अस्पताल में भर्ती मरीजों को आवश्यक रूप से देखें विशेषज्ञ, हार्ट की चिकित्सा यूनिट के लिए प्रोजेक्ट बनाकर भेजें - कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप

कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप ने रतलाम के शासकीय मेडिकल कॉलेज के अस्पताल में भर्ती होने वाले मरीजों के उपचार में कोई कसर नहीं छोड़ने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने हार्ट की चिकित्सा यूनिट के लिए नया प्रोजेक्ट बनाने के निर्देश भी दिए। साथ ही जिला अस्पताल के लिए एंबुलेंस देने की घोषणा की।

Jun 9, 2024 - 00:16
 0
अस्पताल में भर्ती मरीजों को आवश्यक रूप से देखें विशेषज्ञ, हार्ट की चिकित्सा यूनिट के लिए प्रोजेक्ट बनाकर भेजें - कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप
शासकीय मेडिकल कॉलेज में समीक्षा बैठक को संबोधित करते कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप।

रतलाम मेडिकल कॉलेज में हुई समीक्षा बैठक

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । मेडिकल कॉलेज के अस्पताल में भर्ती होने वाले प्रत्येक मरीज को विशेषज्ञ चिकित्सक आवश्यक रूप से देखें और उसके बेहतर उपचार के लिए कोई कसर नहीं छोड़ें, जिससे लोगों के मन में यहां के प्रति विश्वसनीयता कायम रहे। संस्था ने कोविड में जो नाम कमाया उसको ऊंचाई पर ले जाने के लिए सभी का योगदान चाहिए।

यह बात सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री चेतन्य काश्यप ने रतलाम मेडिकल कॉलेज में आयोजित समीक्षा बैठक में कही। बैठक में मुख्य रूप से डीन डॉ. अनीता मूथा, समाजसेवी गोविंद काकानी सहित मेडिकल कॉलेज के विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, चिकित्सक आदि उपस्थित रहे।
मंत्री काश्यप ने मेडिकल कॉलेज के अस्पताल में हार्ट की चिकित्सा यूनिट के लिए प्रोजेक्ट बनाकर भेजने के निर्देश दिए।

ब्लड के लिए बनाएं तालमेल, नए प्रोजेक्ट में भविष्य की जरूरत ध्यान रखें

मंत्री काश्यप ने कहा कि आयुष्मान योजना का अधिकतम उपयोग किया जाए, जिससे कि संस्था को राशि प्राप्त हो सके तथा ब्लड बैंक के संबंध में उन्होंने निर्देशित किया कि मेडिकल कॉलेज, जिला अस्पताल एवं मानव सेवा समिति का आपस में तालमेल बनाएं, जिससे कि किसी भी मरीज को ब्लड के लिए परेशान नहीं होना पड़े। अस्पताल के जो भी नवीन प्रोजेक्ट बनाए जाएं, उसमें भविष्य की आवश्यकताओं का ध्यान रखा जाए।

विधायक निधि से जिला अस्पताल को मिलेगी एंबुलेंस

बैठक के दौरान मेडिकल कॉलेज तक मरीजों को पहुंचाने में संसाधनों की कमी की चर्चा के दौरान मंत्री काश्यप ने विधायक निधि से जिला अस्पताल को एंबुलेंस देने की बात कही। बैठक में मेडिकल कॉलेज अस्पताल में रेडियोलॉजी की फेकल्टी, पिडियाट्रिक सर्जरी के बाद बच्चों को रखने के लिए पैलेटिव डिपार्टमेंट से जुड़ी परेशानियों से अस्पताल प्रबंधन ने मंत्री काश्यप को अवगत कराया और व्यवस्था के संबंध में मांग रखी। इस पर मंत्री काश्यप ने उचित कार्रवाई किए जाने के लिए आश्वस्त किया।

Niraj Kumar Shukla 1994 से अब तक पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। इस दौरान सांध्य दैनिक 'रतलाम दर्शन' और हिंदी दैनिक 'साभार दर्शन', 'चेतना', 'नवभारत' और 'दैनिक भास्कर' सहित विभिन्न समाचार-पत्रों और पत्रिकाओं में पूर्णकालिक संवाददाता, उप-संपादक और समाचार संपादक जैसे दायित्वों का निर्वहन किया। हिंदी ब्लॉगर और स्वतंत्र लेखन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहते हुए वर्तमान में समाचार पोर्टल www.acntimes.com के मुख्य संपादक के दायित्व में। वर्ष 2011 से अब तक मप्र सरकार से राज्य स्तरीय अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार। पत्रकारिता में आने से पूर्व और बाद के कुछ वर्षों तक अध्यापन भी किया।