मेडिकल कॉलेज में इलाज की सुविधाओं पर मंत्री का फोकस, कैथ लैब से जन औषधि केंद्र तक व्यवस्थाएं सुधारने के निर्देश

रतलाम मेडिकल कॉलेज में कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप ने स्वास्थ्य सुविधाओं की समीक्षा की। जन औषधि केंद्र, सिटी स्कैन, एमआरआई और पीपीपी मोड पर कैथ लैब शुरू करने के निर्देश दिए।

मेडिकल कॉलेज में इलाज की सुविधाओं पर मंत्री का फोकस, कैथ लैब से जन औषधि केंद्र तक व्यवस्थाएं सुधारने के निर्देश
डॉ. लक्ष्मीनारायण पांडेय शासकीय मेडिकल कॉलेज की डीन डॉ. अनीता मूथा से जानकारी हेते मंत्री चेतन्य काश्यप।

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । डॉ. लक्ष्मीनारायण पांडेय शासकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में मरीजों को बेहतर और किफायती उपचार उपलब्ध कराने को लेकर कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप संजीदा हैं। उन्होंने व्यवस्थाओं की समीक्षा कर जन औषधि केंद्र व पीपीपी मोड पर कैथ लैब शुरू करने की प्रक्रिया तेज करने तथा सिटी स्कैन जांच के लिए रेडियोलॉजिस्ट की वैकल्पिक व्यवस्था करने के निर्देश दिए।

समीक्षा बैठक के दौरान डीन डॉ. अनीता मूथा ने कॉलेज और अस्पताल के संचालन, उपलब्ध सुविधाओं तथा प्रस्तावित विस्तार कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि चालू शैक्षणिक सत्र में एमबीबीएस की 20 सीटें बढ़ाई गई हैं। इसके साथ ही प्रवेश क्षमता 180 से बढ़कर 200 हो गई है। अस्पताल में एमआरआई जांच सुविधा शुरू करने के लिए शासन से स्वीकृति प्राप्त करने की प्रक्रिया जारी है।

डीन ने बताया कि सिटी स्कैन जांच की सुविधा शुरू करने की दिशा में रेडियोलॉजिस्ट की उपलब्धता बाधा बनी हुई है। इसके लिए निजी रेडियोलॉजिस्ट की सेवाएं लेने की अनुमति आवश्यक है। इस पर मंत्री काश्यप ने शासन से शीघ्र पत्राचार कर अनुमति प्राप्त करने का आश्वासन दिया, ताकि मरीजों को जांच रिपोर्ट के लिए परेशानी न उठानी पड़े। बैठक के दौरान सिटी स्कैन जांच की रिपोर्टिंग के लिए रेडियोलॉजिस्ट की उपलब्धता नहीं होने की समस्या के समाधान के लिए निजी रेडियोलॉजिस्ट की सेवाएं लेने की अनुमति हेतु शासन स्तर पर तत्काल पत्राचार करने का निर्णय लिया गया।

ये भी पढ़ें

नर्सिंग कॉलेज भवन तैयार, ऑक्सीजन प्लांट के रखरखाव पर भी चर्चा

डीन डॉ. मूथा ने बताया कि नर्सिंग कॉलेज का भवन तैयार हो चुका है। उन्होंने आयुष्मान भारत योजना के तहत अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं और कॉलेज परिसर में लोकार्पित होने वाली विभिन्न यूनिटों की जानकारी भी दी। मंत्री काश्यप ने कोरोना काल में अपने फाउंडेशन के माध्यम से उपलब्ध कराए गए ऑक्सीजन प्लांट के उचित रखरखाव और संचालन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

ये भी पढ़ें

पीपीपी मोड पर शुरू होगी कैथ लैब

बैठक में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की घोषणा के अनुरूप मेडिकल कॉलेज में पीपीपी (पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप) मोड पर कैथ लैब (कार्डियक यूनिट) शुरू करने की दिशा में भी चर्चा हुई। मंत्री काश्यप ने इसके लिए जल्द निविदा प्रक्रिया प्रारंभ करने के निर्देश दिए। कैथ लैब शुरू होने से हृदय रोगों की जांच और उपचार संबंधी सुविधाओं के विस्तार का रास्ता खुलेगा।

ये भी पढ़ें

दवाओं की आपूर्ति के दिए निर्देश

मंत्री काश्यप ने अस्पताल में मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही दवाओं की स्थिति की भी जानकारी ली और दवा वितरण व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए आवश्यक प्रबंध करने के निर्देश दिए। उन्होंने मरीजों को रियायती दरों पर दवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रेडक्रॉस के माध्यम से कॉलेज परिसर में जन औषधि केंद्र शीघ्र शुरू करने के निर्देश भी दिए। बैठक में महापौर प्रहलाद पटेल, रोगी कल्याण समिति के सदस्य एवं आरडीए अध्यक्ष मनोहर पोरवाल, उपाध्यक्ष गोविंद काकानी तथा एल्डरमैन हेमंत राहोरी उपस्थित रहे।

ये भी पढ़ें