा 7 लाख हजार हेक्टेयर था। आज यह बढ़कर 54 लाख हजार हेक्टेयर हो गया है। कांग्रेस राज मे मात्र 5 हजार मेगावाट बिजली का उत्पादन था और आज 28 हजार मेगावाट हो रहा है। किसानों को सम्मान नीधि में 12 हजार रुपये दिए जा रहे हैं। जो पहले कभी किसी सरकार ने नहीं किया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ जीता चुनाव जीता के मंत्र का अनुसरण करने का आव्हान् किया।

महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने सर्वप्रथम भाजपा के पित्र पुरुषों को माल्यार्पण की तत्पश्चात कन्या पूजन किया। विजयवर्गीय ने अपने उद्बोधन में कांग्रेस और गठबंधन करने वाले विपक्षी दलों पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने केंद्र में गठबंधन करने वाले विपक्षी दलों की तुलना बाढ़ में एक ही जगह पर फंस गए कुत्ते, बिल्ली और चूहे से की है जो बाढ़ के डर से एक ही स्थान पर पनाह ले लेते हैं। कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि मुझे एक हेलीकॉप्टर के पायलट ने बताया कि गुजरात में बाढ़ के दौरान उन्होंने एक ऐसा नजारा देखा जहां एक ही स्थान पर एक दूसरे की जान के दुश्मन कुत्ते, बिल्ली, चूहे, सांप और नेवले बाढ़ से बचने के लिए इकट्ठा हुए थे। इसी तरह विपक्षी दल भी देश में चल रही मोदी नाम की बाढ़ में बह जाने के डर से इकट्ठा हो रहे हैं।

कांग्रेस और जयस कार्यकर्ताओं ने ली भाजपा की सदस्यता 

रतलाम ग्रामीण के रामपुर मोरवनी सिमलावदा खुर्द मलवासा सहित विभिन्न गांवों के सैकड़ों जयस और कांग्रेस के कार्यकर्ताओं भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इसमें मुस्लिम कार्यकर्ताओं सहित सेजावता की 20 महिलाएं भी शामिल थीं। 

कार्यक्रम को जिला प्रभारी प्रदीप पांण्डेय सहित अन्य ने संबोधित किया। इस मौके पर विजयवर्गीय का अभिनंदन भी किया गया। इस दौरान भाजपा के जिला एवं मंडल पदाधिकारी, मोर्चा एवं प्रकोष्ठ पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधियों के साथ बडी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Niraj Kumar Shukla 1994 से अब तक पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। इस दौरान सांध्य दैनिक 'रतलाम दर्शन' और हिंदी दैनिक 'साभार दर्शन', 'चेतना', 'नवभारत' और 'दैनिक भास्कर' सहित विभिन्न समाचार-पत्रों और पत्रिकाओं में पूर्णकालिक संवाददाता, उप-संपादक और समाचार संपादक जैसे दायित्वों का निर्वहन किया। हिंदी ब्लॉगर और स्वतंत्र लेखन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहते हुए वर्तमान में समाचार पोर्टल www.acntimes.com के मुख्य संपादक के दायित्व में। वर्ष 2011 से अब तक मप्र सरकार से राज्य स्तरीय अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार। पत्रकारिता में आने से पूर्व और बाद के कुछ वर्षों तक अध्यापन भी किया।